बिहार-यूपी में ठंड की दस्तकबिहार-यूपी सहित उत्तर भारत के कई राज्यों में ठंड ने दस्तक दे दी है. न्यूनतम तापमान गिरने से यहां सुबह-शाम ठंड महसूस की जा रही है. वहीं, कुछ राज्यों में तापमान के अधिक गिरने से रातें सर्द होने लगी हैं. ठंड के साथ अब कहीं-कहीं धुंध की परत भी देखी जा रही है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक आने वाले दिनों में तापमान गिरने से ठंड और बढ़ेगी. IMD का मानना है कि इस साल पिछले साल की तुलना में अधिक ठंड पड़ेगी. वहीं दूसरी तरफ दक्षिण भारत की बात करें तो यहां तमिलनाडु और केरल के कई जिलों में भारी बारिश का दौर अभी भी जारी है. ऐसे में आइए जानते हैं देशभर में कैसा रहेगा आज के मौसम का हाल.
फिलहाल बिहार में सुबह-शाम में ठंड महसूस हो रही है. यहां तापमान गिरने का असर मौसम में देखने को मिल रहा है. इस बीच मौसम विभाग की मानें तो 15 नवंबर से राज्य में पूरी तरह से ठंड की शुरुआत हो सकती है. बता दें कि बिहार के कई इलाके ऐसे हैं, जहां सुबह के समय हल्की धुंध देखने को भी मिली है.
दिल्ली में ठंड तो जैसे कहीं छिप सी गई है. जहरीली हवा और 400 के पार होते AQI ने दिल्ली की हवा को प्रदूषित कर दिया है. वहीं, आज के मौसम कि बात करें तो मौसम साफ रहेगा. सुबह के वक्त धुंध छाई रहेगी. न्यूनतम पारा 17.6 तो अधिकतम तापमान 32 डिग्री रहेगा. इस दौरान सुबह आसमान में छाई धुंध भी खूब परेशान करेगी. अगले 10 दिन प्रदूषण के चलते ठीक नहीं रहेंगे.
ये भी पढ़ें:- दिल्ली-एनसीआर में सुबह हल्की ठंड, कुछ राज्यों में बारिश का अनुमान, जानें छठ पर कैसा रहेगा बिहार का मौसम?
उत्तर प्रदेश में मौसम ने करवट ली है. यहां दिवाली के बाद से ही तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है. सुबह-शाम की ठंड के साथ अब कोहरे की भी शुरुआत हो गई है. कई जिलों में सुबह के समय कोहरा छाया हुआ है. इससे आने वाले दिनों में कड़ाके की ठंड की शुरुआत होने के आसार हैं.
मौसम विभाग ने पूरे केरल राज्य में येलो अलर्ट जारी किया है. कहीं वज्रपात और आंधी का अलर्ट है तो वहीं, कुछ इलाके ऐसे हैं जहां हल्की से भारी बारिश का होने की संभावना है. मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, केरल के पथानामथिट्टा, कोट्टायम और इडुक्की में आज भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. अन्य जिलों में हल्की बारिश की संभावना है.
आज यानी 6 नवंबर को पूरे तमिलनाडु में मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है. अधिकांश जिलों में आंधी-तूफान के साथ हल्की बारिश की संभावना जताई जा रही है, लेकिन प्रदेश के 4 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. इन जिलों में कन्याकुमारी, तिरुनेलवेली, थूथुकुडी और तेनकासी शामिल हैं.
Copyright©2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today