बिहार में धान खरीद (सांकेतिक तस्वीर)बिहार में धान खरीद को लेकर सरकार की ओर से एक अहम निर्णय लिया गया है. राज्य में धान खरीद को लेकर सहकारिता विभाग की ओर से किसानों के लिए एग्री स्टैक आईडी अनिवार्य की गई थी, लेकिन विभाग की ओर से अब इसमें सुधार किया गया है. सहकारिता विभाग के मंत्री राम कृपाल यादव ने कहा है कि राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता किसानों के हितों की रक्षा करना और उन्हें अपनी उपज की बिक्री में किसी प्रकार की कठिनाई नहीं होने देना है. हालांकि, विभाग की ओर से बेगूसराय और शिवहर जिले में पायलट आधार पर रैयत किसानों के लिए एग्री स्टैक आईडी की अनिवार्यता रखने का निर्णय लिया गया है.
बता दें कि एग्री स्टैक पोर्टल पर जमीन की जानकारी अधूरी होने से किसानों को हो रही परेशानी को देखते हुए विभाग ने एक अहम फैसला लिया है. राज्य में 1 नवंबर से जहां उत्तर बिहार में धान की खरीदारी शुरू हो चुकी है, वहीं दक्षिण बिहार के जिलों में 15 नवंबर से धान की खरीदारी शुरू कर दी गई है. किसानों को धान बेचने में आ रही दिक्कतों को देखते हुए विभाग की ओर से यह निर्णय लिया गया.
विभाग के मंत्री राम कृपाल यादव ने बताया कि खरीफ विपणन मौसम 2026-27 के अंतर्गत धान खरीद के लिए एग्री स्टैक पोर्टल पर जमीन की जानकारी अधूरी होने के कारण रैयत किसानों को हो रही परेशानियों को गंभीरता से लेते हुए बेगूसराय और शिवहर जिले को छोड़कर राज्य के शेष सभी जिलों में रैयत किसानों से धान की खरीद पहले की तरह कृषि विभाग, बिहार की DBT निबंधन संख्या के आधार पर करने का निर्णय लिया गया है. इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि तकनीकी और पोर्टल संबंधी समस्याओं के कारण कोई भी किसान अपनी उपज बेचने से वंचित न रहे.
सहकारिता विभाग की ओर से धान की खरीद को लेकर नियम में हुए बदलाव के बीच विभाग के सचिव धर्मेन्द्र सिंह द्वारा सभी जिला पदाधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं. एग्री स्टैक आधारित धान खरीद व्यवस्था के तहत किसानों की भूमि संबंधी विवरणी के आधार पर धान की खरीद की जानी थी. हालांकि, आवेदन के दौरान कई किसानों की भूमि संबंधी जानकारी पोर्टल पर पूरी नहीं होने के कारण उन्हें कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था. मंत्री राम कृपाल यादव ने स्पष्ट किया कि किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए अनावश्यक तकनीकी प्रक्रियाओं और दस्तावेजी कठिनाइयों का सामना नहीं करना पड़े, यह सुनिश्चित करना विभाग की जिम्मेदारी है.
Copyright©2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today