
खेत में जलती हुई गेहूं फसलउत्तर प्रदेश के रामपुर जिले के स्वार थानाक्षेत्र के अंतर्गत मीरापुर गांव में सोमवार को खेतों में लगी भीषण आग ने किसानों की महीनों की मेहनत को कुछ ही मिनटों में खत्म कर दिया. यह घटना उस समय हुई जब कई किसानों की फसल पूरी तरह तैयार खड़ी थी और कटाई के लिए मशीनें भी खेतों में पहुंच चुकी थीं. अचानक लगी आग ने तेजी से फैलते हुए करीब 10 एकड़ से ज्यादा क्षेत्र को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे कई किसानों को भारी आर्थिक नुकसान झेलना पड़ा. आग लगने के कारणों को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं हो पाई है, लेकिन स्थानीय लोगों ने कहा कि घटना के समय खेत के पास कुछ बच्चे मौजूद थे. हालांकि, यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि आग कैसे लगी.
आशंका जताई जा रही है कि इसी दौरान कोई चिंगारी या लापरवाही इसकी वजह हो सकती है. मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और आसपास के खेतों को भी अपनी चपेट में ले लिया. पीड़ित किसान आतिफ खान ने बताया कि आग पड़ोसी के खेत से फैलते हुए उनके खेत तक पहुंची और तेजी से कई खेतों में फसल जल गई.
लगभग 10 एकड़ जमीन की फसल जलकर पूरी तरह नष्ट हो गई, जिसमें अकेले उनका नुकसान 8 से 10 लाख रुपये तक का है. उन्होंने कहा कि फसल पूरी तरह तैयार थी और उसी दिन कटाई शुरू होनी थी, लेकिन उससे पहले ही आग ने सब कुछ खत्म कर दिया.

एक अन्य किसान मोहम्मद अहमद ने भी बताया कि उनके करीब 2 एकड़ खेत में खड़ी फसल जलकर नष्ट हो गई, जबकि आसपास के 6-7 किसानों की फसल भी इस आग की चपेट में आई है. उन्होंने बताया कि आग लगने के समय कुछ बच्चे पेड़ के पास बैठे हुए थे, लेकिन यह स्पष्ट नहीं हो पाया कि आग कैसे भड़की.
ग्रामीणों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग इतनी तेज थी कि उस पर काबू पाना मुश्किल हो गया. गांव वालों की सामूहिक कोशिशों से किसी तरह आग पर नियंत्रण पाया गया. कई ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया गया. फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक काफी नुकसान हो चुका था और अधिकांश फसल जलकर राख हो चुकी थी.
इस घटना के बाद किसान प्रशासन से मुआवजे की मांग कर रहे हैं. पीड़ित किसानों ने कहा कि उनकी आजीविका पूरी तरह इस फसल पर निर्भर थी और इस नुकसान से उबरना उनके लिए आसान नहीं होगा. वहीं, रामपुर के जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी ने बताया कि मामले की जानकारी प्रशासन को मिल गई है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि जांच के बाद रिपोर्ट शासन को भेजी जाएगी और शासन से मिले निर्देशों के अनुसार प्रभावित किसानों की हर संभव मदद की जाएगी. (आमिर खान की रिपोर्ट)
Copyright©2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today