तपती गर्मी में भी डटे रहे पीलीभीत के किसान, कारवां बना कृषि क्षेत्र में ज्ञान का बड़ा पड़ाव 

तपती गर्मी में भी डटे रहे पीलीभीत के किसान, कारवां बना कृषि क्षेत्र में ज्ञान का बड़ा पड़ाव 

पीलीभीत में आयोजित किसान कारवां कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसान शामिल हुए. यहां कृषि, पशुपालन और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई. केवीके वैज्ञानिकों और अधिकारियों ने किसानों को नई तकनीकों के बारे में बताया. कार्यक्रम में मनोरंजन के साथ-साथ लकी ड्रॉ के जरिए किसानों को पुरस्कार भी दिए गए, जिससे यह आयोजन ज्ञान और उत्साह का केंद्र बना.

Advertisement
तपती गर्मी में भी डटे रहे पीलीभीत के किसान, कारवां बना कृषि क्षेत्र में ज्ञान का बड़ा पड़ाव किसान कारवां

उत्तर प्रदेश के तराई क्षेत्र में स्थित गोमती नदी का उद्गम स्थल और बांसुरी की नगरी पीलीभीत जनपद में किसान तक का किसान कारवां अपने 63वें पड़ाव के तौर पर पहुंचा. वनीय संपदा और उपजाऊ मिट्टी के साथ समृद्ध कृषि के बदौलत जनपद की अर्थव्यवस्था का आधार कृषि बना हुआ है. यूपी के 75 जिलों के कवरेज में किसान कारवां अपने एक जनपद एक यात्रा एक गांव के तहत जिला मुख्यालय पीलीभीत से करीब 10 किलोमीटर दूर पीलीभीत-बरेली मार्ग पर स्थित ललौरीखेड़ा ब्लॉक के भूरा मंग्रास जतीपुर गांव में पहुंचा. जहां बढ़ते तापमान के बीच भी महिला एवं पुरुष किसानों की अच्छी संख्या देखने को मिली. इसके साथ ही कृषि और पशुपालन के क्षेत्र में हो रहे बदलाव तथा सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं को लेकर केवीके, कृषि विभाग एवं पशुपालन विभाग के अधिकारियों द्वारा किसानों को जानकारी दी गई.

पीलीभीत जिले की करीब 90 फीसदी आबादी के जीवन का आधार कृषि है, जिसमें नकदी फसल गन्ना के अलावा धान, गेहूं और दालों का व्यापक उत्पादन किसानों की अर्थव्यवस्था का मजबूत आधार है. किसान तक के किसान कारवां कार्यक्रम में जहां पशुपालन एवं कृषि से जुड़े अधिकारियों की उपस्थिति रही, वहीं केवीके के वैज्ञानिकों की भी उपस्थिति देखने को मिली. इसके साथ ही कृषि एवं पशुपालन सहित कृषि यंत्रों से जुड़ी मशहूर कंपनियां, इफ्फको, इफ्फको एमसी, धानुका और स्थिल के प्रतिनिधि मौजूद रहे. कार्यक्रम के दौरान किसानों के मनोरंजन के लिए  जादूगर ने अपने जादू के माध्यम से खेती और पशुपालन से जुड़ी जानकारियां रोचक ढंग से प्रस्तुत कीं. इसके अलावा, 12 किसानों को लकी ड्रॉ के माध्यम से नकद राशि भी वितरित की गई.

धान की खेती से मिट्टी को बनाएं उपजाऊ

पहले चरण में कृषि विज्ञान केंद्र पीलीभीत के वैज्ञानिक डॉ. एस.एस. ढाका ने सभी लोगों को इस समय खरीफ सीजन में धान की खेती से पहले खेतों की उर्वरा शक्ति को बढ़ाए रखने के लिए ढैंचा की खेती करने का सुझाव दिया.उन्होंने किसानों को गोबर खाद और कंपोस्ट खाद का खेतों में प्रयोग करने को लेकर भी सुझाव दिया. आगे उन्होंने किसानों को गन्ना की फसल से जुड़े विभिन्न चरणों के बारे में जानकारी दी। इस दौरान खेत की सिंचाई और यूरिया की कमी नहीं होने देने की बात कही.

टीकाकरण से होगा फायदा

दूसरे चरण में पशुपालन विभाग के पशु अधिकारी डॉ. साहिल ने खेती के साथ पशुपालन के और कदम बढ़ाने को लेकर किसानों को जागरूक किया. साथ ही उन्होंने पशुओं के चारे को लेकर किसानों को जानकारी दी. उन्होंने पशुपालन विभाग की ओर से चलाई जा रही विभिन्न तरह की योजनाओं के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी.आगे उन्होंने पशुओं के टीकाकरण के बारे में भी विस्तार से बताया कि साल में कम से कम पशुओं को 2 से 3 बार कीड़े की दवा अवश्य देनी चाहिए. अगर कीड़े की दवा नहीं देते हैं तो दूध उत्पादन से लेकर पशु के स्वास्थ्य पर इसका सीधा असर पड़ता है.

इफको अपने उत्पाद पर दे रहा दो लाख का बीमा

तीसरे चरण में इफको पीलीभीत के प्रतिनिधि दीपक चौधरी ने कहा कि खेतों की उर्वरा शक्ति अब खत्म हो रही है, इसके लिए किसानों को अपनी खेती में बदलाव करना होगा और उर्वरकों का सही उपयोग करना होगा. उन्होंने किसान बीमा के बारे में बताया और कहा कि बीमा कंपनी दो लाख रुपए तक का बीमा देती है.इसके साथ ही उन्होंने किसानों को नैनो यूरिया, नैनो डीएपी, नैनो जिंक सहित अन्य उत्पादों के बारे में विस्तार से बताया.

