नौतपा के पहले दिन दिल्‍ली-NCR में बदलेगा मौसम! इन राज्‍यों में लू का अलर्ट, पढ़ें IMD का ताजा अपडेट

नौतपा के पहले दिन दिल्‍ली-NCR में बदलेगा मौसम! इन राज्‍यों में लू का अलर्ट, पढ़ें IMD का ताजा अपडेट

नौतपा की शुरुआत के साथ देश के कई राज्यों में भीषण गर्मी का असर बढ़ गया है. दिल्ली-NCR में 25 मई को तेज लू के बीच मौसम बदलने के संकेत हैं. IMD ने कई राज्यों में हीटवेव और आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है.

aaj ka mausam temperature riseaaj ka mausam temperature rise
क‍िसान तक
  • Noida,
  • May 25, 2026,
  • Updated May 25, 2026, 7:00 AM IST

देशभर में आज से नौतपा की शुरुआत हो गई है. इसके साथ ही उत्तर, मध्य और पूर्वी भारत में गर्मी ने और विकराल रूप लेना शुरू कर दिया है. भारत मौसम विभाग (IMD) ने अपने पूर्वानुमान में कहा है कि अगले 7 दिनों तक उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में लू और भीषण लू की स्थिति बनी रह सकती है. विभाग ने पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान, मध्य प्रदेश और विदर्भ में कई जगहों पर गंभीर लू चलने का अलर्ट जारी किया है. वहीं, बिहार, झारखंड, ओडिशा और पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी गर्म हवाओं का असर बना रहेगा. दूसरी तरफ पूर्वोत्तर राज्यों, केरल, तमिलनाडु और तटीय इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है.

मॉनसून की चाल पर ताजा अपडेट

मौसम विभाग के मुताबिक, दक्षिण-पश्चिम मॉनसून फिलहाल दक्षिण अरब सागर, बंगाल की खाड़ी और अंडमान सागर के हिस्सों तक सक्रिय बना हुआ है. IMD ने अगले 2 से 3 दिनों में इसके और आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बताई हैं. इसी के असर से केरल, लक्षद्वीप, असम, मेघालय और पूर्वोत्तर राज्यों में तेज बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है. मौसम विभाग ने असम और मेघालय में कहीं-कहीं अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी भी जारी की है. 

25 मई को देशभर में कैसा रहेगा मौसम?

मौसम विभाग ने कहा है कि आज 25 मई को देश के अलग-अलग हिस्सों में भीषण गर्मी और भारी बारिश की गतिव‍िध‍ि देखने को मिल सकती है. उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में तेज गर्मी और लू का असर बना रहेगा. राजस्थान, दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच सकता है. 

वहीं, बिहार, झारखंड और ओडिशा में उमस और गर्म हवाएं लोगों की परेशानी बढ़ा सकती हैं. दूसरी ओर पूर्वोत्तर भारत, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, केरल, तमिलनाडु और कर्नाटक के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है. कुछ इलाकों में तेज हवाएं और आंधी भी चल सकती है. 

दिल्ली-NCR में आज बदलेगा मौसम का मिजाज

दिल्ली-NCR में 25 मई को दिनभर तेज गर्मी बनी रह सकती है और अधिकतम तापमान 43 से 45 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है. मौसम विभाग ने तेज लू का अलर्ट जारी किया है. हालांकि, दोपहर बाद मौसम में हल्का बदलाव देखने को मिल सकता है. 

कुछ इलाकों में धूलभरी आंधी, गरज-चमक और हल्की बूंदाबांदी की संभावना जताई गई है. इस दौरान हवा की रफ्तार 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. इसके बाद 26 और 27 मई को भी दिल्ली में लू का असर जारी रहने का अनुमान है, हालांकि महीने के आखिर तक तापमान में 3 से 5 डिग्री की गिरावट देखने को मिल सकती है. 

देशभर में आगे ऐसा रहेगा मौसम का हाल

26 मई से पूर्वोत्तर भारत में बारिश की गतिविधियां तेज बनी रह सकती हैं. असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश और नागालैंड में भारी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है. 28 मई से पश्चिमी विक्षोभ के असर से जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में आंधी और हल्की बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं. 

राजस्थान में 30 मई तक लू का असर बने रहने का अनुमान है. मध्य भारत के विदर्भ और मध्य प्रदेश में 29 मई के बाद तापमान में कुछ गिरावट हो सकती है. दक्षिण भारत में केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु और तेलंगाना में अगले कई दिनों तक गरज-चमक के साथ बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना जताई गई है. 

किसानों और पशुपालकों के लिए जरूरी सलाह

मौसम विभाग ने किसानों को तेज गर्मी के दौरान हल्की और बार-बार सिंचाई करने की सलाह दी है ताकि फसलों में नमी बनी रहे. सब्जियों, दलहनी फसलों और बागवानी पौधों में मल्चिंग करने की सलाह दी गई है. 

वहीं, जिन इलाकों में बारिश और तेज आंधी का खतरा है वहां कटाई के बाद फसलों को सुरक्षित स्थान पर रखने और खेतों में जल निकासी की उचित व्यवस्था बनाए रखने को कहा गया है. पशुपालकों को पशुओं के लिए साफ पानी और छायादार व्यवस्था सुनिश्चित करने की सलाह दी गई है ताकि हीटवेव का असर कम हो सके. 

MORE NEWS

Read more!