नोएडा में किसानों का विरोध प्रदर्शनउत्तर प्रदेश के नोएडा सेक्टर 16 स्थित बिजली विभाग के दफ्तर में सोमवार को सैंकड़ों की संख्या में किसान और स्थानीय लोगों ने धरना प्रदर्शन किया. भारतीय किसान परिषद के नेतृत्व में यह विरोध प्रदर्शन डूब क्षेत्र में बिजली कनेक्शन की समस्या को लेकर किया गया. किसानों ने आरोप लगाया कि डूब क्षेत्र में रहने वाले लोगों और उनके खेत में बिजली से सिंचाई के लिए सरकार कोई बंदोबस्त नहीं कर रही है. इस वजह से किसानों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. अपनी मांगों को मनवाने के लिए किसानों ने बिजली दफ्तर पर विरोध प्रदर्शन किया.
प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना है डूब क्षेत्र में रहने वाले लाखों परिवार वर्षों से बिजली और पानी की मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशान हैं. लेकिन बिजली विभाग की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है. पहले भी धरना प्रदर्शन किया गया लेकिन फिर भी बिजली कनेक्शन नहीं लगे. इसके बाद सोमवार को फिर किसानों के नेतृत्व में विरोध प्रदर्शन किया गया.
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि डूब क्षेत्र में बिजली कनेक्शन नहीं होने से पानी की सप्लाई भी बाधित रहती है, जिससे करीब दो लाख कामगार लोग प्रभावित हो रहे हैं. इसलिए किसान यूनियन और स्थानीय निवासी सोमवार को सेक्टर 16 बिजली घर का घेराव करने पहुंचे.
भारतीय किसान परिषद के अध्यक्ष सुखबीर खलीफा ने मीडिया से बातचीत में कहा कि डूब क्षेत्र में 2 लाख कामगार मजदूर रहते हैं, उनको मूलभूत सुविधाएं नहीं मिली हुई हैं. उन तक कम से कम पानी पहुंचाया जाए. जब तक बिजली नहीं जाएगा, पानी कैसे पहुंचेगा? पिछली बार हम लोगों ने एक दिन का धरना दिया था तब चीफ इंजीनियर ने कहा था कि आपको बिजली मिलना चाहिए. एक महीने बीत जाने के बाद भी कोई एक्शन नहीं लिया गया, इसलिए आज हम यहां बैठे हैं.
किसान परिषद के नेताओं ने कहा कि उनकी मांगें नहीं मानी जाती हैं तो आगे भी आंदोलन करेंगे. किसान नेताओं ने कहा कि जरूरत पड़ेगी तो दिल्ली का भी रास्ता देखा है. लखनऊ का भी रास्ता देखा है. जब तक मांग पूरी नहीं होती, अनिश्चितकालीन धरना बिजली विभाग के दफ्तर पर देते रहेंगे.
किसानों का कहना है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन और तेज किया जाएगा. विरोध प्रदर्शन को देखते हुए बिजली विभाग और पुलिस के अधिकारियों ने किसानों को समझाने की कोशिश की, लेकिन कोई रास्ता नहीं निकल पाया.(भूपेंद्र चौधरी का इनपुट)
Copyright©2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today