
देशभर में आने वाले दिनों में मौसम का मिजाज तेजी से बदलने वाला है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार उत्तर भारत, पूर्वोत्तर, पूर्वी और दक्षिणी राज्यों में गरज-चमक, तेज हवाओं, बारिश और कुछ इलाकों में ओलावृष्टि की संभावना है.
उत्तर-पश्चिम भारत की बात करें तो जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 28 अप्रैल से 4 मई के बीच कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हो सकती है. इस दौरान 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और कुछ जगहों पर ओलावृष्टि की भी आशंका है.
वहीं पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में आंधी-तूफान के साथ 30 से 60 किमी प्रति घंटे तक की तेज हवाएं चल सकती हैं. राजस्थान के कई हिस्सों में धूल भरी आंधी का भी खतरा बना हुआ है.
पूर्वोत्तर भारत में मौसम और ज्यादा सक्रिय रहने वाला है. असम, मेघालय, त्रिपुरा और आसपास के राज्यों में अगले 5 दिनों तक भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है. कुछ जगहों पर 70-80 किमी प्रति घंटे तक की तेज हवाएं चल सकती हैं, जिससे जनजीवन प्रभावित हो सकता है.
पूर्वी भारत में पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड और ओडिशा में भी गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है. कुछ इलाकों में ओलावृष्टि और तेज तूफान (70 किमी/घंटा तक) आने की चेतावनी दी गई है.
मध्य भारत के मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में भी अगले कुछ दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश और आंधी-तूफान का असर रहेगा.
दक्षिण भारत में तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक और तेलंगाना में 30 अप्रैल से 2 मई के बीच भारी बारिश की संभावना है. कुछ जगहों पर बिजली गिरने और ओलावृष्टि की भी चेतावनी जारी की गई है.
मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने, खुले स्थानों से बचने और किसानों को फसल सुरक्षा के उपाय करने की सलाह दी है, क्योंकि तेज हवाएं, ओलावृष्टि और भारी बारिश से नुकसान की आशंका बनी हुई है.
हिमाचल प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में मौसम खराब बना हुआ है. बीते कुछ दिनों से पहाड़ों पर गर्मी का प्रकोप देखा जा रहा था, राज्य में निचले इलाकों में तापमान 40 पार पहुंच गया था. लेकिन अब मौसम में बदलाव के साथ माहौल खुशनुमा हो गया है. दरअसल मौसम विभाग ने पहले ही अनुमान लगाया था कि एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा जिसका असर हिमाचल में देखने को मिलेगा.
फिलहाल कई जिलों में हल्की बारिश रिकॉर्ड की गई है, साथ ही तेज हवाओं के साथ बारिश और ओलावृष्टि का दौर शुरू हो गया है. राज्य मौसम विभाग ने 5 जिलों के लिए जिनमें चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला के कुछेक स्थानों पर भारी ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट जारी किया हुआ है. जबकि ऊना, हमीरपुर और बिलासपुर के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है.
मौसम विभाग का कहना है कि राज्य में अगले 6 दिनों तक ऐसा ही मौसम बने रहने का अनुमान है. ताजा बारिश ओलावृष्टि के बाद अब तापमान में भी 3 से 4 डिग्री तक गिरावट दर्ज की जा रही है. आगामी दिनों में अभी और भी तापमान गिरने का अनुमान है.