
भारत मौसम विज्ञान विभाग यानी IMD ने आज दक्षिण तमिलनाडु और दक्षिण केरल में अलग-अलग जगहों पर भारी बारिश की आशंका जताई है. यह संभावना दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे सटे भूमध्यरेखीय हिंद महासागर में बने कम दबाव के क्षेत्र के कारण बन रही है. मछुआरों को भी समुद्र में न जाने की सख्त सलाह दी गई है, खासकर बंगाल की खाड़ी, केरल तट, लक्षद्वीप और कोमोरिन क्षेत्र में 26 फरवरी तक समुद्री हालात खराब रह सकते हैं.
IMD के अनुसार, अगले सात दिनों में उत्तर-पश्चिम भारत में अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की क्रमिक बढ़ोतरी देखने को मिलेगी. वहीं, मध्य भारत में अगले दो दिनों के दौरान अधिकतम तापमान 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है. इसके बाद तापमान में खास बदलाव नहीं होगा. देश के बाकी हिस्सों में फिलहाल तापमान को लेकर कोई बड़ा उतार-चढ़ाव नहीं दिख रहा है. बीते 24 घंटों में अधिकतम तापमान कई राज्यों में सामान्य से ऊपर दर्ज किया गया है, जबकि न्यूनतम तापमान भी कई क्षेत्रों में सामान्य से ज्यादा रहा है.
मौसम विभाग के अनुसार 22 फरवरी को दक्षिण भारत के कई हिस्सों में मौसम सक्रिय बना रहेगा. केरल और माहे में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है. तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में भी गरज के साथ बारिश हो सकती है. कर्नाटक के दक्षिणी आंतरिक हिस्सों में भी बारिश के संकेत हैं.
वहीं, पूर्वी भारत की बात करें तो 23 और 24 फरवरी को गंगीय पश्चिम बंगाल, ओडिशा और छत्तीसगढ़ में बारिश और आंधी-तूफान की स्थिति बन सकती है. मध्य भारत में विदर्भ और तेलंगाना के कुछ हिस्सों में भी मौसम बदला-बदला रह सकता है. इसके अलावा पूर्वोत्तर राज्यों में असम और आसपास के क्षेत्रों में ऊपरी हवा में बने चक्रवाती परिसंचरण के कारण हल्की बारिश के आसार हैं.
दिल्ली और एनसीआर में फिलहाल बारिश की कोई संभावना नहीं है, लेकिन तापमान लगातार बढ़ रहा है. 22 फरवरी को राजधानी में आसमान साफ रहेगा और सुबह के समय हल्की धुंध देखने को मिल सकती है. अधिकतम तापमान 28 से 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 12 से 14 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है. तापमान सामान्य से ऊपर बना रहेगा.
23 और 24 फरवरी को भी मौसम शुष्क रहेगा. अधिकतम तापमान 29 से 31 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान में भी बढ़ोतरी होगी. दिन में हल्की से मध्यम रफ्तार की हवाएं चल सकती हैं, जिससे गर्मी का अहसास थोड़ा कम हो सकता है.
उत्तर भारत में पंजाब, हरियाणा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में सुबह के समय कोहरे की स्थिति बनी रह सकती है. हालांकि, दिन में मौसम साफ रहेगा. पहाड़ी राज्यों हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 23 और 24 फरवरी को हल्की बारिश या बर्फबारी की संभावना है. इससे ऊंचाई वाले इलाकों में ठंड फिर से बढ़ सकती है. वहीं, दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत में तापमान पहले से ही ऊंचा बना हुआ है और कई जगहों पर पारा 35 डिग्री सेल्सियस से ऊपर जा चुका है. आने वाले दिनों में गर्मी का असर और तेज हो सकता है.
वहीं, IMD के डिविजन एग्रोमेट ने एडवाइजरी जारी करते हुए दक्षिण तमिलनाडु और दक्षिण केरल में किसानों को पकी हुई धान की फसल की कटाई जल्द पूरी कर सुरक्षित स्थानों पर भंडारण करने की सलाह दी है.
सलाह में खेतों में जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त रखने और मेड़ मजबूत करने पर जोर दिया गया है. केले और सब्जी की फसलों को सहारा देने की भी सलाह दी गई है, ताकि तेज हवाओं से नुकसान न हो. पशुपालकों को भी खराब मौसम के दौरान पशुओं को सुरक्षित स्थानों पर रखने की सलाह दी गई है.