एग्रो विजन 2026महाराष्ट्र के नागपुर में मध्य भारत की सबसे बड़ी कृषि प्रदर्शनी 'एग्रो विजन 2026' का आयोजन किया जा रहा है. केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी की पहल पर आयोजित इस चार दिवसीय प्रदर्शनी में देशभर से किसान पहुंच रहे हैं. इस बार मेले में पारंपरिक खेती के साथ आधुनिक तकनीक पर खास जोर दिया गया है. खासकर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से जुड़ी तकनीक किसानों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है.
नागपुर के अमरावती रोड स्थित राष्ट्रसंत तुकडोजी महाराज विश्वविद्यालय के मैदान में आयोजित इस प्रदर्शनी में 400 से ज्यादा स्टॉल लगाए गए हैं. यहां किसानों को आधुनिक कृषि मशीनरी, उन्नत बीज, सिंचाई और जल संरक्षण से जुड़ी तकनीकों की जानकारी दी जा रही है. प्रदर्शनी का उद्देश्य किसानों को खेती के नए तरीकों से जोड़ना और उनकी लागत कम करने में मदद करना है.
इस बार एग्रो विजन में कृषि AI से जुड़े स्टॉल लोगों का ध्यान खींच रहे हैं. यहां किसानों को बताया जा रहा है कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की मदद से खेती को कैसे आसान और बेहतर बनाया जा सकता है. सेंसर, ड्रोन और सैटेलाइट डेटा के जरिए खेतों की निगरानी की जा सकती है. इससे किसानों को मोबाइल पर ही फसल की सेहत, मिट्टी में नमी और मौसम से जुड़ी जानकारी मिल सकती है. विशेषज्ञों के मुताबिक, इन तकनीकों की मदद से किसान जरूरत के हिसाब से खेतों में पानी, खाद और कीटनाशकों का इस्तेमाल कर सकेंगे. इससे संसाधनों की बचत होगी और खेती की लागत कम करने में मदद मिल सकती है.
एग्रो विजन में किसानों के लिए फ्री कार्यशालाएं भी आयोजित की जा रही हैं. इन कार्यशालाओं के जरिए उन्हें आधुनिक कृषि तकनीकों और उनके इस्तेमाल के बारे में जानकारी दी जा रही है. किसान यहां विशेषज्ञों से सीधे बातचीत कर अपनी समस्याओं के समाधान भी जान सकते हैं. 30 नवंबर तक चलने वाली इस प्रदर्शनी में आधुनिक मशीनों से लेकर स्मार्ट खेती के नए तरीकों तक की जानकारी एक ही जगह मिल रही है. उम्मीद है कि इस आयोजन से विदर्भ और मध्य भारत के किसानों को नई तकनीक अपनाने और खेती को ज्यादा लाभकारी बनाने में मदद मिलेगी. (योगेश वसंत पांडे की रिपोर्ट)
Copyright©2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today