सांपों से बचाएगी किसान मित्र छड़ी (सांकेतिक AI फोटो)वैज्ञानिकों ने एक ऐसी छड़ी तैयार की है, जो रात के अंधेरे में भी सांप का अलर्ट देगी. इस छड़ी का नाम किसान मित्र छड़ी है. इसे अभी हाल में मध्य प्रदेश के रायसेन में आयोजित किसान मेले में लॉन्च किया गया. इस छड़ी का सबसे ज्यादा फायदा किसानों को होगा जो दिन या रात में खेतों में काम करते हैं. रात में खेतों की रखवाली करते हैं. अब ये छड़ी किसानों को सांप के खतरे से बचाएगी.
किसानों को अक्सर रात में खेतों में सिंचाई के लिए जाना पड़ता है. उस वक्त सांप या कोई अन्य जहरीला जीव किसान को दिखाई नहीं देता. मेड़ों की आड़ में ये जीव छिपे रहते हैं और उनपर पैर पड़ते ही काट लेते हैं. ऐसी दुर्घटनाएं आम हैं जिससे बड़ी संख्या में जनहानि होती है. इस जनहानि को बचाने के लिए वैज्ञानिकों ने किसान मित्र छड़ी बनाई है. इसके बारे में कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने खुद जानकारी दी है.
किसान मित्र छड़ी वाइब्रेशन तकनीक पर काम करती है. यह तकनीक सांप जैसे खतरे को दूर या पास दोनों हालात में अलर्ट कर देती है. पास का रेंज 5-15 मीटर है तो दूर का रेंज 100 मीटर है. यानी 100 मीटर तक दूर कोई सांप या जहरीला जीव हो, तो यह छड़ी पहले ही अलर्ट कर देगी. इसके अलावा, 5-15 मीटर के दायरे में भी इस तरह का कोई खतरा हो तो छड़ी आगाह कर देगी.
यह तकनीक पूरी तरह से IoT पर काम करती है जो अपने आसपास की परिस्थिति को भांपते हुए अलर्ट जारी करती है. दरअसल, किसान मित्र छड़ी में सेंसर लगा है जो सांप जैसे जहरीले जीव की मौजूदगी को पकड़ता है और किसान को अलर्ट करता है. इस छड़ी में एक बटन है जिसे ऑन जरूर करना है. बटन ऑन होने के बाद इसका सेंसर एक्टिव हो जाता है जो आसपास के जीवों को स्कैन करता है और अलर्ट देता है.
किसान मित्र छड़ी को सबसे पहले जमीन पर रखना है. फिर इसका बटन ऑन करना है. किसान को कुछ देर तक इंतजार करना होगा क्योंकि छड़ी अपने आसपास के माहौल को स्कैन करती है. छड़ी में लगा सेंसर 100 मीटर तक के दायरे में स्कैन करती है और खतरे को पकड़ती है. इसमें इंफ्रारेड रेडिएशन पकड़ने की बहुत क्षमता है. कुछ खास तरह के वाइब्रेशन को भी यह छड़ी पकड़ लेती है.
सांपों से अलग तरह का वाइब्रेशन निकलता है जिसे यह छड़ी पकड़ती है. छड़ी तक जैसे ही वाइब्रेशन पहुंचती है, उसमें कंपन पैदा होती है. यही कंपन अलर्ट है जिससे किसानों को सावधान होना पड़ता है.
छड़ी जब कंपन पैदा करे तो समझ लें कि आसपास कोई खतरा है. रात में या कम रोशनी में किसानों को खेत में काम करना होता है. ऐसे में सांपों का खतरा अधिक होता है. इस तहर के मुश्किल हालात में छड़ी में पैदा हुई कंपन किसानों के बचाव में बहुत मदद करती है. कम रोशनी में काम करने या खतरे से बचने के लिए किसान मित्र छड़ी में एक टॉर्च भी दिया गया है.
Copyright©2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today