किसानों का जल सत्याग्रहउत्तर प्रदेश में किसानों की अलग-अलग समस्याओं को लेकर गुरुवार को भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) ने प्रयागराज के त्रिवेणी संगम से जल सत्याग्रह की शुरुआत की. युवा प्रदेश अध्यक्ष अनुज सिंह के नेतृत्व में बड़ी संख्या में किसान संगम के पवित्र जल में बैठकर विरोध प्रदर्शन करते नजर आए. इस प्रदर्शन में महिला किसान भी शामिल हुईं. किसानों ने हाथों में संगठन के झंडे और बैनर लेकर अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी की और सरकार से जल्द समाधान की मांग की.
जल सत्याग्रह के दौरान अनुज सिंह ने कहा कि प्रदेश के किसान लंबे समय से कई गंभीर समस्याओं का सामना कर रहे हैं, लेकिन उनकी शिकायतों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो रही है. उन्होंने आरोप लगाया कि किसानों की जमीनों पर अवैध कब्जे किए जा रहे हैं और भूमि अधिग्रहण से प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा नहीं मिल रहा है. इसके अलावा किसानों को समय पर खाद उपलब्ध नहीं हो रही, जबकि बिजली और पेयजल जैसी बुनियादी समस्याएं भी लगातार बनी हुई हैं. उन्होंने कहा कि किसानों को अपनी मांगों को सरकार तक पहुंचाने के लिए मजबूर होकर जल सत्याग्रह का रास्ता अपनाना पड़ा. उनका कहना था कि जब तक किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं होगा, तब तक आंदोलन जारी रहेगा.
अनुज सिंह ने यह भी आरोप लगाया कि किसानों के खिलाफ फर्जी मुकदमे दर्ज किए जा रहे हैं, जबकि किसानों का उत्पीड़न करने वाले अधिकारियों और पुलिसकर्मियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की जाती. उन्होंने कहा कि कुछ राजस्व अधिकारियों की मिलीभगत से जमीनों से जुड़े अवैध कारोबार हो रहे हैं, जिसके कारण किसानों की जमीनों की नाप-जोख और अन्य राजस्व संबंधी कार्य समय पर नहीं हो पा रहे हैं. इससे किसानों को न्याय पाने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है.
भारतीय किसान यूनियन ने सरकार से मांग की कि किसानों की जमीनों पर अवैध कब्जे तुरंत हटाए जाएं, भूमि अधिग्रहण के मामलों में उचित मुआवजा दिया जाए, खाद की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए और बिजली और पेयजल की समस्याओं का जल्द समाधान किया जाए. साथ ही किसानों पर दर्ज कथित फर्जी मुकदमों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए. किसान नेताओं का कहना है कि यदि सरकार ने जल्द उनकी मांगों पर सकारात्मक कदम नहीं उठाए, तो आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा. फिलहाल प्रयागराज में शुरू हुआ यह जल सत्याग्रह किसानों की नाराजगी का बड़ा संकेत माना जा रहा है और आने वाले दिनों में इसके और तेज होने की संभावना जताई जा रही है. (पंकज श्रीवास्तव की रिपोर्ट)
Copyright©2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today