किसानों को जल्द मिलेगा मुआवजा (AI-Image)तमिलनाडु में सामान्य से कम बारिश के कारण फसलों को हुए नुकसान की भरपाई के लिए राज्य सरकार ने तैयारी शुरू कर दी है. मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे प्रभावित इलाकों में फसल नुकसान का तुरंत आकलन करें और सरकारी नियमों के अनुसार पात्र किसानों को जल्द राहत राशि दें. जिन क्षेत्रों में 33 प्रतिशत से अधिक फसल नुकसान हुआ है, वहां प्राथमिकता के आधार पर सर्वे कराया जाएगा.
मुख्यमंत्री ने सचिवालय में अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक की. इसमें पूर्वोत्तर मॉनसून के दौरान कम बारिश से पैदा हुए हालात की समीक्षा की गई. साथ ही आने वाली गर्मियों में पीने के पानी और पशुओं के चारे की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर भी चर्चा हुई. मुख्यमंत्री ने फसल बीमा के लिए विशेष रजिस्ट्रेशन शिविर लगाने और मंत्रियों और वरिष्ठ अधिकारियों को खेतों का दौरा करने के निर्देश दिए. इसके अलावा जिला कलेक्टरों को लगातार स्थिति पर नजर रखने को कहा गया है.
सरकार ने प्रभावित जिलों में पशुओं के लिए चारे की उपलब्धता बढ़ाने के मकसद से राज्य आपदा प्रतिक्रिया कोष (SDRF) से 13.26 करोड़ रुपये आवंटित किए हैं. यह राशि फरवरी से जून 2027 के बीच खर्च की जाएगी. इसके तहत चारे की खेती को बढ़ावा दिया जाएगा, चरागाहों को फिर से विकसित किया जाएगा और महिला स्वयं सहायता समूहों की मदद से चारा बैंक और साइलेज इकाइयां बनाई जाएंगी. इसके अलावा भूसा जुटाने और किसानों को सब्सिडी पर पशु आहार उपलब्ध कराने के उपाय भी किए जाएंगे.
सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, 1 जून से 25 नवंबर 2026 के बीच तमिलनाडु में सामान्य से 20 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई. इससे राज्य के 22 जिले प्रभावित हुए हैं. कम बारिश का असर जल भंडारण पर भी पड़ा है. राज्य के जलाशयों में उनकी कुल क्षमता का केवल 32.9 प्रतिशत पानी बचा है. वहीं, जल संसाधन विभाग की करीब 73 प्रतिशत झीलों में 50 प्रतिशत या इससे कम पानी है.
कम बारिश का असर खेती पर भी दिखाई दे रहा है. पिछले साल की इसी अवधि के मुकाबले इस साल फसलों की खेती का कुल रकबा 18.4 प्रतिशत कम हो गया है. मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे गर्मियों के दौरान पीने के पानी की आपूर्ति बनाए रखने और पशुओं के लिए पर्याप्त चारा उपलब्ध कराने की ठोस योजना अभी से तैयार करें. सरकार ने सभी संबंधित विभागों को आपसी तालमेल के साथ काम करने को कहा है. (PTI)
Copyright©2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today