
देशभर में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून का सफर अब समाप्त हो गया है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, 15 अक्टूबर 2026 को दक्षिण-पश्चिम मॉनसून ने पूरे देश से विदाई ले ली. इसके साथ ही दक्षिण भारत के कई राज्यों में पूर्वोत्तर मॉनसून की बारिश शुरू हो गई है. मौसम विभाग ने तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, तटीय आंध्र प्रदेश, रायलसीमा, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक और केरल में बारिश की गतिविधियां बढ़ने का अनुमान जताया है. इन क्षेत्रों में 21 अक्टूबर तक कई जगह बारिश होने और कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश की आशंका है.
IMD के अनुसार, दक्षिण भारत में पूर्वोत्तर मॉनसून सक्रिय होने के साथ अगले कुछ दिनों तक मौसम बदला रहेगा. तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 15 से 19 अक्टूबर तक अनेक जगहों पर बारिश होने की संभावना है. केरल, माहे, लक्षद्वीप और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में 15 से 21 अक्टूबर तक बारिश का दौर जारी रह सकता है. तटीय कर्नाटक में 16 से 21 अक्टूबर, रायलसीमा में 16 से 20 अक्टूबर और तटीय आंध्र प्रदेश में 18 से 20 अक्टूबर के बीच कई जगह बारिश हो सकती है. तेलंगाना में भी 15 से 21 अक्टूबर तक कुछ स्थानों पर बारिश होने का अनुमान है.
मौसम विभाग ने तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 15 और 16 अक्टूबर को कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी है. केरल और माहे में 15 अक्टूबर को तथा दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में 16 अक्टूबर को बहुत भारी बारिश हो सकती है. इसके अलावा तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 17 से 21 अक्टूबर के बीच भारी बारिश की संभावना है.
केरल और माहे में 16 से 21 अक्टूबर तक, जबकि तटीय कर्नाटक में 16 और 17 अक्टूबर को भारी बारिश हो सकती है. तटीय आंध्र प्रदेश और रायलसीमा में 15 और 16 अक्टूबर को भी भारी बारिश का अनुमान है. इन इलाकों में जलभराव, निचले क्षेत्रों में पानी भरने और यातायात प्रभावित होने का खतरा बना रह सकता है.
वहीं, मॉनसून की विदाई के साथ ही उत्तर-पश्चिम भारत में भी मौसम बदल रहा है. IMD ने 15 अक्टूबर को दिल्ली-NCR, हरियाणा, चंडीगढ़, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की संभावना जताई है. कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि भी हो सकती है. दिल्ली-एनसीआर में दोपहर से बारिश का दौर भी शुरू हो गया है.
मौसम विभाग के अनुसार, इन क्षेत्रों में हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है और झोंकों के साथ 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक चलने का अनुमान है. 16 अक्टूबर को भी दिल्ली-NCR, हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और उत्तर भारत के कुछ अन्य हिस्सों में हल्की बारिश या गरज-चमक देखने को मिल सकती है. पूर्वी राजस्थान में 15 और 16 अक्टूबर को कुछ स्थानों पर बारिश होने की संभावना है.
दिल्ली में 15 अक्टूबर को आसमान में बादल छाए रहने और सुबह से दोपहर के बीच कई स्थानों पर बहुत हल्की से हल्की बारिश होने की संभावना है. कुछ जगह मध्यम बारिश भी हो सकती है. इस दौरान गरज-चमक और तेज हवाएं चलने का अनुमान है.
मौसम विभाग ने राजधानी में अधिकतम तापमान 29 से 31 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना जताई है. 16 अक्टूबर को भी सुबह से दोपहर तक हल्की बारिश और गरज-चमक हो सकती है. इसके बाद 17 अक्टूबर को आसमान आंशिक रूप से बादलों से घिरा रह सकता है और 18 अक्टूबर को मौसम मुख्य रूप से साफ रहने का अनुमान है.