MP कैबिनेट का बड़ा फैसला: 5 हजार किसानों को मिलेगी राहत, 'कवच योजना' को मंजूरी; 32,070 करोड़ रुपये के प्रस्तावों पर भी मुहर

MP कैबिनेट का बड़ा फैसला: 5 हजार किसानों को मिलेगी राहत, 'कवच योजना' को मंजूरी; 32,070 करोड़ रुपये के प्रस्तावों पर भी मुहर

मध्य प्रदेश कैबिनेट ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में सहकारिता विभाग की 'कवच योजना' को मंजूरी दी है. इस फैसले से सहकारी ऋण खातों में गड़बड़ियों के कारण सरकारी योजनाओं से वंचित करीब 5 हजार किसानों को राहत मिलेगी. साथ ही कैबिनेट ने 32,070 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास योजनाओं को भी स्वीकृति दी.

Advertisement
MP कैबिनेट का बड़ा फैसला: 5 हजार किसानों को मिलेगी राहत, 'कवच योजना' को मंजूरी; 32,070 करोड़ रुपये के प्रस्तावों पर भी मुहर

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में मंगलवार को मंत्रालय में मंत्रि-परिषद की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई. बैठक में किसान कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सहकारिता विभाग की "कवच योजना" को मंजूरी दी गई.इस फैसले से प्रदेश के लगभग 5 हजार ऐसे किसानों को बड़ी राहत मिलेगी, जो सहकारी ऋण खातों में गड़बड़ियों और लंबित जांच के कारण सरकारी योजनाओं का लाभ लेने से वंचित थे.

5 हजार किसानों को मिलेगा नया ऋण और योजनाओं का लाभ

कैबिनेट के निर्णय के अनुसार सहकारी समितियों के उन किसानों को फिर से मुख्यधारा में लाया जाएगा, जिनके ऋण खातों में अनियमितताओं के कारण उनका रिकॉर्ड प्रभावित हुआ है. लंबे समय से जांच पूरी नहीं होने के कारण ये किसान फसल ऋण, ब्याज अनुदान और अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं ले पा रहे थे.

अब "कवच योजना" के माध्यम से ऐसे किसानों को राहत प्रदान करते हुए उन्हें नया ऋण उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि वे दोबारा कृषि गतिविधियों को सुचारु रूप से संचालित कर सकें.

75 करोड़ रुपये का वित्तीय प्रावधान

प्रभावित किसानों को राहत देने के लिए सरकार ने विशेष वित्तीय व्यवस्था भी की है.

  •  अपैक्स बैंक और जिला सहकारी बैंक अपने स्तर पर 50 करोड़ रुपये तक की निधि का निर्माण करेंगे.
  •  राज्य सरकार किसान हित में 25 करोड़ रुपये की एकमुश्त अंशपूंजी सहायता उपलब्ध कराएगी.
  • इस प्रकार योजना के लिए कुल 75 करोड़ रुपये की वित्तीय व्यवस्था की जाएगी, जिससे पात्र किसानों को राहत मिल सकेगी।

32,070 करोड़ रुपये के विकास प्रस्तावों को मंजूरी

कैबिनेट बैठक में केवल किसानों से जुड़े फैसले ही नहीं, बल्कि प्रदेश के समग्र विकास को गति देने वाले 32,070 करोड़ रुपये के विभिन्न प्रस्तावों और योजनाओं को भी स्वीकृति दी गई.

इन फैसलों का उद्देश्य प्रदेश में विकास कार्यों को तेज करना और विभिन्न क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत बनाना है.

इन क्षेत्रों पर रहेगा विशेष फोकस

कैबिनेट द्वारा स्वीकृत योजनाओं का मुख्य फोकस निम्न क्षेत्रों पर रहेगा—

  •  सहकारिता से जुड़े लगभग 5 हजार किसानों को राहत
  • स्वास्थ्य सेवाओं का सुदृढ़ीकरण
  • खेल अधोसंरचना का विस्तार
  • डिजिटल गवर्नेंस को मजबूत करना
  • शैक्षणिक संवर्ग के हितों का संरक्षण एवं संवर्धन

किसानों के लिए महत्वपूर्ण फैसला

सरकार का मानना है कि "कवच योजना" से उन किसानों को सबसे अधिक लाभ मिलेगा जो तकनीकी या प्रशासनिक कारणों से वर्षों से सरकारी योजनाओं और ऋण सुविधाओं से वंचित थे. योजना लागू होने के बाद ऐसे किसानों को दोबारा सहकारी ऋण प्रणाली से जोड़ा जा सकेगा और वे सरकारी कृषि योजनाओं का लाभ भी प्राप्त कर सकेंगे.

राज्य सरकार के अनुसार यह निर्णय किसान कल्याण, सहकारिता व्यवस्था को मजबूत करने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को गति देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.

 

POST A COMMENT