कंद वाली फसलों की खेती को बढ़ावा (AI Image)केरल सरकार राज्य में कंद वाली फसलों (Tuber Crops) की खेती को बढ़ावा देने के लिए नई योजना शुरू करने जा रही है. 'न्यूट्री ट्यूबर केरलम' नाम की इस योजना के तहत किसानों को दूसरी फसलों के साथ सह-फसली (Intercropping) के रूप में कंद वाली फसलें उगाने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा. सरकार का लक्ष्य खाद्य उत्पादन बढ़ाने, राज्य को खाद्य उत्पादन में आत्मनिर्भर बनाने और लोगों को पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने का है. राज्य के कृषि मंत्री टी सिद्दीकी ने तिरुवनंतपुरम के श्रीकार्यम स्थित आईसीएआर-केंद्रीय कंद फसल अनुसंधान संस्थान (CTCRI) में राज्य स्तरीय कंद फसल दिवस समारोह का उद्घाटन करते हुए योजना की जानकारी दी.
उन्होंने बताया कि 'न्यूट्री ट्यूबर केरलम' योजना को कृषि भवनों, आदिवासी समुदायों और किसानों के सहयोग से लागू किया जाएगा. इसके तहत कंद वाली फसलों को दूसरी फसलों के साथ उगाने पर जोर रहेगा, जिससे खेती का दायरा बढ़ाने के साथ खाद्य उत्पादन में भी वृद्धि की जा सके.
मंत्री टी सिद्दीकी ने कहा कि खानपान की बदलती आदतों और सब्जियों में कीटनाशकों के अत्यधिक इस्तेमाल का लोगों के स्वास्थ्य पर गंभीर असर पड़ रहा है. खाद्य पदार्थों में कीटनाशकों के अवशेष कैंसर, किडनी संबंधी बीमारियों और जीवनशैली से जुड़ी स्वास्थ्य समस्याओं में बढ़ोतरी की एक वजह बन रहे हैं. उन्होंने कहा कि केरल के लोगों को अब स्वास्थ्य सेवाओं पर बड़ी रकम खर्च करनी पड़ रही है.
कृषि मंत्री ने लोगों से 'मेरा भोजन, मेरी जिम्मेदारी' की सोच अपनाने और अपने स्तर पर कंद वाली फसलों की खेती करने की अपील की. उन्होंने कहा कि पौष्टिक भोजन को बढ़ावा देने के लिए लोगों की भागीदारी जरूरी है. घरों और खेती के स्तर पर ऐसी फसलों का उत्पादन बढ़ाकर पोषण संबंधी जरूरतों को पूरा करने में मदद मिल सकती है.
मंत्री ने बताया कि सरकार अगले शैक्षणिक सत्र में 'कथिर' कृषि क्लबों का विस्तार करने की योजना बना रही है. फिलहाल ये क्लब 500 स्कूलों में संचालित हैं, जिनकी संख्या बढ़ाकर 5,000 करने का लक्ष्य है. इसके अलावा कॉलेजों और आईटी संस्थानों में भी कृषि क्लब शुरू किए जाएंगे. कृषि गतिविधियों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को ग्रेस मार्क्स देने पर भी सरकार विचार कर रही है.
केरल सरकार कृषि उत्पादों के निर्यात और मूल्यवर्धित उत्पादों की मार्केटिंग को बढ़ावा देने के लिए एक बड़े बिजनेस-टू-बिजनेस (B2B) कृषि एक्सपो का आयोजन करेगी. इसमें विदेशी कंपनियों को भी शामिल किया जाएगा.
इसके साथ ही खेती में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), ड्रोन और इंटरनेट ऑफ थिंग्स (IoT) जैसी आधुनिक तकनीकों के इस्तेमाल को बढ़ावा देने की योजना है. सरकार किसानों को कार्बन क्रेडिट का लाभ दिलाने के लिए एक कार्बन क्रेडिट सेल भी स्थापित करेगी.
कार्यक्रम के दौरान कृषि मंत्री टी सिद्दीकी ने अंबलवायल के के बाबू को सम्मानित किया. उन्हें कंद वाली फसलों की खेती में उत्कृष्ट योगदान के लिए राष्ट्रीय स्तर पर सर्वश्रेष्ठ कंद फसल किसान का पुरस्कार मिला है. समारोह में कृषि क्षेत्र में उल्लेखनीय काम करने वाले अन्य लोगों को भी सम्मानित किया गया.
Copyright©2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today