महिंद्रा ट्रैक्टरमहिंद्रा एंड महिंद्रा ने अक्टूबर 2026 में कुल 64,846 ट्रैक्टर बेचे हैं. इसमें घरेलू बाजार में 62,626 और निर्यात के जरिए 2,220 ट्रैक्टरों की बिक्री हुई है. हालांकि, पिछले साल अक्टूबर के मुकाबले कंपनी की घरेलू ट्रैक्टर बिक्री में 13 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई है. महिंद्रा ग्रुप की कंपनी महिंद्रा एंड महिंद्रा लिमिटेड ने 1 नवंबर को अक्टूबर 2026 के ट्रैक्टर बिक्री के आंकड़े जारी किए. कंपनी के मुताबिक, अक्टूबर 2025 में घरेलू बाजार में 72,071 ट्रैक्टरों की बिक्री हुई थी, जबकि इस साल अक्टूबर में यह आंकड़ा घटकर 62,626 यूनिट रह गया. इस तरह घरेलू बिक्री में 9,445 ट्रैक्टरों की कमी आई है.
अगर घरेलू बिक्री और निर्यात को मिलाकर देखें तो अक्टूबर 2026 में महिंद्रा ने कुल 64,846 ट्रैक्टर बेचे. वहीं, अक्टूबर 2025 में कंपनी की कुल बिक्री 73,660 यूनिट थी. इस हिसाब से कुल ट्रैक्टर बिक्री में 12 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई है. हालांकि, निर्यात के मोर्चे पर कंपनी का प्रदर्शन बेहतर रहा. अक्टूबर 2026 में महिंद्रा ने 2,220 ट्रैक्टरों का निर्यात किया, जबकि पिछले साल इसी महीने में 1,589 ट्रैक्टरों का निर्यात हुआ था. यानी निर्यात में 40 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है. वहीं, अप्रैल से अक्टूबर 2026 के बीच कंपनी ने 13,416 ट्रैक्टरों का निर्यात किया, जबकि पिछले साल इसी अवधि में 11,278 ट्रैक्टर निर्यात किए गए थे. इस तरह निर्यात में 19 फीसदी की वृद्धि दर्ज की गई.
महिंद्रा एंड महिंद्रा लिमिटेड के फार्म इक्विपमेंट बिजनेस के प्रेसिडेंट विजय नकरा ने बिक्री के आंकड़ों पर कहा कि अक्टूबर में घरेलू बाजार में 62,626 ट्रैक्टर बेचे गए हैं. उन्होंने बिक्री में गिरावट की मुख्य वजह त्योहारों के समय में बदलाव को बताया. उनके मुताबिक, पिछले साल दिवाली अक्टूबर में थी, जबकि इस साल दिवाली नवंबर में है. इसी वजह से ट्रैक्टरों की बिक्री पर असर पड़ा है. वहीं, निर्यात बाजार में कंपनी ने 2,220 ट्रैक्टर बेचे हैं.
अक्टूबर के आंकड़ों के अलावा चालू वित्त वर्ष के अप्रैल से अक्टूबर तक की बिक्री पर नजर डालें तो कंपनी का प्रदर्शन सकारात्मक रहा है. इस दौरान घरेलू बाजार में महिंद्रा ने 3,25,498 ट्रैक्टर बेचे, जबकि पिछले वित्त वर्ष की इसी अवधि में यह आंकड़ा 3,19,407 यूनिट था. यानी घरेलू बिक्री में 2 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है.
ऐसे में अप्रैल से अक्टूबर 2026 तक महिंद्रा की ट्रैक्टर बिक्री 3,38,914 यूनिट रही, जबकि पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में यह 3,30,685 यूनिट थी. यानी कंपनी की कुल बिक्री में 2 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है. इससे साफ है कि अक्टूबर में घरेलू ट्रैक्टर बिक्री में गिरावट के बावजूद चालू वित्त वर्ष में अब तक कंपनी की कुल बिक्री पिछले साल के मुकाबले बेहतर बनी हुई है.
Copyright©2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today