अनंत अंबानीआंध्र प्रदेश के मदनपल्ले में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रिलायंस इंडस्ट्रीज के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर अनंत अंबानी ने खेती को लेकर अपनी बात रखी. उन्होंने कहा कि कमाई तय न होने से और सीमित अवसरों के कारण देश के कई युवा खेती से दूर हो रहे हैं. उन्होंने कहा कि अगर युवाओं को गांव में ही कौशल विकास, आधुनिक तकनीक और कारोबार के पर्याप्त अवसर मिलें, तो वे अपने गांव में रहकर भी बेहतर भविष्य बना सकते हैं.
अनंत अंबानी ने यह बात रायलसीमा ग्लोबल हॉर्टिकल्चर हब और इंडियन स्कूल ऑफ एग्रीकल्चर (ISA) की आधारशिला रखने के कार्यक्रम के दौरान कही. इस परियोजना के जरिए हॉर्टिकल्चर यानी बागवानी क्षेत्र को बढ़ावा देने पर जोर दिया जाएगा. इसके लिए करीब 1 लाख करोड़ रुपये के निवेश की योजना बताई गई है.
अनंत अंबानी ने कहा कि इंडियन स्कूल ऑफ एग्रीकल्चर में आधुनिक तकनीक और किसानों के पारंपरिक ज्ञान को जोड़ने पर जोर दिया जाएगा. इसमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, ड्रोन, रोबोटिक्स, स्मार्ट सिंचाई और प्राइस इंटेलिजेंस जैसी तकनीकों पर काम किया जाएगा. उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि AI की मदद से किसानों को फसलों में कीटों के हमले की पहले से जानकारी मिल सकती है. ड्रोन फसल की स्थिति की निगरानी करने के साथ पानी और पोषक तत्वों के सही इस्तेमाल में मदद कर सकते हैं. वहीं, रोबोटिक्स खेती के मुश्किल कामों को आसान बनाने में मदद कर सकती है.
अनंत अंबानी ने बताया कि रिलायंस जियो और इंडियन स्कूल ऑफ एग्रीकल्चर मिलकर गांवों में वर्चुअल क्लासरूम के जरिए भारतीय भाषाओं में किसानों तक ट्रेनिंग पहुंचाने की दिशा में काम करेंगे. उन्होंने कहा कि पढ़े-लिखे ग्रामीण युवाओं को डिजिटल रूप से सक्षम एक्सटेंशन वर्कर के तौर पर तैयार किया जा सकता है, जो किसानों को नई तकनीकों को अपनाने में मदद करेंगे. उन्होंने रिलायंस के 'जियो कृषि' प्लेटफॉर्म का भी जिक्र किया, जिसके जरिए किसानों के लिए डिजिटल और तकनीकी समाधान विकसित किए जा रहे हैं.
अनंत अंबानी ने आंध्र प्रदेश में कम्प्रेस्ड बायोगैस (CBG) प्लांट लगाने के लिए 1 लाख करोड़ रुपये के निवेश की बात भी कही. उनके मुताबिक, इससे 3 लाख से ज्यादा नौकरियां पैदा होने और आने वाले दशकों में राज्य को करीब 60 हजार करोड़ रुपये का राजस्व मिलने की उम्मीद है. उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य किसानों की खुशहाली बढ़ाने, स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने और ग्रामीण क्षेत्रों में नए रोजगार के अवसर पैदा करने से जुड़ा है. इसके अलावा अनंत अंबानी ने हाईटेक पशुपालन और पशु कल्याण की भी बात की. उन्होंने जामनगर स्थित वंतारा का जिक्र करते हुए कहा कि आधुनिक तकनीक के जरिए पशुपालन और पशु सेवा के क्षेत्र को भी मजबूत किया जा सकता है. (PTI)
Copyright©2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today