एक और तूफान का खतरा (AI- Image)बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवात 'अर्नब' का असर अब देश के कई हिस्सों में दिखाई देने लगा है. ओडिशा और आंध्र प्रदेश में भारी बारिश और तेज हवाओं से नुकसान की खबरें हैं. वहीं, अर्नब के कमजोर पड़ने के बाद बंगाल की खाड़ी में एक नया मौसमी सिस्टम बन गया है. भारतीय मौसम विज्ञाम विभाग के मुताबिक, दक्षिण अंडमान सागर में बना कम दबाव का क्षेत्र अगले 72 घंटों में चक्रवात का रूप ले सकता है. इससे एक और तूफान आने की आशंका बढ़ गई है, जिसका असर कई राज्यों में दिख सकता है. ऐसे में आइए जानते हैं कैसा रहेगा मौसम का हाल.
दिल्ली-NCR में पश्चिमी विक्षोभ और चक्रवात अर्नब के प्रभाव से मौसम का मिजाज बदल गया है. गुरुवार सुबह से शुरू हुई बारिश कई इलाकों में रुक-रुककर शुक्रवार सुबह तक जारी है. पश्चिमी और मध्य दिल्ली में बारिश का ज्यादा असर देखने को मिला. अनुमान है कि इस दौर में शुक्रवार तक कई इलाकों में कुल बारिश का आंकड़ा 50 मिलीमीटर के पार पहुंच सकता है. लगातार बारिश और तेज हवाओं के चलते तापमान में भी भारी गिरावट दर्ज की गई है. लगातार बारिश के कारण दिल्ली का अधिकतम तापमान सामान्य से 5.6 डिग्री गिरकर 25.4 डिग्री सेल्सियस पर आ गया. यह पिछले 24 घंटे के मुकाबले 6.4 डिग्री कम है. वहीं, न्यूनतम तापमान 19.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
इस बीच बंगाल की खाड़ी में नया मौसमी सिस्टम सक्रिय हो गया है. दक्षिण अंडमान सागर में बने कम दबाव के क्षेत्र के अगले 72 घंटों में चक्रवात में बदलने की आशंका जताई गई है. अगर ऐसा होता है, तो देश के पूर्वी और तटीय इलाकों में मौसम की मुश्किलें बढ़ सकती हैं. फिलहाल कई राज्यों में बारिश, तेज हवाओं और बिजली गिरने का खतरा बना हुआ है. ऐसे में लोगों को मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान और स्थानीय प्रशासन की सलाह पर नजर रखने की जरूरत है.
चक्रवात अर्नब के असर से उत्तर भारत के पहाड़ी राज्यों में भी मौसम बदलने लगा है. हिमाचल प्रदेश में 30 से 31 अक्टूबर के बीच बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है. मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने कुछ जिलों में अंधड़ और बिजली गिरने को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग के अनुसार, शिमला, मंडी, सोलन, सिरमौर, कुल्लू और किन्नौर में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. लंबे समय से बारिश का इंतजार कर रहे लोगों और किसानों के लिए मौसम का यह बदलाव अहम माना जा रहा है.
मौसम विभाग ने उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश की आशंका जताई है. इन इलाकों में व्यापक स्तर पर बारिश हो सकती है. वहीं, गांगेय पश्चिम बंगाल में भी कई जगहों पर बारिश का अनुमान है. अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के लिए भी ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. यहां कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश होने की संभावना है.
मौसम विभाग के मुताबिक, झारखंड, ओडिशा और छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में बारिश हो सकती है. इन राज्यों में कुछ स्थानों पर भारी बारिश का अनुमान है. ओडिशा में चक्रवात अर्नब के असर से पहले ही कई इलाकों में मौसम खराब हुआ है. बिहार के कई जिलों में तेज बारिश के साथ तूफानी हवाएं चलने की आशंका है. तेज हवाओं से कमजोर पेड़, बिजली के तार और अस्थायी निर्माण प्रभावित हो सकते हैं. लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और कमजोर ढांचों से दूर रहने की सलाह दी जाती है.
मौसम विभाग ने मछुआरों को 30 अक्टूबर की शाम से 31 अक्टूबर तक पूर्वी-मध्य और दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी के कुछ हिस्सों में समुद्र में न जाने की सलाह दी है. किसानों को भी सलाह है कि वे अपनी फसलों की कटाई, अनाज के भंडारण और खेतों में सिंचाई से जुड़े काम मौसम की स्थिति देखकर करें, जहां तेज बारिश या आंधी की चेतावनी हो, वहां खुले में रखी फसल और कृषि उपकरणों को सुरक्षित स्थान पर रखें.
Copyright©2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today