गेहूं की बुआई पिछड़ी, दलहन-तिलहन भी पीछेरबी सीजन 2026-27 की बुआई की रफ्तार इस बार पिछले साल के मुकाबले धीमी दिख रही है. केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय (DA&FW) की ताजा साप्ताहिक रिपोर्ट के अनुसार, 13 नवंबर 2026 तक गेहूं की बुआई 50.07 लाख हेक्टेयर में हो पाई है, जबकि पिछले साल इसी अवधि तक 59.10 लाख हेक्टेयर में बुआई हो चुकी थी. यानी गेहूं का रकबा करीब 9.03 लाख हेक्टेयर (लगभग 15.3 प्रतिशत) पीछे चल रहा है. गेहूं के साथ दलहन और तिलहन की बुआई में भी गिरावट दर्ज की गई है.
मंत्रालय के आंकड़ों में गेहूं का सामान्य रकबा 315.23 लाख हेक्टेयर माना गया है, जबकि 2025-26 में गेहूं का अनुमानित रकबा 336.00 लाख हेक्टेयर रहा था. इसके मुकाबले अब तक करीब 50.07 लाख हेक्टेयर में ही बुआई हुई है, जो सामान्य रकबे का लगभग 16 प्रतिशत है.
रबी की मुख्य फसल होने के कारण गेहूं की बुआई पर सबकी नजर रहती है. अगेती किस्मों की बुआई का दौर आमतौर पर नवंबर के शुरुआती दिनों तक चलता है, जबकि पछेती किस्मों की बुआई नवंबर के अंत के बाद होती है. ऐसे में आने वाले हफ्तों में बुआई की गति से तय होगा कि यह अंतर कितना कम होता है.
कुल दलहन की बुआई इस बार 47.00 लाख हेक्टेयर में हुई है, जबकि पिछले साल इसी समय तक 54.87 लाख हेक्टेयर में बुआई हो चुकी थी. यानी 7.87 लाख हेक्टेयर (करीब 14.3 प्रतिशत) की कमी है.
इस गिरावट की सबसे बड़ी वजह चना है. चने का रकबा 31.13 लाख हेक्टेयर रहा, जो पिछले साल के 39.70 लाख हेक्टेयर से 8.57 लाख हेक्टेयर (करीब 21.6 प्रतिशत) कम है. चने का सामान्य रकबा 99.84 लाख हेक्टेयर माना जाता है, जबकि 2025-26 में इसका अनुमानित रकबा 96.60 लाख हेक्टेयर रहा था.
हालांकि कुछ दलहनी फसलों में बढ़त भी है-
वहीं मटर का रकबा 4.20 लाख हेक्टेयर रहा, जो पिछले साल से 0.44 लाख हेक्टेयर कम है. अन्य दलहन में भी 0.07 लाख हेक्टेयर की कमी है.
कुल तिलहन की बुआई 61.71 लाख हेक्टेयर में हुई है, जबकि पिछले साल इसी अवधि में यह 66.62 लाख हेक्टेयर थी. इस तरह तिलहन का रकबा 4.91 लाख हेक्टेयर (करीब 7.4 प्रतिशत) घटा है.
तिलहन में सबसे बड़ी हिस्सेदारी वाली फसल सरसों-राई में 59.31 लाख हेक्टेयर में बुआई हुई है, जो पिछले साल के 64.78 लाख हेक्टेयर से 5.47 लाख हेक्टेयर (करीब 8.4 प्रतिशत) कम है. सरसों का सामान्य रकबा 82.78 लाख हेक्टेयर है.
श्रीअन्न समेत मोटे अनाजों का कुल रकबा 11.56 लाख हेक्टेयर रहा, जो पिछले साल के 12.18 लाख हेक्टेयर से 0.62 लाख हेक्टेयर कम है.
इसमें जौ की बुआई 1.13 लाख हेक्टेयर में हुई है, जबकि पिछले साल यह 1.99 लाख हेक्टेयर थी. यानी जौ का रकबा 0.86 लाख हेक्टेयर (करीब 43 प्रतिशत) घटा है. ज्वार का रकबा 6.24 लाख हेक्टेयर रहा, जो 0.17 लाख हेक्टेयर कम है. दूसरी ओर रागी (0.71 लाख हेक्टेयर, 0.22 लाख हेक्टेयर की बढ़त) और मक्का (3.41 लाख हेक्टेयर, 0.21 लाख हेक्टेयर की बढ़त) में बढ़ोतरी दर्ज हुई है.
रबी सीजन में धान की बुआई 7.91 लाख हेक्टेयर में हुई है, जो पिछले साल के 8.26 लाख हेक्टेयर से 0.35 लाख हेक्टेयर कम है.
सभी रबी फसलों को मिलाकर अब तक कुल 178.25 लाख हेक्टेयर में बुआई हुई है. पिछले साल इसी अवधि तक यह आंकड़ा 201.04 लाख हेक्टेयर था. इस तरह कुल रकबा 22.79 लाख हेक्टेयर (करीब 11.3 प्रतिशत) पीछे चल रहा है. रबी फसलों का सामान्य रकबा 645.15 लाख हेक्टेयर माना गया है, जबकि 2025-26 में कुल अनुमानित रकबा 690.69 लाख हेक्टेयर रहा था.
ये आंकड़े 13 नवंबर तक के हैं और रबी की बुआई दिसंबर तक चलती है. पछेती गेहूं समेत कई फसलों की बुआई अभी बाकी है, इसलिए यह अंतर आगे घट भी सकता है. रिपोर्ट में रकबे में कमी के कारणों का जिक्र नहीं है, इसलिए आने वाले साप्ताहिक आंकड़े ही साफ करेंगे कि बुआई की यह सुस्ती अस्थायी है या फसल क्षेत्र में कोई बदलाव हो रहा है.
Copyright©2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today