
देश के पहाड़ी इलाकों में बरसात हो रही है. इसलिए पहाड़ों से आने वाली सब्जियों के दाम लगातार बढ़ रहे हैं. कुछ हफ्ते पहले 20 रुपये किलो बिकने वाला टमाटर 120 रुपये किलो बिक रहा है. लेकिन उसको खरीदने के लिए सब्जी मंडी में ग्राहक नहीं हैं. इसे सब्जी विक्रेता परेशान हैं. सब्जी दुकानदार टमाटर के बदले कुछ और बेच रहे हैं.

टमाटर की महंगाई देख कई सब्जी दुकानदारों ने अपनी वेरायटी बदल ली है. हालत ये है कि संगरूर में सब्जी का ठेला लगाने वाले दुकानदार टमाटर छोड़ कर कोई और सब्जी बेच रहे हैं. ऐसे दुकानदारों ने टमाटर के बदले आम बेचना शुरू कर दिया है. उनका कहना है कि टमाटर 120 रुपये किलो बिक रहा है जबकि आम सौ रुपये के दो किलो है.

लगातार बढ़ रहे टमाटर और दूसरी सब्जियों के दाम को लेकर 'आजतक' संवाददाता ने सब्जी विक्रेता और सब्जी खरीदने वाले लोगों से खास बातचीत की. सब्जी विक्रेता संजय कहते हैं कि एक हफ्ते पहले टमाटर 20 रुपये किलो बिकता था और वे 10 रुपये किलो लेकर आते थे. इस तरह एक किलो पर 10 रुपये की कमाई हो जाती थी.

दिनभर में तीन क्विंटल तक टमाटर बेचने वाले दुकानदार संजय कहते हैं, पहले तीन क्विंटल के बदले आज 30 किलो टमाटर लेकर बेचते हैं क्योंकि एक किलो का दाम 100 रुपये पड़ता है. एक किलो पर 20 रुपये की कमाई हो रही है. लेकिन 30 किलो टमाटर बेचकर आखिर दुकानदार क्या बचाएगा और क्या खाएगा. टमाटर खरीदने के लिए बाजार में अधिक ग्राहक भी नहीं हैं.

सब्जी दुकानदार कहते हैं, टमाटर हिमाचल से आता है. बारिश से इसमें पानी लग जाता है जिससे वह ज्यादा दिन नहीं चल पाता. इसका सबसे अधिक नुकसान दुकानदारों को होता है क्योंकि जल्दी खराब हो जाता है. दुकानदार कहते हैं कि महंगाई केवल टमाटर की नहीं है बल्कि दूसरी सब्जियां भी लगातार बढ़ रही हैं. पंजाब में शिमला से अधिकांश सब्जियां आती हैं और वहां बारिश की तगड़ी मार पड़ी है.

मंडियों में सब्जी खरीदने आने वाले लोगों का अलग ही तर्क है. खरीदार कहते हैं कि वे 120 रुपये किलो टमाटर कहां से खरीदेंगे. पहले अगर 10-20 रुपये किलो टमाटर खरीदते थे, तो आज 120 रुपये किलो कहां से खरीदेंगे. इतनी बड़ी कीमत पर टमाटर खरीदने की इजाजत जेब नहीं देती. दूसरी और सब्जियां भी महंगी हो रही हैं. यहां तक कि अदरक भी 400 रुपये किलो हो गया है.

हिमाचल में हो रही लगातार बारिश से पंजाब और उसके आसपास के राज्यों की सब्जी मंडियों के हालात हर दिन बदल रहे हैं. हर दिन सब्जी महंगी हो रही है. पहले 100 रुपये की जितनी सब्जी आती थी, आज उतनी ही सब्जी के लिए 400 से 500 रुपये तक खर्च करने पड़ते हैं. लोग खर्च बढ़ाने के बजाय लोग सब्जी खरीदना कम कर रहे हैं.

ये हाल केवल पंजाब का नहीं है. लगभग सभी राज्यों में सब्जियों की महंगाई तेजी से बढ़ी है. हालत ये हो गई है लोग सब्जी कम खरीद रहे हैं और आम या अन्य फलों पर फोकस कर रहे हैं. आम भले ही टमाटर की भरपाई न करे, लेकिन टेस्ट की जब बात आती है तो लोग इसे ही तरजीह दे रहे हैं.
Copyright©2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today