
दिल्ली-एनसीआर के लोग लगातार प्रदूषण की मार झेल रहे हैं. बढ़ते प्रदूषण के बीच भले ही तापमान में थोड़ी गिरावट आई है, लेकिन ठंडी का इंतजार अभी भी जारी है. दिवाली बीत चुकी है, लेकिन दिल्ली-एनसीआर में ठंड ने दस्तक नहीं दी है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) का कहना है कि सर्दियों के लिए अभी 8 से 10 दिन का और इंतजार करना पड़ सकता हैं. साथ ही बिहार-यूपी सहित उत्तर भारत के कई राज्यों में ठंड ने दस्तक दे दी है. वहीं दूसरी तरफ दक्षिण भारत की बात करें तो यहां तमिलनाडु और केरल के कई जिलों में भारी बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया है. ऐसे में आइए जानते हैं देशभर में कैसा रहेगा आज के मौसम का हाल.
मौसम विभाग के अनुसार बिहार में छठ आने के साथ ही सुबह-शाम की ठंड महसूस होने लगी है. यहां तापमान गिरने का असर मौसम में देखने को मिल रहा है. इस बीच मौसम विभाग की मानें तो 15 नवंबर से राज्य में पूरी तरह से ठंड की शुरुआत हो सकती है. बता दें कि बिहार के कई इलाके ऐसे हैं, जहां सुबह के समय हल्की धुंध देखने को भी मिली है. हालांकि, कुछ हिस्सों में हलके बादल और कोहरा छाए रहेंगे.
गुरुवार को पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश में मौसम साफ रहेगा, लेकिन सुबह-सुबह धुंध और पूर्वी उत्तर प्रदेश में हल्का कोहरा भी छाया रह सकता है. नवंबर की शुरुआत से ही पूरे उत्तर प्रदेश में तापमान गिर रहा है और कई इलाकों में यह 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है. इससे आने वाले दिनों में कड़ाके की ठंड की शुरुआत होने के आसार हैं.
ये भी पढ़ें:- दिल्ली फिर से देश का सबसे प्रदूषित शहर बना, राजधानी की हवा बहुत खराब श्रेणी में पहुंची
पूरे देश में मौसम का मिजाज बदला हुआ है. सुबह के समय जहां लोगों को हल्की ठंड का एहसास हो रहा है. वहीं, धुंध और कोहरा देखने को मिल रहा है. कई जगहों पर तापमान 20 डिग्री से नीचे आ गया है. राजस्थान में इन दिनों मौसम सामान्य है और तापमान 20 डिग्री के आस-पास बना हुआ है. विभाग के अनुसार राजस्थान में नवंबर माह में तापमान में गिरावट आने लगी है. वहीं दिसंबर माह में कड़ाके की सर्दी पड़ने की संभावना है.
उत्तराखंड के पर्वतीय इलाकों में ठंड बढ़ने लगी है. राज्य में पर्वतीय इलाकों में कहीं-कहीं बारिश हो रही है तो वहीं मैदानी इलाकों में मौसम शुष्क बना हुआ है. इसके साथ ही सुबह और शाम के समय हल्की ठंड और दिन के समय हल्की गर्मी बरकरार है. मौसम विभाग के अनुसार 4 जिलों में हल्की बारिश और ज्यादा ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है.
मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों के दौरान अंडमान और निकोबार, दक्षिण तटीय आंध्र प्रदेश, तटीय तमिलनाडु, केरल, नागालैंड, मणिपुर और मिजोरम, सिक्किम, असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश हल्की से भारी बारिश की संभावना है. ऐसे में इनमें से कई राज्यों में बारिश के अलर्ट भी जारी किए गए हैं.