फिर बदला मौसम का मिजाज, इन राज्‍यों में भारी बारिश का अलर्ट, पढ़ें दिल्‍ली-NCR का वेदर अपडेट

फिर बदला मौसम का मिजाज, इन राज्‍यों में भारी बारिश का अलर्ट, पढ़ें दिल्‍ली-NCR का वेदर अपडेट

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 10 अगस्त के लिए कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, पूर्वी राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, विदर्भ, बिहार, ओडिशा और पूर्वोत्तर के कई हिस्सों में तेज बारिश, गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना है.

aaj ka mausam photoaaj ka mausam photo
क‍िसान तक
  • Noida,
  • Aug 10, 2026,
  • Updated Aug 10, 2026, 7:00 AM IST

भारत में इन दिनों मौसम का मिजाज बदला-बदला सा है. कहीं बहुत भारी बारिश तो कहीं लोग सूखे से परेशान हैं. इस बीच, भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 10 अगस्त के लिए देश के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश, आंधी-तूफान और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है. विभाग के अनुसार, पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र, पूर्वी राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और विदर्भ में अगले दो दिनों तक भारी बारिश का दौर जारी रह सकता है. वहीं, 13 अगस्त के आसपास उत्तर बंगाल की खाड़ी और पश्चिम बंगाल-बांग्लादेश तट के पास नया कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है, जिससे पश्चिम बंगाल, ओडिशा, झारखंड, बिहार और छत्तीसगढ़ में बारिश की गतिविधियां फिर तेज हो सकती हैं. 

IMD के मुताबिक 10 अगस्त को उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, पूर्वी राजस्थान, पश्चिम उत्तर प्रदेश, पूर्वी मध्य प्रदेश, विदर्भ, छत्तीसगढ़, बिहार, ओडिशा, असम-मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, गुजरात के कुछ हिस्सों, कोंकण-गोवा, केरल और कर्नाटक के कई इलाकों में भारी बारिश की संभावना है. कई राज्यों में गरज-चमक और तेज हवाएं भी चल सकती हैं. 

दिल्ली-NCR के मौसम का हाल

मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली-NCR में 10 अगस्त को दिनभर बादल छाए रहने की संभावना है. दोपहर से रात के बीच कई स्थानों पर हल्की बारिश और कुछ इलाकों में मध्यम बारिश हो सकती है.  अधिकतम तापमान 33 से 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है. दक्षिण-पूर्वी दिशा से 20 किमी प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. 

उत्‍तर भारत में इन राज्‍यों में में होगी बारिश

वहीं, उत्तर भारत में आज जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश का सिलसिला जारी रहेगा. पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में भी बारिश की संभावना है. पूर्वी राजस्थान में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है. 

आईएमडी ने कहा है कि मध्य भारत में मध्य प्रदेश, विदर्भ और छत्तीसगढ़ में व्यापक बारिश का अनुमान है. पूर्वी मध्य प्रदेश, विदर्भ और छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में भारी बारिश हो सकती है, जबकि पश्चिम मध्य प्रदेश में भी बारिश का दौर जारी रहेगा. 

पूर्वोत्‍तर में गरज चमक के साथ बारिश के आसार

पूर्वी भारत ओडिशा में कई स्थानों पर बारिश जारी रहेगी. बिहार में 10 अगस्त को भारी बारिश की संभावना है, जबकि झारखंड और पश्चिम बंगाल में भी बारिश का दौर बना रहेगा. पूर्वोत्तर भारत में असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है. कई स्थानों पर भारी बारिश भी हो सकती है. 

पश्चिम भारत में आज कोंकण-गोवा, गुजरात, मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में बारिश का सिलसिला जारी रहेगा. गुजरात और कोंकण के कुछ हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है. वहीं, दक्षिण भारत में केरल, तटीय कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, तमिलनाडु, रायलसीमा और आंतरिक कर्नाटक में बारिश के साथ कई जगह तेज हवाएं और गरज-चमक की संभावना है. केरल और तटीय कर्नाटक में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है. 

किसानों के लिए जरूरी सलाह

IMD ने किसानों को सलाह दी है कि जिन क्षेत्रों में भारी बारिश की संभावना है वहां खेतों से अतिरिक्त पानी की निकासी की उचित व्यवस्था करें. मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में बुवाई, उर्वरक डालने और कीटनाशक के छिड़काव जैसे कृषि कार्य फिलहाल टाल दें.

धान, सोयाबीन, मक्का, अरहर, उड़द, तिल और सब्जियों वाले खेतों में जलभराव न होने दें. जिन क्षेत्रों में तेज हवा और गरज-चमक का पूर्वानुमान है वहां कटी हुई फसल को सुरक्षित स्थान पर रखें, सब्जियों और बागवानी फसलों को सहारा दें और पशुओं को खुले में न छोड़कर सुरक्षित शेड में रखें.

MORE NEWS

Read more!