यूपी के कई जिलों में घने कोहरे का अलर्ट, मुजफ्फरनगर में 10℃ पहुंचा तापमान, जानें IMD का लेटेस्ट अपडेट्स

यूपी के कई जिलों में घने कोहरे का अलर्ट, मुजफ्फरनगर में 10℃ पहुंचा तापमान, जानें IMD का लेटेस्ट अपडेट्स

UP Weather update: मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के दक्षिण में अंडमान सागर के ऊपर एक चक्रवात बनने की संभावना है. यह चक्रवात 22 से 23 नवंबर के बीच और अधिक तीव्र हो सकता है. ऐसा पूर्वानुमान जताया जा रहा है.

राजधानी लखनऊ में भी न्यूनतम तापमान 11.8℃ रिकार्ड किया गया.राजधानी लखनऊ में भी न्यूनतम तापमान 11.8℃ रिकार्ड किया गया.
नवीन लाल सूरी
  • Lucknow,
  • Nov 21, 2024,
  • Updated Nov 21, 2024, 7:21 AM IST

उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज बदल चुका है. कई जिलों में पारा गिरने से ठीकठाक ठंड होने लगी है. वहीं कई जिलों में न्यूनतम तापमान 10℃ तक पहुंच गया है. इतना ही नहीं, राजधानी लखनऊ में भी न्यूनतम तापमान 11.8℃ रिकार्ड किया गया. जबकि अधिकतम तापमान 25.6℃ के आसपास दर्ज किया गया है. इसी क्रम में 21 नवंबर यानी गुरुवार को प्रदेश के पश्चिमी व पूर्वी हिस्से में मौसम साफ रह सकता है. इस दौरान दोनों हिस्सों में सुबह के समय कहीं-कहीं पर छिछला से मध्यम कोहरा छाने की संभावना है. वहीं मौसम विभाग ने पूर्वी यूपी में देर रात और सुबह तड़के के समय कुछ जगहों पर घना कोहरा छाने का अलर्ट जारी किया है.

यूपी के कई जिलों में घने कोहरे की चेतावनी

लखनऊ स्थित भारतीय मौसम विभाग (IMD) के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक, आज सुबह आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संतकबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर सुल्तानपुर, अयोध्या, अम्बेडकर नगर और उसके आसपास के इलाकों में घना से बहुत घना कोहरा होने की संभावना जताई है. इस दौरान प्रतापगढ़, वाराणसी, जौनपुर, गाजीपुर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती और बहराइच में घना कोहरा का अलर्ट है.

साथ ही लखीमपुर खीरी, सीतापुर, कानपुर नगर, उन्नाव, लखनऊ, बाराबांकी, रायबरेली, अमेठी और उसके आसपास इलाकों में भी घना कोहरा छाने की संभावना जताई गई है. गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संतकबीर नगर, कुशनागर, महराजगंज और आसपास के इलाकों में घना कोहरा छाने की संभावना है.

कैसा रहेगा आने वाला मौसम

मौसम वैज्ञानिक ने बताया कि 23, 24, 25 और 26 नवंबर को भी मौसम के इसी तरह से रहने के आसार जताए गए हैं. इसके अलावा प्रदेश के मुजफ्फरनगर में न्यूनतम तापमान 10℃ तक पहुंच गया है. जबकि मेरठ में 10.1℃, कानपुर शहर में 10.2℃, फुरसतगंज में 10.5℃ न्यूनतम तापमान रिकार्ड किया गया है. फिलहाल प्रदेश में 26 नवंबर तक मौसम ऐसा ही बना रह सकता है और ठंड और कोहरे का सितम जारी रहेगा. 

बंगाल की खाड़ी में चक्रवात की हलचल

मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के दक्षिण में अंडमान सागर के ऊपर एक चक्रवात बनने की संभावना है. यह चक्रवात 22 से 23 नवंबर के बीच और अधिक तीव्र हो सकता है. ऐसा पूर्वानुमान जताया जा रहा है. हालांकि इस चक्रवात का फिलहाल यूपी में कोई असर नहीं दिखेगा. वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि बंगाल की खाड़ी में नए चक्रवात को लेकर हलचल है, जिससे कई राज्यो में गरज चमक के साथ बूंदाबांदी हो सकती है, लेकिन इसका असर यूपी में नहीं दिखाई देगा. क्योंकि इस मौसम में हवाएं यूपी से दक्षिण की ओर अंडमान सागर की तरफ बहती हैं.

वायु प्रदूषण के चलते यूपी के 5 जिलों में स्कूल बंद

दिल्ली और एनसीआर में बढ़ रहे वायु प्रदूषण का असर यूपी के स्कूलों पर भी पड़ने लगा है. मेरठ, हापुड़, बुलंदशहर, बागपत, गाजियाबाद और नोएडा पॉल्युशन, धुंध की चपेट में हैं. जिसका असर सबसे ज्यादा बच्चों और बुजुर्गों पर पड़ रहा है. इसे देखते हुए प्रदेश के पांच जिलों में 12वीं तक के स्कूल बंद करने के आदेश दिए गए हैं. बागपत, मेरठ, हापुड़ और बुलंदशहर जिला प्रशासन ने भी एहतियातन कदम उठाते हुए 12वीं तक के स्कूल अगले आदेश तक बंद रखने के आदेश दे दिए हैं. इस दौरान ऑनलाइन क्लासें चलेंगी. 

 

MORE NEWS

Read more!