रिश्‍वतखोरी के खिलाफ एक्‍शन में शिवराज, कृषि विभाग के 2 और अफसरों को किया सस्‍पेंड

रिश्‍वतखोरी के खिलाफ एक्‍शन में शिवराज, कृषि विभाग के 2 और अफसरों को किया सस्‍पेंड

केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रिश्वतखोरी की शिकायत पर कृषि विभाग के दो और अधिकारियों को निलंबित किया है. विपणन अधिकारी नीरज वर्मा और संदीप दीदावत पर वेयरहाउस संचालकों से सब्सिडी जारी करने के बदले 50 हजार और 60 हजार रुपये मांगने की शिकायत थी.

Advertisement
रिश्‍वतखोरी के खिलाफ एक्‍शन में शिवराज, कृषि विभाग के 2 और अफसरों को किया सस्‍पेंडकेंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान (फाइल फोटो)

केंद्रीय कृषि और किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रिश्वतखोरी की शिकायत पर कृषि विभाग के दो और अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की है. वेयरहाउस संचालकों से सब्सिडी की राशि जारी करने के बदले रिश्वत मांगने की शिकायत मिलने के बाद मार्केटिंग ऑफि‍सर नीरज वर्मा और संदीप दीदावत को तत्काल प्रभाव से सस्‍पेंड कर दिया गया है. दो दिन में यह दूसरी बार है, जब केंद्रीय कृषि विभाग ने रिश्वतखोरी के मामले में अपने अधिकारियों पर कार्रवाई की है.

सब्सिडी जारी करने के बदले मांगे पैसे

भोपाल में पदस्थ मार्कटिंग अधिकारी नीरज वर्मा पर सीहोर जिले के वेयरहाउस संचालकों से सब्सिडी की राशि जारी करने के बदले 50 हजार रुपये मांगने का आरोप है. वहीं, फरीदाबाद में पदस्थ मार्केटिंग अधिकारी संदीप दीदावत पर रायसेन स्थित प्रकाश वेयरहाउस के संचालक से निरीक्षण के दौरान 60 हजार रुपये मांगने की शिकायत सामने आई थी.

शिकायत मिलते ही जांच के दिए निर्देश

दोनों अधिकारियों के खिलाफ शिकायत केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान तक पहुंची. इसके बाद उन्होंने कृषि मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों को जांच और आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए. जांच के बाद नीरज वर्मा और संदीप दीदावत को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया.

मामला वेयरहाउस निरीक्षण और सब्सिडी की राशि जारी करने से जुड़ा है. शिकायत के अनुसार, दोनों अधिकारियों ने सरकारी प्रक्रिया के तहत सब्सिडी जारी करने के बदले वेयरहाउस संचालकों से रकम की मांग की थी. शिकायत सामने आने के बाद मंत्रालय स्तर पर मामले की जांच की गई और इसके बाद दोनों अधिकारियों पर निलंबन की कार्रवाई हुई.

दो दिन पहले भी एक अधिकारी हुआ था सस्पेंड

रिश्वतखोरी के मामले में कृषि विभाग में यह कार्रवाई दो दिन के भीतर दूसरी बार हुई है. इससे पहले सब्सिडी की राशि जारी करने के बदले वेयरहाउस संचालक से रिश्वत मांगने के मामले में विपणन अधिकारी अनुराग को भी शिवराज सिंह चौहान ने तत्काल प्रभाव से निलंबित किया था.

रिश्वत की शिकायतों पर कार्रवाई के निर्देश

कृषि मंत्रालय ने साफ किया है कि किसानों और वेयरहाउस संचालकों से जुड़ी सरकारी प्रक्रियाओं में अनियमितता या रिश्वत की शिकायतों को गंभीरता से लिया जाएगा. नीरज वर्मा और संदीप दीदावत के निलंबन की कार्रवाई इसी शिकायत के बाद की गई है. कृषि विभाग में भ्रष्टाचार की शिकायत मिलने पर केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान लगातार एक्शन ले रहे हैं. कृषि मंत्रालय की कार्रवाई को सरकारी प्रक्रियाओं में रिश्वत और अनियमितता के खिलाफ सख्त संदेश के तौर पर भी देखा जा रहा है.

POST A COMMENT