सैकड़ों बीघा गेहूं जलकर राखउत्तर प्रदेश के सहारनपुर के गांव कलसी में अचानक लगी भीषण आग ने किसान की खड़ी फसल को चंद मिनटों में राख कर दिया. बताया जा रहा है कि बिजली के पोल में हुए शॉर्ट सर्किट से निकली चिंगारी ने गेहूं के खेत में आग पकड़ ली, जो देखते ही देखते फैलती चली गई. आग इतनी तेज थी कि करीब 15 बीघा गेहूं की फसल जलकर पूरी तरह तबाह हो गई, जिससे किसान को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा.
घटना के समय खेत में काम कर रहे किसानों ने अचानक आग की लपटें उठती देख शोर मचाया और आसपास के ग्रामीणों को बुलाया. महावीर और सुखबीर के खेत, जो गांव के बाहर रास्ते पर हैं, वो देखते ही देखते आग की चपेट में आ गए. ग्रामीणों ने बाइक सवार लोगों की मदद से और पेड़ की टहनियों से आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन तब तक आग काफी दूर तक फैल चुकी थी और फसल को बचाया नहीं जा सका.
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाने का प्रयास किया गया. आग लगने का कारण फिलहाल बिजली के तारों से निकली चिंगारी बताया जा रहा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है. इस घटना से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए. वहीं, जलती हुई फसल का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. ग्रामीणों ने इस घटना को बिजली विभाग की लापरवाही बताते हुए प्रशासन से पीड़ित किसान को जल्द से जल्द मुआवजा देने की मांग की है, ताकि किसान को हुए नुकसान की भरपाई हो सके.
इसके अलावा यूपी के ही औरैया जिले में गेहूं की फसल में अज्ञात कारणों के चलते आग लगने का मामला सामने आया है. आग पर ग्रामीणों और फायर ब्रिगेड ने काबू पाने की कोशिश की तब तक करीब दो सौ बीघा से अधिक फसल जलकर खाक हो गई. बका दें कि ये घटना औरैया जिले के बेला थाना क्षेत्र के दलपपुर और पुरवा भदौरिया गांव की है. घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची उप जिलाधिकारी और पुलिस क्षेत्राधिकारी के द्वारा ग्रामीणों का सहयोग किया गया. वहीं, जिला अधिकारी औरैया इंद्रमणि त्रिपाठी के निर्देशन में क्षेत्रीय लेखपालों की सर्वे के लिए लगाया गया. सर्वे पूर्ण होने पर किसानों जल्द मुआवजा दिलाया जाएगा. (राहुल कुमार और सूर्य प्रकाश शर्मा की रिपोर्ट)
Copyright©2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today