
उत्तर प्रदेश के कई जिलों में तेज बारिश का दौर जारी है. मौसम विभाग के मुताबिक, 28 जुलाई यानी मंगलवार को पूरे यूपी में गरज-चमक के साथ जबरदस्त बारिश की संभावना है. वहीं, यूपी के अलग-अलग जिलों में आज मेघगर्जन के साथ वज्रपात की भी संभावना जताई गई है. जबकि प्रदेश में अगले कुछ दिनों तक मूसलाधार बारिश हो सकती है, जिसके चलते अब तापमान में भी गिरावट देखने को मिलेगी.
लखनऊ के अमौसी स्थित क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि प्रदेश में 30 जुलाई तक गरज-चमक के साथ मूसलाधार बारिश हो सकती है. उन्होंने बताया कि मानसून टर्फ के उत्तर की ओर खिसकने और बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र के मजबूत होने से मानसून की रफ्तार तेज होगी. वहीं, राजधानी लखनऊ में मंगलवार को काले बादल छाए रहेंगे. इसके साथ ही लखनऊ में अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.
प्रदेश में मंगलवार को भीषण बारिश देखने को मिल सकती है. इसमें प्रयागराज, गोरखपुर, आगरा, मेरठ, गाजियाबाद, सहारनपुर, सोनभद्र, रामपुर, बरेली, मथुरा, मुरादाबाद, पीलीभीत, झांसी, आजमगढ़, कानपुर, वाराणसी और अयोध्या शामिल हैं. प्रदेश में इस साल अभी तक 325 मिमी बारिश दर्ज की गई है. वहीं, भारी बारिश के दौरान लोगों को जलभराव वाली जगहों पर न जाने की सलाह दी गई है.
मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, प्रदेश के इस हिस्से में 28 जुलाई से 2 अगस्त तक बारिश हो सकती है. जबकि 28-29 जुलाई को तेज बारिश होने की बात कही गई है. इस दौरान आंधी-तूफान आने की भी संभावना जताई जा रही है. बता दें कि सोमवार को भी प्रदेश के कई इलाकों में जबरदस्त बारिश देखने को मिली थी. इसमें मुजफ्फरनगर, मेरठ, सहारनपुर, बिजनौर, बरेली, कानपुर, रामपुर, बदायूं, मुरादाबाद, मैनपुरी, सीतापुर, ललितपुर, हरदोई, कन्नौज, बहराइच, कुशीनगर, गोरखपुर, प्रयागराज और देवरिया जिले शामिल हैं.
ये भी पढ़ें-
बंगाल की खाड़ी से उठा मॉनसूनी डिप्रेशन! इन राज्यों में जमकर बरसेंगे बादल
El Nino से फसल नुकसान होने पर कैसे मिलेगा PM Fasal Bima Yojana का क्लेम? जानिए पूरा प्रोसेस