Weather Update: आज रात आंध्र तट से टकराएगा चक्रवाती तूफान 'मुरासु'! इन राज्‍यों में दिखेगा सबसे ज्‍यादा असर

Weather Update: आज रात आंध्र तट से टकराएगा चक्रवाती तूफान 'मुरासु'! इन राज्‍यों में दिखेगा सबसे ज्‍यादा असर

चक्रवाती तूफान 'मुरासु' के आज रात आंध्र प्रदेश के तट से टकराने का अनुमान है. IMD के मुताबिक, इस दौरान 100 से 110 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, तेलंगाना और ओडिशा समेत कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है.

cyclone murasucyclone murasu
क‍िसान तक
  • Noida,
  • Nov 02, 2026,
  • Updated Nov 02, 2026, 8:54 AM IST

बंगाल की खाड़ी में बना चक्रवाती तूफान मुरासु (Murasu) अब गंभीर चक्रवाती तूफान में तब्दील हो गया है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, 2 नवंबर की सुबह 2:30 बजे तूफान पश्चिम-मध्य और उससे सटे दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर केंद्रित था. यह पिछले छह घंटों के दौरान करीब 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ा है. तूफान के प्रभाव से दक्षिण आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों में तेज हवाओं और मूसलाधार बारिश का खतरा बढ़ गया है. मौसम विभाग के मुताबिक, चक्रवात मुरासु के 2 नवंबर की आधी रात से 3 नवंबर की सुबह के बीच दक्षिण आंध्र प्रदेश के तट को पार करने की आशंका है. इसके नेल्लोर और नरसापुर के बीच ओंगोल के आसपास तट से टकराने का अनुमान है. इस दौरान हवा की रफ्तार 100 से 110 किलोमीटर प्रति घंटा रह सकती है, जबकि झोंकों की रफ्तार 120 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की आशंका है.

इन राज्‍यों में भारी बारिश का खतरा

चक्रवात मुरासु के कारण दक्षिण भारत के कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश होने का अनुमान है. मौसम विभाग ने 2 और 3 नवंबर को तटीय आंध्र प्रदेश, रायलसीमा और तेलंगाना में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी है. तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में इन दोनों दिनों के दौरान कुछ स्थानों पर अत्यंत भारी बारिश भी हो सकती है. वहीं, तेलंगाना में 3 नवंबर को अत्यंत भारी बारिश की आशंका जताई गई है.

तमिलनाडु में आज भारी से बहुत भारी बारिश का पूर्वानुमान है. पुडुचेरी और कराईकल के कुछ इलाकों में भी बारिश का असर देखने को मिल सकता है. केरल और माहे में 1 से 4 नवंबर तक कुछ जगहों पर भारी बारिश होने की संभावना है. तटीय कर्नाटक में 3 नवंबर और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में 2 और 3 नवंबर को भारी बारिश हो सकती है.

इसके अलावा छत्तीसगढ़ और दक्षिण ओडिशा में 3 और 4 नवंबर को भारी से बहुत भारी बारिश होने का अनुमान है. दक्षिण ओडिशा में कुछ इलाकों में बहुत भारी बारिश की आशंका है. मौसम विभाग ने इन इलाकों में गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की भी चेतावनी दी है.

मध्य भारत में भी बदलेगा मौसम

उधर, मध्य भारत के राज्यों में भी अगले कुछ दिनों तक मौसम का मिजाज बदला रहेगा. मध्य प्रदेश के पूर्वी हिस्सों में 1 से 5 नवंबर तक कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. पश्चिमी मध्य प्रदेश में 3 से 5 नवंबर के बीच छिटपुट बारिश का अनुमान है. विदर्भ में 2 से 5 नवंबर तक बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं.

छत्तीसगढ़ में 3 और 4 नवंबर को कई स्थानों पर बारिश होने की संभावना है. 3 और 4 नवंबर को कुछ इलाकों में बहुत भारी बारिश भी हो सकती है. राज्य में गरज-चमक और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है.

पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत में बारिश का पूर्वानुमान

ओडिशा में 2 से 4 नवंबर के दौरान कई स्थानों पर बारिश हो सकती है. दक्षिण ओडिशा में 3 और 4 नवंबर को बहुत भारी बारिश की आशंका है. झारखंड, बिहार, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भी कुछ स्थानों पर बारिश होने का अनुमान है. अंडमान और निकोबार द्वीपसमूह में 1 से 7 नवंबर तक बारिश की गतिविधियां जारी रह सकती हैं.

पूर्वोत्तर भारत की बात करें तो अरुणाचल प्रदेश में 1 से 5 नवंबर तक कुछ स्थानों पर बारिश होने की संभावना है. असम और मेघालय के साथ नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 1 से 7 नवंबर के बीच छिटपुट बारिश का पूर्वानुमान है. अरुणाचल प्रदेश में 2 नवंबर को कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है.

उत्तर भारत में कैसा रहेगा मौसम?

उत्तर-पश्चिम भारत में दक्षिण भारत जैसी व्यापक बारिश की संभावना नहीं है. जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में आज कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है. जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में 5 नवंबर को भी छिटपुट बारिश का अनुमान है.

वहीं, उत्तर प्रदेश के पूर्वी हिस्सों में आज कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है. वहीं, प्रदेश के कुछ इलाकों में सुबह के समय हल्का से मध्यम कोहरा छाने की संभावना है. मौसम विभाग ने आज उत्तर प्रदेश में छिटपुट स्थानों पर उथले से मध्यम कोहरे का पूर्वानुमान जारी किया है.

इसके अलावा दिल्ली-एनसीआर में अगले कुछ दिनों तक आसमान मुख्य रूप से साफ रहने की संभावना है. मौसम विभाग के मुताबिक, 2 नवंबर को दिल्ली में अधिकतम तापमान 28 से 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 16 से 18 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है. 3 नवंबर को भी अधिकतम तापमान 28 से 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 15 से 17 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. इस दौरान उत्तर-पश्चिम दिशा से हवाएं चलेंगी.

MORE NEWS

Read more!