अल नीनो के साए में भी सुरक्षित है गेहूं, पूर्व निदेशक ज्ञानेंद्र सिंह ने किसानों को दी सिंचाई की सलाहदेश में गेहूं की बुआई सामान्य गति से चल रही है और फिलहाल किसी तरह की चिंता की बात नहीं है. यह जानकारी ICAR-भारतीय गेहूं एवं जौ अनुसंधान संस्थान (IIWBR), करनाल के पूर्व निदेशक ज्ञानेंद्र सिंह ने 'किसान तक' से विशेष बातचीत में दी. उन्होंने कहा कि अल नीनो की आशंकाओं के बीच भी गेहूं की फसल पर अभी कोई संकट नहीं है.
ज्ञानेंद्र सिंह के मुताबिक उत्तर-पश्चिम के राज्यों में अगेती किस्मों की बुआई 25 अक्टूबर से 5 नवंबर के बीच होती है, जबकि 25 नवंबर के बाद पछेती किस्मों की बुआई की जाती है. हरियाणा और पंजाब में अगेती बिजाई पूरी हो चुकी है और इन राज्यों में फसल पर मौसम का अब तक कोई प्रतिकूल असर नहीं दिखा है.
उन्होंने कहा कि देश के किसान समझदार हैं और उन्हें पता है कि खेती कैसे करनी है, इसलिए गेहूं को लेकर चिंता की जरूरत नहीं है.
पूर्व निदेशक ने बताया कि अल नीनो को देखते हुए भी देश में गेहूं की फसल को अभी कोई खतरा नहीं है. खेतों में पर्याप्त नमी मौजूद है और आगे 2-3 बार बारिश होने की संभावना है. उन्होंने कहा कि अगर आगे चलकर अल नीनो की वजह से तापमान बढ़ता है तो किसान खेतों में हल्की सिंचाई कर सकते हैं.
साथ ही, जनवरी में अगर तापमान अचानक गिर जाए, तब भी फसल में एक हल्की सिंचाई करनी चाहिए.
उन्होंने यह भी कहा कि भारत में अब अधिकांश क्षेत्रों में बारिश आधारित गेहूं की खेती नहीं होती और ज्यादातर गेहूं सिंचित क्षेत्रों में उगाया जाता है, इसलिए सिंचाई की कोई बड़ी समस्या नहीं आएगी.
ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि गेहूं की खेती में सिंचाई और तापमान का विशेष ध्यान रखना पड़ता है. सामान्य तौर पर फसल 4 से 5 सिंचाई में ली जा सकती है, लेकिन विपरीत परिस्थितियों में 6 सिंचाई तक की जरूरत पड़ सकती है.
फसल को पानी की जरूरत है या नहीं, यह समझने का एक आसान तरीका भी उन्होंने बताया. किसान खेत में करीब डेढ़ इंच तक मिट्टी की खुदाई करें और नमी की जांच करें. अगर मिट्टी में नमी है तो सिंचाई की जरूरत नहीं है.
पछेती बिजाई करने वाले किसानों को उन्होंने विशेष सलाह दी कि वे मौसम और सिंचाई का खास ध्यान रखें. उन्होंने कहा कि अगर किसानों को फसल में किसी भी तरह की दिक्कत महसूस हो तो तुरंत कृषि वैज्ञानिक से संपर्क करना चाहिए.
ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि पहले हल्की बारिश में भी गेहूं की फसल गिर जाती थी और किसानों को नुकसान उठाना पड़ता था. पिछले 6-7 वर्षों में नई वैरायटियां आने से यह समस्या काफी हद तक सुलझ गई है, क्योंकि ये किस्में बारिश में गिरती नहीं हैं. फिर भी अगर बारिश ज्यादा हो जाए तो खेत से पानी निकालने का इंतजाम रखना चाहिए.
उन्होंने कहा कि गेहूं की कई उन्नत किस्में आ चुकी हैं और अनुशंसित किस्मों की खेती सही ढंग से की जाए तो खाद-पानी की कमी से कोई बड़ा संकट पैदा नहीं होता.
उत्तर-पश्चिम भारत में पराली जलाने की समस्या अब न के बराबर रह गई है. इसलिए खेतों में नमी और कार्बनिक तत्वों की कमी नहीं होगी, जिसका सीधा फायदा गेहूं की फसल को मिलेगा.
पूर्व निदेशक के अनुसार हरियाणा और पंजाब में गेहूं की पैदावार बहुत अच्छी है. इन दोनों राज्यों में उपज 40-45 क्विंटल प्रति एकड़ है, जबकि राष्ट्रीय स्तर पर औसत उपज 35 क्विंटल है.
अब तक गेहूं की बुआई का रकबा कम रहने की आशंका जताई जा रही है. हालांकि ज्ञानेंद्र सिंह के मुताबिक इस बार उत्पादन 3-4 प्रतिशत अधिक रहने का अनुमान है. ऐसे में अगर रकबा कुछ कम भी होता है तो बढ़ी हुई उत्पादकता उसकी भरपाई कर देगी.
उन्होंने कहा कि गेहूं की फसल पूरी तरह रिस्क फ्री है, इसलिए रकबे और उत्पादन को लेकर चिंता नहीं करनी चाहिए. कुल मिलाकर गेहूं को लेकर अभी कोई संकट नहीं है.
Copyright©2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today