कभी 20-25 लाख की कमाई, अब नींबू के आकार के अमरूद: जालना के किसानों पर सूखे की मार

कभी 20-25 लाख की कमाई, अब नींबू के आकार के अमरूद: जालना के किसानों पर सूखे की मार

महाराष्ट्र के जालना जिले की अंबड तहसील के हस्तपोखरी गांव में कम बारिश और पानी की भारी कमी से अमरूद के बाग सूख रहे हैं. कुएं, पाझर तालाब और खेत तालाब सूख चुके हैं, फल नींबू के आकार के रह गए हैं और किसानों को लागत निकालना भी मुश्किल हो रहा है. किसानों ने नदी जोड़ परियोजना के जरिए स्थायी समाधान और आर्थिक सहायता की मांग की है.

Advertisement
कभी 20-25 लाख की कमाई, अब नींबू के आकार के अमरूद: जालना के किसानों पर सूखे की मारजालना में सूखे की मार, अमरूद के बाग बर्बाद

महाराष्ट्र में जालना जिले के अंबड तहसील के हस्तपोखरी गांव की पहचान अमरूद उत्पादक गांव के रूप में है. यहां के लखनऊ सफेदा अमरूद की मुंबई के बाजार तक अच्छी मांग रहती है. लेकिन इस साल कम बारिश और पानी की भारी कमी के चलते गांव की अमरूद की बागें सूखने लगी हैं. सालों की मेहनत से तैयार की गई बागें अब किसानों की आंखों के सामने बर्बाद हो रही हैं. 

किसानों ने इन बागों को तैयार करने में लाखों रुपये खर्च किए हैं, लेकिन इस साल फसल से कोई आमदनी होने की उम्मीद नहीं है. हस्तपोखरी के डॉ. नरेश अग्रवाल के खेत में करीब 10 से 12 एकड़ क्षेत्र में अमरूद के 5 हजार पेड़ लगाए गए हैं. पिछले 6 से 7 सालों से इन पेड़ों की देखभाल की जा रही है. इस बाग को तैयार करने और इसके रखरखाव पर करीब 10 से 12 लाख रुपये खर्च किए गए हैं. 

पानी की कमी से अमरूद के बाग सूख रहे

हर साल इस बाग से 20 से 25 लाख रुपये तक की आमदनी होती थी. लेकिन इस साल पानी की कमी के कारण पेड़ सूख रहे हैं. पिछले साल जहां एक अमरूद का वजन करीब 300 से 400 ग्राम तक होता था, वहीं इस साल फल नींबू के आकार के रह गए हैं. ऐसे में किसानों के लिए अपनी लागत निकालना भी मुश्किल हो गया है. 

सिर्फ एक किसान की नहीं, बल्कि पूरे हस्तपोखरी गांव की यही स्थिति है. गांव के अधिकांश किसानों ने अमरूद की बागवानी की है और यहां के लखनऊ सफेदा अमरूद की मुंबई के बाजार में अच्छी मांग रहती है. लेकिन इस साल पानी की कमी ने किसानों की सालों की मेहनत पर पानी फेर दिया है. 

किसान बताते हैं कि गांव के कुएं सूख चुके हैं, वहीं पाझर तालाब और खेत तालाबों में भी पानी नहीं बचा है. हालात इतने गंभीर हैं कि अब गांव में पीने के पानी और पशुओं के लिए भी पानी की किल्लत होने लगी है. किसानों का कहना है कि आने वाले दिनों में पानी की समस्या और भी गंभीर हो सकती है. 

अंबड तहसील के हस्तपोखरी गांव में एक हेक्टेयर क्षेत्र में अमरूद के बाग लगाने वाले किसान प्रल्हाद गाडे ने इस बाग पर करीब 70 हजार रुपये खर्च किए थे. उन्हें इस बाग से लगभग 5 लाख रुपये की आमदनी होने की उम्मीद थी. लेकिन पानी की कमी के कारण उन्हें अपनी बाग छोड़नी पड़ी. 

किसानों को आर्थिक सहायता देने की मांग  

आमतौर पर यहां के अमरूद का वजन 300 से 400 ग्राम तक होता है, लेकिन पानी की कमी के चलते अब फल बेर के आकार के रह गए हैं. हस्तपोखरी गांव के किसानों ने सरकार से नदी जोड़ परियोजना के माध्यम से गांव की पानी की समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है. 

इसके साथ ही, पानी की कमी के कारण सूख रहे अमरूद के बागों से प्रभावित किसानों को आर्थिक सहायता देने की भी मांग की जा रही है. जिस गांव की पहचान अमरूद के बागों और अच्छी पैदावार से होती थी, आज उसी गांव के किसान अपने बागों को बचाने के लिए पानी की एक-एक बूंद के लिए तरस रहे हैं. अब देखना होगा कि सरकार इन संकटग्रस्त किसानों की मदद के लिए कब कदम उठाती है.

POST A COMMENT