लंबे समय से कम कीमतों को लेकर परेशान चल रहे प्याज किसानों के लिए राहत की खबर है, क्योंकि बांग्लादेश में निर्यात होने से कीमतों में दोगुना उछाल आया है. बांग्लादेश सालों से भारतीय प्याज का बड़ा आयातक रहा है, लेकिन काफी समय से उसने आयात पर रोक लगा रखी थी, जिसे उसने अब कुछ समय के लिए हटा दिया है. इस बीच, महाराष्ट्र के एक किसान संगठन ने कहा है कि बांग्लादेश की ओर से भारतीय प्याज के आयात की अनुमति दिए जाने के बाद प्याज की कीमतें लगभग 800 रुपये प्रति क्विंटल से बढ़कर 1,600 रुपये प्रति क्विंटल हो गईं है.
महाराष्ट्र राज्य प्याज उत्पादक संघ के अध्यक्ष भरत दिघोले ने कहा कि हाल के महीनों में कीमतें गिरकर 800-1,200 रुपये प्रति क्विंटल पर आ गई थीं. लेकिन बांग्लादेशी आयात शुरू होने से प्याज की कीमतें बढ़कर लगभग 1,500 से 1,600 रुपये प्रति क्विंटल हो गई हैं.
भरत दिघोले ने पीटीआई से कहा कि भले ही प्याज की कीमतों में उछाल आया हो लेकिन, अभी यह कीमत उत्पादन लागत 2,200 रुपये प्रति क्विंटल से बहुत कम है. यानी एक क्विंटल प्याज उगाने में 2200 रुपये की लागत आती है और उसे 1600 रुपये का भाव मिल रहा है, जो 600 रुपये कम है.
उन्होंने कहा कि बांग्लादेश सरकार द्वारा 14 अगस्त से 13 दिसंबर तक आयात की अनुमति देने से प्याज उत्पादकों को राहत मिलेगी. दिघोले ने दावा किया कि प्याज की अधिकता और उत्पादन लागत बढ़ने के कारण किसानों को भारी नुकसान हो रहा है. उन्होंने आगे कहा, "रबी सीज़न के दौरान महाराष्ट्र में प्याज की खेती लगभग 1.45 करोड़ टन होती है. प्याज उत्पादकों का मानना है कि घरेलू आपूर्ति और निर्यात में पर्याप्त संतुलन से लाभ होगा."
मालूम हो कि नासिक जिले के लासलगांव में सबसे बड़ी प्याज मंडी है. लासलगांव प्याज बाजर की दर एक मानक के रूप में काम करती है, जो पूरे एशियाई बाजार में प्याज की कीमतों को प्रभावित करती है.
मंडी | वैरायटी (ग्रेड) | न्यूनतम कीमत (रु./क्विंटल) | अधिकतम कीमत (रु./क्विंटल) | माॅडल कीमत (रु./क्विंटल) |
चांदवड | अन्य (लोकल) | 621 | 1736 | 1470 |
देवला | अन्य (लोकल) | 400 | 1555 | 1425 |
डिंडोरी | अन्य (लोकल) | 1300 | 1751 | 1550 |
लासलगांव (निफाड़) | अन्य (लोकल) | 600 | 1626 | 1550 |
लासलगांव (विंचूर) | अन्य (लोकल) | 600 | 1761 | 1550 |
नामपुर | अन्य (लोकल) | 450 | 1675 | 1300 |
नासिक | अन्य (लोकल) | 300 | 1650 | 1150 |
पिंपलगांव | अन्य (लोकल) | 500 | 2112 | 1550 |
पिंपलगांव बसवंत (सायखेड़ा) | अन्य (लोकल) | 700 | 1701 | 1425 |
सताना | अन्य (लोकल) | 315 | 1650 | 1350 |
शिवसिद्ध गोविंद प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड संचल | अन्य (लोकल) | 400 | 2000 | 1550 |
उमराणे | अन्य (लोकल) | 900 | 1701 | 1400 |
येवला | अन्य (लोकल) | 300 | 1597 | 1425 |
नाेट: ये कीमतें बुधवार 20 अगस्त 2025 की हैं.
Copyright©2025 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today