
मौसम विभाग ने 22 मई यानी शुक्रवार से अगले तीन दिन के लिए उत्तर प्रदेश के 43 जिलों में भीषण गर्मी, हीट वेव की स्थिति का अलर्ट जारी किया है. इनमें 10 जिलों के लिए रेड और 33 के लिए ऑरेन्ज अलर्ट जारी किया गया है. मौसम विभाग ने शुक्रवार को तापमान में वृद्धि का अलर्ट देखत हुए लोगों से दिन में धूप में निकलने से बचने की अपील की गई है.वहीं, प्रदेश में पड़ रही भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान को देखते मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्यों को लेकर पूरी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं. मुख्यमंत्री ने कहा है कि जनसामान्य को हीट स्ट्रोक, निर्जलीकरण और गर्मी से होने वाली अन्य समस्याओं से बचाने के लिए सभी विभाग समन्वय बनाकर कार्य करें. उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग, बिजली विभाग और राहत एजेंसियां अलर्ट मोड में रहें तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए.
उधर, भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान को देखते हुए लखनऊ प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है. जिलाधिकारी विशाख जी की ओर से जारी आदेश के अनुसार जिले के सभी शैक्षिक बोर्डों से संचालित स्कूलों में 22 मई से ग्रीष्मावकाश घोषित कर दिया गया है.
यह निर्णय बच्चों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है.
लखनऊ स्थित आमौसी मौसम केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि गुरुवार को प्रदेश के 26 शहरों में भीषण गर्मी-लू का प्रकोप देखने को मिला. वहीं, बांदा का तापमान पांचवें दिन भी सबसे ज्यादा 47.6 डिग्री दर्ज किया गया. इस प्रकार एक बार फिर बांदा जिला सबसे अधिक गर्म रहा. लखनऊ में गुरुवार को इस सीजन का सबसे गर्म दिन दर्ज किया गया. राजधानी में अधिकतम तापमान सामान्य से 3.4 डिग्री अधिक 43.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. सिंह ने बताया कि लखनऊ समेत 50 जिलों के लिए शुक्रवार को भी वार्म नाइट का अलर्ट जारी किया गया है.
वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक,यूपी में अल नीनो का प्रभाव भीषण गर्मी, लू, कमजोर मानसून और संभावित सूखे के रूप में सामने आ रहा है. प्रशांत महासागर में असामान्य रूप से गर्म हो रहे समुद्री तापमान के कारण यूपी में सामान्य से कम बारिश और तापमान में भारी वृद्धि हो सकती है.
ये भी पढ़ें
कहीं 48°C की झुलसाती गर्मी, तो कहीं भारी बारिश का खतरा; कई राज्यों में रेड अलर्ट जारी