केंद्रीय रसायन और उर्वरक मंत्री जेपी नड्डा (Photo- ITG)किसानों को खाद की कमी न हो और उन्हें यूरिया, डीएपी समेत दूसरे उर्वरक उचित कीमत पर मिलते रहें, इसके लिए सरकार जरूरी कदम उठाएगी. केंद्रीय रसायन और उर्वरक मंत्री जेपी नड्डा ने शनिवार को भरोसा दिलाया कि पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष और सप्लाई चेन में आई बाधाओं के बावजूद सरकार ने देश में उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की है. उन्होंने कहा कि किसानों को समय पर और किफायती कीमतों पर खाद उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है.
फर्टिलाइजर एसोसिएशन ऑफ इंडिया (FAI) के वार्षिक सम्मेलन को संबोधित करते हुए जेपी नड्डा ने कहा कि पश्चिम एशिया में संघर्ष के कारण कच्चे माल की सप्लाई, ऊर्जा, माल ढुलाई और बीमा की लागत पर असर पड़ा. इसके बावजूद सरकार और उर्वरक उद्योग के आपसी सहयोग से इन चुनौतियों का सामना किया गया. उन्होंने कहा कि पिछले 7-8 महीनों में जिस तरह उर्वरकों की आपूर्ति बनाए रखी गई, वह अपने आप में एक उदाहरण है. उद्योग जगत को इस अनुभव को केस स्टडी के रूप में पेश करना चाहिए, ताकि लोगों को पता चले कि संकट के दौरान किस तरह काम किया गया.
जेपी नड्डा ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में उर्वरकों की कीमतें बढ़ने के बावजूद सरकार ने सब्सिडी के जरिए किसानों पर इसका बोझ नहीं पड़ने दिया. यूरिया, डाय-अमोनियम फॉस्फेट (DAP) और दूसरे प्रमुख पोषक तत्वों की खुदरा कीमतों को नियंत्रण में रखा गया. उन्होंने साफ कहा कि सरकार किसानों के लिए उर्वरकों की उपलब्धता और किफायती कीमत सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है.
केंद्रीय मंत्री ने बताया कि केंद्रीय मंत्रिमंडल ने चालू वित्त वर्ष की दूसरी छमाही के लिए फॉस्फेटिक और पोटासिक (P&K) उर्वरकों पर सब्सिडी के रूप में 62 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि को मंजूरी दी है. वहीं, फर्टिलाइजर एसोसिएशन ऑफ इंडिया (FAI) के अनुमान के मुताबिक, चालू वित्त वर्ष में सरकार की कुल उर्वरक सब्सिडी 2.5 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच सकती है. यह बजट में तय 1.71 लाख करोड़ रुपये के अनुमान से काफी ज्यादा है.
जेपी नड्डा ने कहा कि सरकार देश को यूरिया उत्पादन के मामले में आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार काम कर रही है. पिछले 12 वर्षों में बंद पड़े छह यूरिया संयंत्रों को दोबारा शुरू किया गया है. इसके अलावा, सरकार ने 54 हजार करोड़ रुपये के कुल निवेश से छह और ब्राउनफील्ड यूरिया संयंत्रों को मंजूरी दी है. उन्होंने कहा कि उर्वरकों की सप्लाई के लिए दूसरे देशों पर निर्भरता कम करना जरूरी है, ताकि भविष्य में किसी वैश्विक संकट का असर किसानों पर न पड़े.
नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में किसानों का कल्याण सरकार की विकास नीतियों का अहम हिस्सा रहा है. पिछले 12 वर्षों में देश का खाद्यान्न उत्पादन काफी बढ़ा है और इसमें उर्वरक उद्योग का बड़ा योगदान रहा है. उन्होंने बताया कि भारत दुनिया में उर्वरकों का तीसरा सबसे बड़ा उत्पादक है. सरकार अब उर्वरक क्षेत्र में टिकाऊ तकनीकों को बढ़ावा देने और मिट्टी की सेहत बचाने पर भी ध्यान दे रही है. इसके साथ ही खाद वितरण में डिजिटल तकनीकों का इस्तेमाल बढ़ाया जा रहा है.
बता दें कि भारत में यूरिया की सालाना मांग करीब 4 करोड़ टन है. घरेलू जरूरत पूरी करने के लिए देश को बड़ी मात्रा में यूरिया और दूसरे उर्वरकों का आयात करना पड़ता है. पिछले वित्त वर्ष में भारत ने 1 करोड़ टन से अधिक यूरिया का आयात किया था. ऐसे में सरकार का जोर घरेलू उत्पादन बढ़ाकर उर्वरकों के मामले में आत्मनिर्भर बनने पर है.
Copyright©2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today