मृतक किसान (बाएं ओर)उत्तर प्रदेश के झांसी में बेटी का तिलक समारोह करने के अगले ही दिन एक किसान ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. उसका शव खेत में पेड़ से लटका मिला. मृतक की पहचान 40 वर्षीय वीर सिंह राजपूत के रूप में हुई है. वह झांसी के चिरगांव थाना क्षेत्र के मोड़खुर्द गांव का रहने वाला था और खेती-किसानी करता था. परिजनों के मुताबिक, फसल खराब होने के कारण वीर सिंह राजपूत पहले से कर्ज में डूबा था. बेटी के तिलक के लिए उसने करीब 3.50 लाख रुपये का कर्ज लिया था. अब पांच महीने बाद होने वाली बेटी की शादी के खर्च की चिंता उसे सता रही थी.
परिवार का कहना है कि इसी आर्थिक परेशानी के चलते उसने यह कदम उठाया. घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है. परिवार में उसकी 19 वर्षीय बेटी शिवानी और 17 वर्षीय बेटा मयंक हैं. बड़े भाई हरिराम राजपूत ने बताया कि वीर सिंह ने बेटी शिवानी की शादी पारीछा गांव में तय की थी. शादी की तारीख 5 मई 2027 तय हुई थी. इसके लिए उसने 21 नवंबर को कर्ज लेकर बेटी का तिलक और फलदान किया था.
वीर सिंह के पड़ोसी बद्री प्रसाद ने बताया कि वह पहले से करीब दो लाख रुपये के कर्ज में था. बेटी का तिलक करने के लिए उसने फिर करीब 3.50 लाख रुपये उधार लिए थे. अब शादी में भी दो से तीन लाख रुपये खर्च होने थे. इस बात को लेकर वह काफी परेशान था. बद्री प्रसाद के मुताबिक, तिलक से लौटने के बाद वीर सिंह ने उनसे अपनी आर्थिक परेशानी साझा की थी. उन्होंने उसे समझाया था कि परिवार के बड़े भाई भी मदद कर रहे हैं, इसलिए चिंता करने की जरूरत नहीं है.
पड़ोसी के मुताबिक, रविवार को भी वीर सिंह उनके पास बैठा था और काफी तनाव में लग रहा था. बातचीत के दौरान उसने कर्ज और बेटी की शादी के खर्च को लेकर चिंता जताई थी. समझाने के बाद वह घर लौट गया. इसके बाद शाम को खेत में पानी लगाने की बात कहकर घर से निकला था.
काफी देर तक वापस नहीं आने पर ग्रामीणों को खेत में उसका शव पेड़ से फंदे पर लटका मिला. इसकी सूचना परिजनों को दी गई. परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और उसे फंदे से नीचे उतारकर मेडिकल कॉलेज ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची. चिरगांव थाना प्रभारी बलराज शाही ने बताया कि सोमवार को शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया गया है. प्रारंभिक तौर पर मामला पारिवारिक कलह से जुड़ा सामने आया है. पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है.
Copyright©2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today