UP Sugarcane News: गन्ना केंद्रों पर घटतौली की तो खैर नहीं, क्‍लर्क और मिलों पर होगी सख्‍त कार्रवाई

UP Sugarcane News: गन्ना केंद्रों पर घटतौली की तो खैर नहीं, क्‍लर्क और मिलों पर होगी सख्‍त कार्रवाई

उत्तर प्रदेश में पेराई सत्र 2026-27 के दौरान गन्ना तौल में घटतौली करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी. गन्ना आयुक्त ने तौल लिपिक का लाइसेंस निलंबित करने और संबंधित चीनी मिल अध्यासी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं.

Advertisement
UP Sugarcane News: गन्ना केंद्रों पर घटतौली की तो खैर नहीं, क्‍लर्क और मिलों पर होगी सख्‍त कार्रवाईगन्‍ना घटतौली पर एक्‍शन (AI Image)

उत्तर प्रदेश में गन्ना किसानों के साथ वजन तौलने में होने वाली गड़बड़ी रोकने के लिए योगी सरकार ने सख्त रुख अपनाया है. पेराई सत्र 2026-27 के दौरान चीनी मिलों के गेट और गन्ना क्रय केंद्रों पर घटतौली की शिकायत मिलने पर तत्काल जांच और दोषियों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी. गन्ना आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि किसानों की शिकायतों को प्राथमिकता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करें. घटतौली में तौल लिपिक (क्‍लर्क) की मिलीभगत पाए जाने पर उसका लाइसेंस सस्‍पेंड करने के साथ संबंधित चीनी मिल के अध्यासी के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के स्तर पर गन्ना तौल में घटतौली की दैनिक निगरानी की जा रही है. वहीं, गन्ना मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी के निर्देश पर गन्ना एवं चीनी विभाग ने पेराई सत्र 2026-27 में तौल व्यवस्था को पारदर्शी बनाने के लिए अधिकारियों को सतर्क कर दिया है. गन्ना आयुक्त ने स्पष्ट किया है कि तौल में किसी भी तरह की अनियमितता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. शिकायत मिलने पर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई होगी.

गन्ना और बाट-माप विभाग की संयुक्त जांच

गन्ना क्रय केंद्रों पर घटतौली रोकने के लिए निगरानी व्यवस्था मजबूत की गई है. इसके तहत चीनी मिलों के गेट और बाहरी गन्ना क्रय केंद्रों का गन्ना एवं चीनी विभाग और बाट-माप विभाग के अधिकारी संयुक्त रूप से निरीक्षण करेंगे. गन्ना आयुक्त ने क्षेत्रीय अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि घटतौली की शिकायत मिलते ही प्राथमिकता के आधार पर जांच करें और दोषियों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई करें. इसका उद्देश्य किसानों को उनकी उपज का पूरा मूल्य दिलाना और तौल प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखना है.

तौल लिपिक का लाइसेंस होगा निलंबित

गन्ना आयुक्त ने साफ किया है कि यदि किसी गन्ना क्रय केंद्र पर तौल लिपिक घटतौली में शामिल पाया जाता है तो उसका लाइसेंस सस्‍पेंड किया जाएगा. इसके साथ ही संबंधित चीनी मिल के अध्यासी और दोषी तौल लिपिक के खिलाफ नियमानुसार विधिक कार्रवाई भी की जाएगी. विभाग ने चीनी मिलों को तौल व्यवस्था में निर्धारित मानकों का पालन करने के निर्देश दिए हैं.

मिल संचालन के 15 दिन में शुरू करने होंगे सभी क्रय केंद्र

किसानों को गन्ना आपूर्ति में परेशानी न हो, इसके लिए चीनी मिलों को पेराई शुरू होने के 15 दिनों के भीतर आवंटित सभी गन्ना क्रय केंद्रों का संचालन शुरू करना होगा. इसके अलावा प्रत्येक तौल केंद्र पर निर्धारित मानकों के अनुरूप मानक बाट उपलब्ध कराना अनिवार्य किया गया है. इन बाटों की मदद से तौल कांटों की जांच की जाएगी, जिससे वजन में किसी तरह की गड़बड़ी की गुंजाइश न रहे.

किसानों को उनकी उपज का पूरा हक दिलाना प्राथमिकता

गन्ना आयुक्त ने कहा कि किसानों को उनकी मेहनत और उपज का पूरा हक दिलाना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है. इसके लिए तौल व्यवस्था में पारदर्शिता, निष्पक्षता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं. उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों और चीनी मिलों को इन निर्देशों का सख्ती से पालन करने को कहा है.

POST A COMMENT