मिनरल मिक्सर हर रोज दें किसान

चौथे चरण में कृषि विज्ञान केंद्र पीलीभीत के वैज्ञानिक डॉ. दीपक कुमार ने किसानों को मिनरल मिक्सर के बारे में विस्तार से बताया. उन्होंने कहा कि पशुओं को हर रोज 50 ग्राम मिनरल मिक्सर अवश्य देना चाहिए. इससे पशुओं के अंदर की क्रियाएं सुचारू और सही तरीके से चलती हैं. इससे पशु स्वस्थ रहता है और दूध उत्पादन में भी वृद्धि होती है.

धानुका ने गन्ना किसानों का बन रहा मददगार

पांचवें चरण में धानुका के प्रतिनिधि धीरेन्द्र कुमार ने कंपनी के 90 उत्पादों के बारे में विस्तार से बताया.उन्होंने किसानों को धानुका के कोनिका, सेम्प्रा सहित अन्य उत्पादों का धान, गेहूं, गन्ना सहित अन्य फसलों में उपयोग कैसे करें, इस बारे में जानकारी दी.साथ ही उन्होंने कहा कि धानुका के सभी उत्पादों पर बारकोड लगा रहता है, जिससे उत्पादों से जुड़ी पूरी जानकारी हासिल की जा सकती है.

स्थिल के कृषि यंत्र किसानों के हर पल के साथी

छठवें चरण में स्थिल के प्रतिनिधि देव शर्मा ने किसानों को कृषि से जुड़े यंत्रों के बारे में जानकारी दी. उन्होंने कहा कि सभी किसान एक बार जरूर स्थिल के कृषि यंत्रों का उपयोग करें. इस दौरान स्थिल कंपनी द्वारा 5 प्रगतिशील किसानों को सम्मानित किया गया, जहां किसानों ने अपना अनुभव भी साझा किया. 

फार्मर आईडी दिलाएगा सरकारी योजनाओं का लाभ

सातवें चरण में कृषि विभाग के एसडीएईओ इंजीनियर कौशल किशोर ने किसानों को फार्मर आईडी के बारे में बताया. उन्होंने कहा कि फार्मर आईडी में किसान का आधार नंबर, मोबाइल नंबर और उसकी जमीन की जानकारी दर्ज रहती है. आगे उन्होंने कहा कि आने वाला पीएम किसान सम्मान निधि उन्हीं किसानों को मिलेगा जिनकी फार्मर आईडी बनी होगी.साथ ही गेहूं की सरकारी खरीद, उर्वरक और कृषि ऋण जैसी सुविधाएं भी उन्हीं किसानों को मिलेंगी जिनकी फार्मर आईडी बनी होगी. उन्होंने बताया कि विभाग की ओर से कई तरह के बीजों पर अनुदान दिया जा रहा है, इसलिए किसान इसका लाभ जरूर ले.

इफको एमसी से डबल मुनाफा

आठवें चरण में इफको एमसी के प्रतिनिधि हरीश कुमार गंगवार ने इफको एमसी से जुड़े उत्पादों के बारे में विस्तार से बताया. उन्होंने फसल सुरक्षा के लिए इफको एमसी के उत्पादों का उपयोग कैसे किया जा सकता है, इसके बारे में जानकारी दी. उन्होंने माइकोजिन के प्रयोग और उससे होने वाले लाभ के बारे में भी बताया। साथ ही शीरासागी, ससागे सहित अन्य उत्पादों के बारे में जानकारी दी. उन्होंने बीज शोधन के तरीकों के बारे में भी किसानों को जागरूक किया.

फेरोमोन ट्रैप यंत्र गन्ना की फसल के लिए बहुत जरूरी

नौवें चरण में गन्ना विभाग के अधिकारी रामभद्र द्विवेदी ने किसानों को गन्ना में लगने वाली सफेद तितली से बचाव के लिए फेरोमोन ट्रैप यंत्र के बारे में जानकारी दी. इसके साथ ही उन्होंने गन्ना सर्वे नीति के बारे में भी विस्तार से बताया.

गन्ना की फसल की निगरानी करते रहें किसान

दसवें चरण में जीएम केन विनय कुमार सिंह ने किसानों को गन्ना की खेती से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी दी. उन्होंने बताया कि गन्ना की खेती में किस तरह सुधार करने की जरूरत है और चोटी भेदक कीट की निगरानी कैसे करें.

कला के जरिए खेती का संदेश

11वें चरण में जादूगर ने अपनी कला के माध्यम से खेती से जुड़ी जानकारी प्रस्तुत की.उन्होंने किसानों को गोबर खाद के उपयोग और पशुपालन को बढ़ावा देने का सुझाव दिया. साथ ही हर शुभ अवसर पर वृक्ष लगाने की अपील की और आय  दोगुनी करने के उपाय बताए.

लकी ड्रॉ के जरिए किसानों को दी गई नकद राशि

अंतिम, 12वें चरण में लकी ड्रॉ का आयोजन किया गया, जिसमें 10 विजेताओं को 500 रुपये और 5 लोगों को एक-एक हजार रुपये का पुरस्कार दिया गया. ‘किसान तक’ का यह कारवां किसानों को आधुनिक तकनीक, बाजार से जुड़ाव और आय बढ़ाने के उपायों से जोड़ने का एक प्रभावी मंच प्रदान कर रहा है.

ये भी पढ़ें: 

यूपी में आलू खरीद को मंजूरी, चना और तूर किसानों को भी बड़ी राहत
किसानों की मेहनत अब नहीं होगी बर्बाद, सोलर ड्रायर पर ये सरकार दे रही भारी सब्सिडी 

POST A COMMENT