मंडी दौरे पर पहुंचे भूपेंद्र सिंह हुड्डाहरियाणा में जारी सरकारी गेहूं खरीद के बीच मंडियों की व्यवस्था और नियमों को लेकर सियासत तेज है. पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने राज्य सरकार पर किसानों को परेशान करने और न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) से बचने का आरोप लगाया है. सीनियर कांग्रेस लीडर ने सोमवार को गुरुग्राम जिले की सोहना अनाज मंडी के दौरे पर किसानों, आढ़तियों और मजदूरों से बातचीत की. उन्होंने कहा कि प्रदेश की कई मंडियों में किसान और उनकी फसल लगातार परेशानी झेल रहे हैं. ऑनलाइन पोर्टल के सही तरीके से काम न करने के कारण गेट पास बनाना, बोली लगाना, खरीद प्रक्रिया और भुगतान जैसे जरूरी काम प्रभावित हो रहे हैं.
पूर्व सीएम हुड्डा ने आरोप लगाया कि किसानों को जानबूझकर जटिल प्रक्रियाओं में उलझाया जा रहा है. इससे सरकार फसल खरीद से बच सकती है और MSP देने की जिम्मेदारी से भी किनारा कर सकती है. उन्होंने कहा कि उन्होंने समपला, नारायणगढ़, सढ़ौरा, अंबाला, कुरुक्षेत्र और करनाल की मंडियों का भी दौरा किया है, जहां हालात लगभग एक जैसे हैं.
सोहना मंडी में आढ़तियों ने भी अव्यवस्था को लेकर नाराजगी जताई. उन्होंने कहा कि गोदामों में बोरियों (बारदाना) तक की कमी है, जिससे खरीद और उठान की प्रक्रिया प्रभावित हो रही है. इससे किसानों को अपनी उपज बेचने में देरी और आर्थिक नुकसान झेलना पड़ रहा है.
हुड्डा ने कांग्रेस के विधायकों और वरिष्ठ नेताओं को निर्देश दिया कि वे रोजाना मंडियों का दौरा करें और अधिकारियों को जमीनी हकीकत से अवगत कराएं. उन्होंने कहा कि अगर कहीं लापरवाही मिलती है तो उसका विरोध दर्ज कराया जाए और जरूरत पड़ने पर धरना-प्रदर्शन भी किया जाए.
इस दौरान कांग्रेस के जिला ग्रामीण अध्यक्ष वर्धन यादव ने भी सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार अपने हितों के लिए नियमों की अनदेखी कर रही है और मौजूदा कृषि व्यवस्था को कमजोर करने का काम कर रही है. मंडियों में खरीद नाममात्र की रह गई है और जो खरीद हो भी रही है, उसमें भी किसानों को नई शर्तों के जरिए परेशान किया जा रहा है. बता दें कि हाल ही में मंडियों के नियमों और खरीद व्यवस्था को लेकर किसानों ने विरोध-प्रदर्शन किया था. बीकेयू (टिकैत) के बैनर तले किसानों ने कई जगहों पर सकड़ जाम कर विरोध जताया था. (पीटीआई)
Copyright©2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today