US ट्रेड डील की दुनिया कर रही तारीफ, किसानों के साथ कांग्रेस ने किया विश्वासघात: पीएम मोदी

US ट्रेड डील की दुनिया कर रही तारीफ, किसानों के साथ कांग्रेस ने किया विश्वासघात: पीएम मोदी

राज्यसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण के धन्यवाद प्रस्ताव पर बोलते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमेरिका-भारत ट्रेड डील का जिक्र किया और कहा कि दुनिया भारत के साथ व्यापार के लिए उत्सुक है. पीएम मोदी ने किसानों और युवाओं को केंद्र में रखते हुए कांग्रेस पर विश्वासघात का आरोप लगाया और कहा कि पीएम किसान सम्मान निधि के जरिए छोटे किसानों के खातों में 4 लाख करोड़ रुपये सीधे ट्रांसफर किए गए हैं.

Advertisement
US ट्रेड डील की दुनिया कर रही तारीफ, किसानों के साथ कांग्रेस ने किया विश्वासघात: पीएम मोदीराज्यसभा में पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राज्यसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण के धन्यवाद प्रस्ताव पर भाषण दिया. इस दौरान उन्होंने अमेरिका-भारत ट्रेड डील पर भी अपनी बात रखी. उन्होंने कहा, बड़े-बड़े देश भारत के साथ व्यापारिक संबंध बनाने के लिए बहुत ही आतुर हैं. यूरोपिय संघ का ट्रेड डील हो, अभी अभी अमेरिका के साथ हुआ ट्रेड डील हो, पूरा विश्व खुलकर इस ट्रेड डील की तारीफ कर रहा है. किसानों की बात करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, कांग्रेस ने विश्वासघात करने के विषय में भी हमारे देश के अन्नदाता को भी नहीं छोड़ा.

राज्यसभा में पीएम मोदी ने कहा, इस देश में 10 करोड़ किसान ऐसे हैं, जिनके पास 2 हेक्टेयर से भी कम जमीन है. छोटे किसानों की तरफ कभी देखा नहीं गया. लेकिन हमारे दिल में छोटे किसानों के प्रति एक दर्द था, जमीनी हकीकतों से परिचित थे और उसी के कारण हम पीएम किसान सम्मान निधि योजना लेकर के आए. और अब इतने कम समय में हमारे छोटे किसानों के खाते में 4 लाख करोड़ रुपये हमने दिया है.

'पूरा देश दिखा रहा है सामर्थ्य'

प्रधानमंत्री ने कहा, आज मेरा देश पूरा सामर्थ्य दिखा रहा है. यह तब होता है जब आपके पास आर्थिक सामर्थ्य हो, आपके नागरिकों में देश के प्रति ऊर्जा हो, और खासकर मैन्युफैक्चरिंग के लिए एक मजबूत इको-सिस्टम हो, तभी विश्व आपके साथ डील करने के लिए आगे आता है. वोटबैंक की राजनीति में डूबे हुए लोगों ने कभी भी देश के ऐसे अनेक पहलुओं को मजबूती देना प्राथमिकता नहीं समझा. जहां तक कांग्रेस पार्टी का सवाल है, मैं साफ-साफ कहना चाहता हूं कि न तो उनके पास कोई सोच थी, न कोई विजन और न ही कोई इच्छाशक्ति थी.

प्रधानमंत्री ने कहा कि आज पूरा विश्व ग्लोबल साउथ की चर्चा करता है और भारत ग्लोबल साउथ की बुलंद आवाज बन गया है. आज हमारे युवाओं के लिए पूरा विश्व बाजर खुल चुका है, अब उनके लिए अवसर ही अवसर हैं. देश आजाद हुआ तब हम दुनिया में छह नंबर की इकोनॉमी थे. लेकिन इन लोगों ने ऐसा हाल करके रखा कि 11 नंबर पर पहुंचा दिया. आज हम 3 नंबर पर जाने की दिशा में तेज गति से अग्रसर हैं. आज हर क्षेत्र में भारत, आत्मविश्वास से भरा हुआ भारत है. आज मेजर इकोनॉमी में भारत की ग्रोथ बहुत हाई है. हाई ग्रोथ और लो इंफ्लेशन, ये एक यूनिक संयोग है. 
ये हमारी अर्थव्यवस्था की मजबूती को प्रदर्शित करता है.

कई देशों का भरोसेमंद पार्टनर है भारत

राज्यसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव का जवाब देते हुए पीएम मोदी ने कहा कि भारत आज कई देशों का भरोसेमंद पार्टनर है और देश दुनिया की भलाई के लिए अपनी भूमिका निभा रहा है. उन्होंने कहा, "भारत कई देशों के साथ भविष्य के लिए तैयार ट्रेड डील कर रहा है. पिछले कुछ दिनों में, हमने दुनिया के नौ बड़े और महत्वपूर्ण देशों के साथ ट्रेड डील की हैं. 27 देशों के साथ, जिसमें यूरोपियन यूनियन भी शामिल है, सबसे बड़ी डील उनमें से एक है."

उन्होंने आगे कहा, "हाल ही में साइन की गई ट्रेड डील से हमारे युवाओं को बहुत फायदा होगा. इसमें ग्रामीण और शहरी दोनों इलाकों के युवा, साथ ही मिडिल क्लास बैकग्राउंड के लोग - हमारे बेटे और बेटियां शामिल हैं. अब जब दुनिया का बाजार उनके लिए खुल गया है, तो नए मौके उनका इंतजार कर रहे हैं. मैं अपने युवाओं को भरोसा दिलाना चाहता हूं कि मैं आपके साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा हूं, और दुनिया आपकी प्रतिभा और महत्वाकांक्षाओं का स्वागत करने के लिए तैयार है."

POST A COMMENT