
देश के कई हिस्सों में अगले कुछ दिन मौसम तेजी से करवट लेने वाला है. भारत मौसम विज्ञान विभाग ने दक्षिण भारत, पूर्वोत्तर और पूर्वी भारत के कई इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. वहीं, उत्तर-पश्चिम भारत में 11 और 12 जून के दौरान पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से बारिश, गरज-चमक, तेज हवाएं और कुछ क्षेत्रों में ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है. हरियाणा, दिल्ली, पंजाब, पश्चिम उत्तर प्रदेश और राजस्थान में धूलभरी आंधी के साथ 50 से 70 किमी प्रति घंटा तक हवा चल सकती है. दूसरी तरफ दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 11 जून तक लू जैसी स्थिति बने रहने के संकेत हैं.
दक्षिण-पश्चिम मॉनसून ने 9 जून को पूर्वोत्तर भारत के शेष हिस्सों, पूरे सिक्किम और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल के कुछ इलाकों में आगे बढ़त दर्ज की है. अगले 4 से 5 दिनों में इसके महाराष्ट्र, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु के बाकी हिस्सों, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, झारखंड, बिहार और छत्तीसगढ़ के कुछ क्षेत्रों तक पहुंचने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बताई गई हैं. मॉनसून की इसी प्रगति के कारण दक्षिण और पूर्वी राज्यों में वर्षा गतिविधियां बढ़ने की संभावना बनी हुई है.
मौसम विभाग के मुताबिक, 10 जून को दक्षिण भारत में केरल, तटीय कर्नाटक, तमिलनाडु और तेलंगाना में कई जगह बारिश और कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है. पूर्वोत्तर राज्यों में व्यापक वर्षा जारी रहने की संभावना है. बिहार में बारिश और तेज हवाओं की गतिविधियां बढ़ सकती हैं जबकि ओडिशा में उमस और बाद में बारिश दोनों का असर दिखाई दे सकता है.
पश्चिम भारत में कोंकण, गोवा और महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में बारिश बने रहने का अनुमान है. उत्तर भारत में गर्मी अभी पूरी तरह खत्म नहीं होगी और राजस्थान, हरियाणा, पंजाब तथा उत्तर प्रदेश के हिस्सों में तापमान सामान्य से ऊपर रह सकता है.
दिल्ली-एनसीआर में 10 जून को आंशिक बादल छाए रहने और दोपहर या शाम के समय गरज वाले बादल बनने की संभावना है. अधिकतम तापमान 42 से 44 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29 से 31 डिग्री के बीच रह सकता है. 11 जून से मौसम बदलने लगेगा और शाम या रात में हल्की बारिश, धूलभरी आंधी तथा 50 से 70 किमी प्रति घंटा तक तेज हवा चल सकती है. 12 जून को तापमान में उल्लेखनीय गिरावट के साथ मौसम अपेक्षाकृत राहत देने वाला रह सकता है.
IMD ने बताया कि 11 से 15 जून के बीच हिमालयी राज्यों में बारिश की गतिविधियां बढ़ेंगी. पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और राजस्थान में आंधी और गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है. बिहार और ओडिशा में 10 से 13 जून के दौरान भारी बारिश के दौर आ सकते हैं. पूर्वोत्तर भारत में 15 जून तक कई स्थानों पर लगातार बारिश बनी रह सकती है. दक्षिण भारत में केरल, कर्नाटक और तमिलनाडु में 12 जून तक भारी वर्षा का दौर जारी रहने के संकेत हैं.