
भैंस जैसे ही दो से ढाई साल की होती है तो उसके हीट में आने का इंतजार किया जाता है. और जब इस उम्र की भैंस हीट में नहीं आती है तो पशुपालक की परेशानी बढ़ जाती है. क्योंकि पशुपालक चार भैंस वाला हो या 20 भैंस वाला, हर कोई ये चाहता है कि उसके पशु वक्त से हीट में आ जाएं और बच्चा दे दें. एनिमल एक्सपर्ट की मानें तो जब तक भैंस हीट में नहीं आएगी तो वो गाभिन नहीं होगी. और गाभिन नहीं होगी तो बच्चा नहीं देगी. और भैंस का दूध देना उसके बच्चा देने पर ही निर्भर करता है. और हीट में आने के लिए वक्त लेने वाली भैंस पशुपालकों की लागत को बढ़ाती हैं. ऐसी भैंस पशुपालक के मुनाफे को कम कर देती हैं.
क्योंकि दो साल की उम्र वाली भैंस भी उतना ही खाती है जितना दूध देने वाली भैंस. गौरतलब रहे देशभर के करीब 30 फीसद दुधारू पशुओं में बाझंपन की परेशानी है. लेकिन छोटी-छोटी बातों पर ध्यान देते हुए बांझपन की बीमारी को जड़ से खत्म किया जा सकता है. गुरु अंगद देव वेटरनरी एंड एनिमल साइंसेज यूनिवर्सिटी (गडवासु), लुधियाना में लगातार इस पर काम चल रहा है कि कैसे बांझपन के इलाज को सस्ता बनाया जाए.
गडवासु का सेंटर ऑफ एडवांस फैकल्टी ट्रेनिंग (सीएएफटी) लगातार एडवांस्ड इनसाइट्स ऑन थेरियोजेनोलॉजी टू अमेलियोरेट रिप्रोडक्टिव हेल्थ ऑफ डोमेस्टिक एनिमल्स" जैसे विषय पर काम कर रहा है. एक्सपर्ट इस बारे में पशुपालकों को ये जानकारी देते हैं कि अगर वो चाहते हैं कि उनके पशुओं में बांझपन की समस्या न हो तो उन्हें सबसे पहला काम यह करना है कि वो बांझपन का इलाज कराने में देरी न करें. क्योंकि बांझपन जितना पुराना होगा तो उसके इलाज में उतनी ही परेशानी आएगी.
इसलिए सही समय पर पशुओं की जांच कराएं. अगर भैंस दो से ढाई साल में हीट पर नहीं आती है तो ज्यादा से ज्यादा दो से तीन महीने ही इंतजार करें, अगर फिर भी हीट में नहीं आती है तो फौरन अपने पशु की जांच कराएं. इसी तरह से गाय के साथ है. अगर गाय डेढ़ साल में हीट पर न आए तो उसे भी दो-तीन महीने इंजार के बाद डॉक्टर से सलाह लें.
एक्सपर्ट बताते हैं कि एक बार बच्चा देने के बाद भी बांझपन की शिकायत आती है. इसलिए अगर गाय-भैंस एक बार बच्चा देती है तो दोबारा उसे गाभिन कराने में देरी न करें. आमतौर पर पहली ब्यात के बाद दो महीने का अंतर रखा जाता है. लेकिन इस अंतर को ज्यादा ना रखें. अंतर जितना ज्यादा रखा जाएगा बांझपन की परेशानी बढ़ने की संभावना उतनी ही ज्यादा हो सकती है.
ये भी पढ़ें:
Milk Production: गाय-भैंस के बच्चा देने के बाद इन 5 कारणों से कम हो सकता है दूध उत्पादन
EL-Nino: डेयरी-पशुपालन पर बढ़ा अल नीनो का खतरा, कम हो सकता है दूध उत्पादन!
Copyright©2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today