
देश के कई हिस्सों में 24 सितंबर को भारी से बहुत भारी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है. बंगाल की खाड़ी में बना गहरा दबाव उत्तर आंध्र प्रदेश-दक्षिण ओडिशा तट को पार करने के बाद पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ेगा. असर से ओडिशा, छत्तीसगढ़, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में तेज बारिश के साथ कुछ इलाकों में अत्यधिक भारी बारिश हो सकती है. मौसम विभाग ने तेज हवाओं, गरज-चमक और जलभराव को लेकर भी सावधानी बरतने की सलाह दी है.
मौसम विभाग के अनुसार, 24 सितंबर को दक्षिण ओडिशा और छत्तीसगढ़ में अत्यधिक भारी बारिश की संभावना है. तेलंगाना में भी बहुत भारी से अत्यधिक भारी बारिश हो सकती है. तटीय आंध्र प्रदेश में भारी से बहुत भारी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है. ओडिशा में 24 सितंबर को कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश और गरज के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं.
छत्तीसगढ़ में 24 सितंबर तक अत्यधिक भारी बारिश का खतरा बना हुआ है. यहां 50-60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने और झोंके 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है. तेलंगाना में भी 24 और 25 सितंबर को अत्यधिक भारी बारिश का पूर्वानुमान है. यहां 24 सितंबर तक 50-60 किलोमीटर प्रति घंटे की तेज हवा के साथ 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक के झोंके आ सकते हैं.
आईएमडी के मुताबिक, दिल्ली-NCR में 24 सितंबर को मुख्यतः आसमान साफ रहने का अनुमान है. अधिकतम तापमान 33-35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23-25 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है. दिन में दक्षिण-पूर्व दिशा से हवा चलने की संभावना है. शाम और रात के समय हवा की रफ्तार करीब 25 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. 25 सितंबर को दिल्ली में आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं, जबकि 26 सितंबर को आसमान सामान्यतः बादलों से घिरा रहने का अनुमान है.
मौसम विभाग ने कहा है कि मध्य प्रदेश और विदर्भ में 24 सितंबर को बारिश जारी रहने की संभावना है. पूर्वी मध्य प्रदेश, विदर्भ में 24 से 28 सितंबर के बीच कई स्थानों पर बारिश हो सकती है. छत्तीसगढ़ में 25-26 सितंबर को गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश का दौर जारी रह सकता है. पूर्वी और पश्चिमी मध्य प्रदेश में 25-27 सितंबर के दौरान गरज-चमक और तेज हवाओं की संभावना है.
इधर, झारखंड और गंगीय पश्चिम बंगाल में 24 से 26 सितंबर के दौरान कई स्थानों पर बारिश हो सकती है. बिहार में 24-27 सितंबर के दौरान व्यापक बारिश का अनुमान है. 24 सितंबर को बिहार, गंगीय पश्चिम बंगाल और झारखंड में बहुत भारी बारिश की संभावना है. उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 24-25 सितंबर को बहुत भारी बारिश हो सकती है. असम और मेघालय में 24 से 28 सितंबर के दौरान भारी बारिश का दौर रह सकता है. अरुणाचल प्रदेश में 24 सितंबर तक व्यापक बारिश की संभावना है.
वहीं, केरल, माहे और लक्षद्वीप में 24 सितंबर तक कई स्थानों पर बारिश जारी रह सकती है. तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में 24-25 सितंबर को बारिश का असर रहेगा. तेलंगाना में 24-25 सितंबर को अत्यधिक भारी बारिश का खतरा है. उत्तर और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में 24 सितंबर तक भारी बारिश हो सकती है. तटीय कर्नाटक में 24 सितंबर को भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान है.