Petrol-Diesel Crisis: खेत सूखने की चिंता, डीजल के लिए भटक रहे किसान, गोरखपुर में पंपों पर भारी भीड़

Petrol-Diesel Crisis: खेत सूखने की चिंता, डीजल के लिए भटक रहे किसान, गोरखपुर में पंपों पर भारी भीड़

गोरखपुर में डीजल और पेट्रोल को लेकर लोगों की परेशानी बढ़ गई है. पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारें लग रही हैं और किसान हाथ में गैलन लेकर घंटों इंतजार कर रहे हैं. खेतों की सिंचाई प्रभावित हो रही है. प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और घबराने से बचने की अपील की है.

Advertisement
खेत सूखने की चिंता, डीजल के लिए भटक रहे किसान, गोरखपुर में पंपों पर भारी भीड़लंबी लाइनों में लगे किसान

उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में इन दिनों डीजल और पेट्रोल को लेकर लोगों की परेशानी बढ़ गई है. इसका सबसे ज्यादा असर किसानों पर देखने को मिल रहा है. किसान अपने खेतों में पानी चलाने के लिए डीजल लेने पेट्रोल पंपों पर पहुंच रहे हैं, लेकिन घंटों लाइन में खड़े रहने के बाद भी उन्हें डीजल नहीं मिल पा रहा. कई किसान हाथ में गैलन लेकर सुबह से शाम तक इंतजार कर रहे हैं. किसानों का कहना है कि अगर समय पर डीजल नहीं मिला तो खेतों की सिंचाई रुक जाएगी और फसल को नुकसान हो सकता है. ऐसे में किसान काफी चिंतित नजर आ रहे हैं.

पेट्रोल पंपों पर लगी लंबी लाइनें

गोरखपुर शहर के कई पेट्रोल पंप बंद पड़े हैं. जो पंप खुले हुए हैं, वहां लोगों की बहुत ज्यादा भीड़ देखने को मिल रही है. लोग अपनी बाइक, कार और गैलन लेकर लाइन में लगे हुए हैं. कुछ लोगों का कहना है कि उन्हें 4 से 8 घंटे तक इंतजार करना पड़ा, लेकिन फिर भी पेट्रोल या डीजल नहीं मिला. कई लोग दो से तीन दिन से लगातार चक्कर लगा रहे हैं. इस वजह से लोगों की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है.

जिलाधिकारी ने लोगों से की अपील

गोरखपुर के जिलाधिकारी दीपक मीणा ने कहा है कि जिले में डीजल, पेट्रोल और एलपीजी गैस की कोई कमी नहीं है. उन्होंने बताया कि जितनी सप्लाई पिछले साल आई थी, इस बार भी उतनी ही मात्रा में तेल आ रहा है. लेकिन अफवाहों की वजह से लोग ज्यादा मात्रा में तेल खरीदने की कोशिश कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि कुछ लोग कालाबाजारी और गलत खबरें फैलाने का काम भी कर रहे हैं, जिन पर प्रशासन नजर रख रहा है. ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.

अफवाहों से दूर रहने की सलाह

जिलाधिकारी ने लोगों से अपील की है कि वे घबराएं नहीं और अफवाहों पर ध्यान न दें. प्रशासन लगातार पेट्रोल पंप मालिकों के साथ बैठक कर रहा है ताकि लोगों को आसानी से डीजल और पेट्रोल मिल सके. उन्होंने कहा कि जरूरत के अनुसार सप्लाई बढ़ाने का भी प्रयास किया जा रहा है, ताकि आने वाले दिनों में लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो. (गजेंद्र त्रिपाठी का इनपुट)

ये भी पढ़ें: 

ज्‍यादातर राज्‍यों में भीषण गर्मी बरपाएगी कहर! दक्षिण और पूर्वोत्‍तर में बारिश का अलर्ट, पढ़ें मौसम का ताजा अपडेट
Milk Price Hike: राजस्थान और बिहार में भी महंगा हुआ दूध, सरस और सुधा डेयरी ने इतने बढ़ाए रेट

POST A COMMENT