कई राज्यों में बारिश और आंधी का अलर्ट, पूर्वी यूपी-बिहार में लू जारी, जानिए कब रफ्तार पकड़ेगा मॉनसून

कई राज्यों में बारिश और आंधी का अलर्ट, पूर्वी यूपी-बिहार में लू जारी, जानिए कब रफ्तार पकड़ेगा मॉनसून

20 जून को देश के कई हिस्सों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की संभावना है. दिल्ली-एनसीआर में हल्की बारिश और 40-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. किसानों को फसल सुरक्षित रखने, जलनिकासी और गर्मी वाले इलाकों में हल्की सिंचाई की सलाह दी गई है.

aaj ka mausam aaj ka mausam
क‍िसान तक
  • Noida,
  • Jun 20, 2026,
  • Updated Jun 20, 2026, 7:00 AM IST

इस समय देश में मौसम के दो अलग-अलग रंग एक साथ देखने को मिल रहे हैं. एक ओर पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार, महाराष्ट्र और तेलंगाना के कुछ हिस्सों में गर्मी और लू का असर बना हुआ है. वहीं, दूसरी ओर पूर्वोत्तर और पूर्वी भारत में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 21 जून तक कहीं-कहीं अत्यधिक भारी बारिश हो सकती है, जबकि पूर्वोत्तर राज्यों में भी पूरे सप्ताह तेज बारिश का दौर बना रह सकता है.

दक्षिण-पश्चिम मॉनसून की रफ्तार फिलहाल कुछ क्षेत्रों में धीमी बनी हुई है, लेकिन मौसम विभाग के अनुसार 23 जून के आसपास महाराष्ट्र, तेलंगाना, ओडिशा, झारखंड, बिहार और छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में मॉनसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बन रही हैं. इससे मध्य और पूर्वी भारत में बारिश की गतिविधियां बढ़ने की उम्मीद है.

20 जून को देशभर में कैसा रहेगा मौसम?

मौसम वि‍भाग के मुताबिक, 20 जून को देश के कई हिस्सों में बारिश, आंधी और तापमान का मिश्रित असर दिखाई देगा. उत्तर-पश्चिम भारत में जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में गरज-चमक के साथ बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है.
राजस्थान के कुछ इलाकों में धूलभरी आंधी और तेज हवाएं चल सकती हैं. पूर्वी और पश्चिमी राजस्थान में 50-70 किमी प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज झोंके आने की संभावना है.

पूर्वी भारत में पश्चिम बंगाल, ओडिशा, बिहार और झारखंड में बारिश की गतिविधियां सक्रिय रहेंगी. गंगीय पश्चिम बंगाल और उप-हिमालयी क्षेत्रों में भारी बारिश की स्थिति बन सकती है. बिहार में बारिश के साथ कुछ इलाकों में गर्मी का असर भी बना रह सकता है. वहीं, मध्य भारत में मध्य प्रदेश, विदर्भ और छत्तीसगढ़ में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है. पश्चिम और पूर्वी मध्य प्रदेश में तेज हवाओं के साथ मौसम बदल सकता है.

पश्चिम भारत में हल्‍की बारिश जारी रहने की संभावना

पश्चिम भारत में गुजरात, कोंकण, गोवा, मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में बौछारों का सिलसिला जारी रहने की संभावना है. हालांकि, महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में 20 जून तक गर्मी से राहत सीमित रह सकती है. इसके अलावा दक्षिण भारत में केरल, तमिलनाडु, तटीय आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और कर्नाटक के कई हिस्सों में बारिश के आसार हैं. तमिलनाडु और तेलंगाना में कुछ स्थानों पर तेज हवा और गरज के साथ बारिश हो सकती है. इस बीच पूर्वी उत्तर प्रदेश में 24 जून तक और बिहार में 22 जून तक लू की स्थिति बने रहने की आशंका है.

दिल्ली-NCR बारिश और तेज हवा के आसार

IMD ने कहा है कि दिल्ली-एनसीआर में 20 जून को आंशिक रूप से बादल छाए रहने का अनुमान है. दोपहर या शाम के समय हल्की बारिश, गरज-चमक और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तेज हवाएं मौसम बदल सकती हैं. झोंकों की गति 60 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकती है.

विभाग के अनुसार, दिल्ली में अधिकतम तापमान 37 से 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 से 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. अगले दो दिन यानी 21 जून तक हल्की बारिश और गरज-चमक की संभावना बनी रहेगी, जबकि 22 जून तक तापमान में हल्की गिरावट दर्ज हो सकती है और अधिकतम तापमान 36-38 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है.

खेती-किसानी के लिए सलाह

किसानों को सलाह है कि जहां तेज बारिश या आंधी का अलर्ट है, वहां कटी फसल को खुले में न छोड़ें और तिरपाल से ढककर रखें. खेतों में जलनिकासी की व्यवस्था बनाए रखें ताकि पानी जमा न हो. फलदार पौधों और सब्जी फसलों को सहारा दें. जिन इलाकों में हीटवेव का असर है वहां हल्की सिंचाई करें और मल्चिंग अपनाकर नमी बचाएं. पशुओं को छायादार स्थान पर रखें और पर्याप्त साफ पानी उपलब्ध कराएं.

MORE NEWS

Read more!