चक्रवात 'मुरासु' का असर जारी! आंध्र प्रदेश-तेलंगाना समेत कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट

चक्रवात 'मुरासु' का असर जारी! आंध्र प्रदेश-तेलंगाना समेत कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट

चक्रवात मुरासु कमजोर पड़ने के बावजूद कई राज्यों में इसका असर जारी है. मौसम विभाग ने 4 नवंबर को आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, ओडिशा और छत्तीसगढ़ समेत कई राज्यों में भारी बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी दी है.

चक्रवात मुरासुचक्रवात मुरासु
क‍िसान तक
  • New Delhi,
  • Nov 04, 2026,
  • Updated Nov 04, 2026, 9:24 AM IST

देश के कई राज्यों में मौसम का मिजाज बदल गया है. बंगाल की खाड़ी से उठे भीषण चक्रवाती तूफान 'मुरासु' का असर दक्षिण और मध्य भारत के कई हिस्सों में देखने को मिल रहा है. भारतीय मौमस विज्ञान विभाग यानी IMD के मुताबिक, 'मुरासु' तूफान के चलते आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, ओडिशा, तमिलनाडु और छत्तीसगढ़ में बारिश की गतिविधियां तेज हो सकती हैं. वहीं, कुछ इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश के साथ तेज हवाएं चलने की भी आशंका है. ऐसे में आइए जानते हैं आज के मौसम का हाल.

कई राज्यों में भारी बारिश का खतरा

मौसम विभाग के मुताबिक, चक्रवात मुरासु आंध्र प्रदेश के तट से टकराने के बाद कमजोर पड़ गया है. 4 नवंबर की सुबह तक यह कमजोर होकर डीप डिप्रेशन में बदल चुका है और तटीय आंध्र प्रदेश के साथ पूर्वी तेलंगाना के आसपास बना हुआ है. हालांकि, तूफान कमजोर होने के बावजूद इसका असर खत्म नहीं हुआ है।.आंध्र प्रदेश और तेलंगाना के कुछ हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है. इसके अलावा छत्तीसगढ़ में भी कुछ स्थानों पर भारी बारिश का अलर्ट है. आंध्र प्रदेश में गरज-चमक, बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका है. कुछ क्षेत्रों में अचानक बाढ़ आने का खतरा भी बना हुआ है.

इन राज्यों में भी बदलेगा मौसम

चक्रवात मुरासु का असर सिर्फ आंध्र प्रदेश तक सीमित नहीं रहेगा. 4 नवंबर को तेलंगाना के नलगोंडा, सूर्यपेट और नागरकर्नूल समेत कुछ इलाकों में भारी बारिश हो सकती है. छत्तीसगढ़ में भी कहीं-कहीं तेज बारिश के साथ आंधी और बिजली गिरने की संभावना है. वहीं, ओडिशा, तमिलनाडु और पुडुचेरी में कुछ स्थानों पर बारिश और गरज-चमक देखने को मिल सकती है. दक्षिण भारत के कुछ अन्य हिस्सों में भी बारिश की गतिविधियां जारी रहने का अनुमान है.  

पहाड़ी राज्यों में कैसा रहेगा मौसम

हिमाचल प्रदेश में 4 नवंबर को मौसम साफ और शुष्क रहने की संभावना है. मौसम विभाग ने राज्य में बारिश, बर्फबारी या तेज हवाओं को लेकर कोई विशेष चेतावनी जारी नहीं की है. आईएमडी के अनुसार, राज्य के पहाड़ी इलाकों में सुबह और रात के समय ठंड का असर बना रह सकता है. जम्मू-कश्मीर में बुधवार को मौसम में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है. मौसम विभाग ने यहां बारिश या बर्फबारी को लेकर कोई विशेष चेतावनी जारी नहीं की है. जम्मू-कश्मीर समेत पूरे उत्तर-पश्चिम भारत में अगले एक सप्ताह के दौरान कोई खास मौसमी गतिविधि होने की संभावना नहीं है.

दिल्ली-NCR में कैसा रहेगा मौसम?

दिल्ली-NCR की बात करें तो 4 नवंबर को मौसम शुष्क रहने का अनुमान है. आसमान मुख्य रूप से साफ रहेगा, हालांकि सुबह के समय हल्की धुंध देखने को मिल सकती है. मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, दिल्ली में अधिकतम तापमान 27 से 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 14 से 16 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है. फिलहाल राजधानी में बारिश की कोई संभावना नहीं है. हालांकि, बारिश थमने के बाद वायु प्रदूषण का स्तर बढ़ने से लोगों को सांस लेने में परेशानी हो सकती है.  

मछुआरों के लिए IMD की चेतावनी

मुरासु के कमजोर पड़ने के बावजूद बंगाल की खाड़ी और आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों में समुद्र की स्थिति अभी सामान्य नहीं हुई है. मछुआरों को 4 नवंबर की सुबह तक पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी और आंध्र प्रदेश के तट के आसपास समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी गई है. समुद्र में ऊंची लहरें उठने और तेज हवाएं चलने का खतरा बना हुआ है. 

MORE NEWS

Read more!