
राजस्थान के रेगिस्तानी जिलों जैसलमेर और बाड़मेर में सितंबर के आखिरी दिनों में भीषण गर्मी पड़ रही है. अक्टूबर आने वाला है, लेकिन यहां ठंड की आहट के बजाय तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों को परेशान कर दिया है. गुरुवार को जैसलमेर में अधिकतम तापमान 43.2 डिग्री और बाड़मेर में 43.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. दोनों जिले राजस्थान में सबसे गर्म रहे.
जैसलमेर में पिछले कई दिनों से तापमान लगातार बढ़ रहा है. बुधवार को यहां अधिकतम तापमान 42.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था. इसके बाद गुरुवार को पारा बढ़कर 43.2 डिग्री पहुंच गया. वहीं बाड़मेर में अधिकतम तापमान 43.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. जैसलमेर में 20 सितंबर को अधिकतम तापमान 40.3 डिग्री, 21 सितंबर को 40.5 डिग्री और 22 सितंबर को 41.5 डिग्री सेल्सियस रहा था. इसके बाद 23 सितंबर को तापमान 42.9 डिग्री और 24 सितंबर को 43.2 डिग्री पहुंच गया.
मौसम विभाग के अनुसार, सितंबर में जैसलमेर में तापमान इस स्तर तक पहुंचना असामान्य है. बुधवार को दर्ज किया गया 42.9 डिग्री तापमान सितंबर का दूसरा सबसे गर्म दिन रहा. इससे पहले 9 सितंबर 2023 को जैसलमेर में 43.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया था, जो सितंबर का अब तक का सबसे अधिक तापमान बताया गया है. इस तरह बुधवार का तापमान इस रिकॉर्ड से सिर्फ 0.6 डिग्री कम रहा. लगातार बढ़ता तापमान दिखाता है कि सितंबर के आखिरी दिनों में भी पश्चिमी राजस्थान में गर्मी का असर काफी तेज है.
सिर्फ दिन ही नहीं, जैसलमेर में रात का तापमान भी सामान्य से ज्यादा बना हुआ है. बुधवार को न्यूनतम तापमान 28.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. आमतौर पर सितंबर के दूसरे पखवाड़े में रात का तापमान 22 डिग्री या इससे नीचे आने लगता है और हल्की ठंड महसूस होने लगती है. लेकिन इस बार रात में भी लोगों को गर्मी से राहत नहीं मिल रही है.
तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण दोपहर के समय जैसलमेर के बाजारों और प्रमुख रास्तों पर लोगों की आवाजाही कम हो गई है. गोपा चौक, सोनार किला मार्ग और बाजारों में दोपहर के समय सन्नाटा देखने को मिल रहा है. लोग जरूरी काम होने पर ही घर से बाहर निकल रहे हैं. गर्मी से बचने के लिए लोग सिर और चेहरे को कपड़े से ढककर निकल रहे हैं. शीतल पेय, गन्ने के रस और मटके के पानी की मांग भी बढ़ गई है.
इस असामान्य गर्मी का असर ग्रामीण इलाकों और खेती पर भी पड़ रहा है. किसान मानसून की आखिरी बारिश का इंतजार कर रहे थे, लेकिन बारिश कम होने से उनकी चिंता बढ़ गई है. पानी की कमी और तेज धूप के कारण फसलों पर भी असर पड़ने का खतरा है. पश्चिमी राजस्थान में इस बार बारिश सामान्य से कम रही है. ऐसे में जमीन में नमी की कमी बनी हुई है. तेज धूप के कारण खेतों में मौजूद नमी भी तेजी से कम हो रही है.
राजस्थान मौसम विभाग के डायरेक्टर राधेश्याम शर्मा के मुताबिक, पाकिस्तान से लगते पश्चिमी राजस्थान में एंटी-साइक्लोनिक फ्लो बना हुआ है. यह मानसून की विदाई की प्रक्रिया से जुड़ा सामान्य मौसम बदलाव है. इसके कारण वातावरण में नमी कम हो रही है और धूप तेज निकल रही है. उन्होंने बताया कि इस साल कमजोर मॉनसून के कारण पश्चिमी राजस्थान में बारिश की कमी रही है. बारिश कम होने से नमी कम है और तापमान बढ़ रहा है.
लगातार बढ़ते तापमान को देखते हुए मौसम विभाग ने आने वाले दिनों के लिए हीट वेव का अलर्ट जारी किया है. जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से दोपहर के समय तेज धूप से बचने की अपील की है. स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक बिना जरूरी काम के बाहर नहीं निकलने, पर्याप्त पानी पीने और ओआरएस समेत दूसरे तरल पदार्थ लेते रहने की सलाह दी है. खास तौर पर बुजुर्गों, बच्चों और बाहर काम करने वाले लोगों को गर्मी से बचने के लिए सावधानी बरतने को कहा गया है.
ये भी पढ़ें:
हरियाणा में पराली जलाने पर रोक के लिए तैनात होंगे ‘पराली सुरक्षा बल’, ड्रोन से होगी निगरानी
50 डिसमिल से शुरू की मिर्च की खेती, अब एक एकड़ में करीब ₹1 लाख की कमाई