केंद्रीय कृषि मंत्री ने पीएम मोदी के 25 साल के कार्यकाल पर दी बधाई (फाइल फोटो)केंद्रीय कृषि और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सरकार के मुखिया के तौर पर 25 साल पूरे होने पर उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दी हैं. शिवराज सिंह चौहान ने एक वीडियो संदेश जारी कर कहा कि 7 अक्टूबर 2001 को नरेंद्र मोदी के गुजरात के मुख्यमंत्री बनने के साथ राष्ट्रीय पुनर्निर्माण के एक बड़े दौर की शुरुआत हुई थी. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने इन 25 वर्षों में बिना थके और बिना रुके देश की जनता की सेवा की है.
शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि 7 अक्टूबर 2001 को नरेंद्र मोदी के गुजरात के मुख्यमंत्री बनने का सफर केवल मुख्यमंत्री पद की शुरुआत नहीं था, बल्कि राष्ट्रीय पुनर्निर्माण के महायज्ञ का शुभारंभ था. उन्होंने कहा कि भूकंप से तबाह गुजरात के पुनर्निर्माण से लेकर अनेक चुनौतियों को अवसरों में बदलने तक नरेंद्र मोदी लगातार काम करते रहे हैं. उनके मुताबिक, प्रधानमंत्री मोदी विकसित भारत के निर्माण के लिए दिन-रात जुटे हुए हैं.
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि नरेंद्र मोदी परिश्रम की पराकाष्ठा और प्रयत्नों की परिसीमा तक काम करते हैं. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के विचार देश के विकास और जनता के कल्याण के अलग-अलग आयामों को छूते हैं. शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि नरेंद्र मोदी के साथ चर्चा के दौरान उनके विचारों और सोच की व्यापकता देखकर कई बार आश्चर्य होता है. उनके सुझाव, निर्देश और काम करने का तरीका प्रेरणा देता है.
शिवराज सिंह चौहान ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्य करने के तरीके को समझाने के लिए भगवद्गीता के एक श्लोक का भी उल्लेख किया. उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण ने अर्जुन को सात्विक कार्यकर्ता की विशेषताएं बताते हुए कहा था, "मुक्तसङ्गोऽनहंवादी धृत्युत्साहसमन्वितः. सिद्ध्यसिद्ध्योर्निर्विकारः कर्ता सात्त्विक उच्यते". उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी राग-द्वेष से मुक्त होकर, धैर्य और उत्साह के साथ काम करने वाले व्यक्ति हैं.
केंद्रीय मंत्री ने कोविड महामारी के दौरान उठाए गए कदमों के साथ एयर स्ट्राइक, सर्जिकल स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि इन फैसलों में हड़बड़ाहट या जल्दबाजी के बजाय सुविचारित फैसले और निर्णायक कदम दिखाई दिए. शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि नरेंद्र मोदी उत्साह के सागर हैं और लगातार काम करते हैं.
शिवराज सिंह चौहान ने स्वामी विवेकानंद के विचारों का जिक्र करते हुए कहा कि भारत माता एक बार फिर अंगड़ाई लेकर खड़ी हो रही है और विश्व गुरु के पद पर अधिष्ठित हो रही है. उन्होंने कहा कि एक नरेंद्र स्वामी विवेकानंद ने इसकी कल्पना की थी और दूसरे नरेंद्र, नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में यह पूरा हो रहा है. केंद्रीय मंत्री ने प्रधानमंत्री मोदी के 25 साल पूरे होने पर उन्हें बधाई देते हुए उनके स्वस्थ और लगातार देश का नेतृत्व करते रहने की कामना की.
बता दें कि शिवराज सिंह चौहान ने इसी साल मई में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ अपने लंबे जुड़ाव और अनुभवों पर आधारित किताब 'अपनापन: नरेंद्र मोदी संग मेरे अनुभव' भी लॉन्च की थी. किताब में उन्होंने नरेंद्र मोदी के साथ अपने राजनीतिक और व्यक्तिगत अनुभवों को साझा किया है. इसके लॉन्च कार्यक्रम में पूर्व उपराष्ट्रपति और पूर्व प्रधानमंत्री समेत कई नेताओं ने किताब की सराहना की थी.
Copyright©2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today