खरीफ को लेकर महाराष्ट्र सरकार का बड़ा अभियान, इस पोर्टल से मिलेंगे प्रमाणित बीज, पढ़ें डिटेल

खरीफ को लेकर महाराष्ट्र सरकार का बड़ा अभियान, इस पोर्टल से मिलेंगे प्रमाणित बीज, पढ़ें डिटेल

महाराष्ट्र में खरीफ की तैयारी के बीच सरकार ने सोयाबीन, मूंग, उड़द, मूंगफली, बाजरा और कपास समेत प्रमुख फसलों के प्रमाणित बीज उपलब्ध कराने का फैसला किया है. बीज वितरण पहले आओ पहले पाओ आधार पर होगा और किसानों को समय रहते आवेदन करने की सलाह दी गई है.

Advertisement
खरीफ को लेकर महाराष्ट्र सरकार का बड़ा अभियान, इस पोर्टल से मिलेंगे प्रमाणित बीज, पढ़ें डिटेलमहाडीबीटी पोर्टल से मिलेंगे प्रमाणित बीज (सांकेतिक तस्‍वीर)

महाराष्ट्र सरकार ने खरीफ सीजन को देखते हुए किसानों के लिए प्रमाणित बीज उपलब्ध कराने की प्रक्रिया तेज कर दी है. राज्य सरकार ने ऑनलाइन और पारदर्शी वितरण व्यवस्था के तहत करीब 3 लाख क्विंटल प्रमाणित बीज उपलब्ध कराए हैं. कृषि मंत्री दत्तात्रेय भरणे ने किसानों से समय रहते रजिस्‍ट्रेशन कर बीज लेने की अपील की है, ताकि बुवाई के दौरान किसी तरह की दिक्कत न आए. राज्‍य सरकार ने कहा कि इस बार बीज वितरण पूरी तरह ऑनलाइन प्रणाली के जरिए किया जाएगा. किसान महाडीबीटी पोर्टल (MahaDBT Portal) पर आवेदन कर सकेंगे.

वहीं, पहले आवेदन करने वालों को पहले प्राथमिकता यानी पहले आओ-पहले पाओ के आधार पर बीज दिए जाएंगे. इस व्यवस्था का उद्देश्य वितरण प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, तेज और आसान बनाना है, ताकि किसानों तक समय पर गुणवत्तापूर्ण बीज पहुंच सके.

इन प्रमुख खरीफ फसलों के लिए उपलब्ध होंगे बीज

योजना के तहत खरीफ मौसम की प्रमुख फसलों के प्रमाणित बीज उपलब्ध कराए जाएंगे. इनमें सोयाबीन, मूंग, उड़द, मूंगफली, बाजरा और कपास शामिल हैं. सरकार ने बताया कि कुल उपलब्ध बीजों में लगभग 66,750 क्विंटल सोयाबीन और 35,500 क्विंटल मूंगफली बीज का स्टॉक तैयार किया गया है. प्रमाणित बीजों के इस्‍तेमाल से उत्पादन क्षमता बढ़ाने और बेहतर क्‍वालिटी वाली खेती को बढ़ावा मिलेगा.

तकनीक आधारित खेती को मिलेगा बढ़ावा

बीज वितरण के साथ राज्य सरकार ने किसानों को नई कृषि तकनीकों और बेहतर खेती पद्धतियों से जोड़ने की भी तैयारी की है. इसके लिए महाराष्ट्र में करीब 2 लाख फसल प्रदर्शन कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. इन कार्यक्रमों का उद्देश्य किसानों को आधुनिक कृषि तकनीक, उन्नत कृषि प्रबंधन और गुणवत्तापूर्ण कृषि इनपुट के उपयोग के बारे में जानकारी देना है.

आवेदन के लिए एग्रीस्टैक किसान आईडी जरूरी

कृषि विभाग ने बताया कि किसान MahaDBT पोर्टल पर ‘बीज वितरण, प्रदर्शन, फ्लेक्सी कंपोनेंट्स, कीटनाशक और उर्वरक’ कैटेगरी के तहत आवेदन कर सकते हैं. आवेदन जमा करने के लिए एग्रीस्टैक किसान आईडी अनिवार्य रखी गई है. विभाग ने किसान समूहों (FPOs) को भी प्रदर्शन कार्यक्रमों में भाग लेने की सलाह दी है और अधिक जानकारी के लिए स्थानीय कृषि कार्यालयों से संपर्क करने को कहा है. (पीटीआई)

POST A COMMENT