राजस्‍थान में कमजोर पड़ेगा मौसम, हफ्तेभर कम बारिश का तापमान पर दिखेगा असर

राजस्‍थान में कमजोर पड़ेगा मौसम, हफ्तेभर कम बारिश का तापमान पर दिखेगा असर

राजस्थान में मानसून की रफ्तार अब धीमी पड़ने वाली है. मौसम विभाग के अनुसार अगले एक सप्ताह में राज्य के ज्यादातर हिस्सों में बारिश कम होगी और कमजोर मानसूनी परिस्थितियां रहेंगी. हालांकि भरतपुर, कोटा और जयपुर संभाग में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है.

Rajasthan WeatherRajasthan Weather
क‍िसान तक
  • Noida,
  • Aug 27, 2026,
  • Updated Aug 27, 2026, 3:13 PM IST

राजस्थान में मॉनसूनी गतिविधियां अब कमजोर पड़ने जा रही हैं. मौसम विभाग ने कहा है कि गुरुवार से राज्य के ज्‍यादातर हिस्सों में बारिश की गतिविधियों में कमी आने की संभावना है. शुक्रवार से अगले एक हफ्ते तक ज्यादातर इलाकों में कमजोर मॉनसूनी परिस्थितियां बनी रह सकती हैं. हालांकि, कुछ क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रह सकता है. गुरुवार को भरतपुर, कोटा और जयपुर संभाग के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है. इसके बाद बारिश का दायरा और सीमित हो सकता है. राज्य के अधिकांश हिस्सों में फिलहाल तेज या व्यापक बारिश के लिए परिस्थितियां अनुकूल नहीं दिख रही हैं.

4 से 7 सितंबर के बीच फिर बदलेगा मौसम

मौसम विभाग के अनुसार, सितंबर के पहले हफ्ते में पूर्वी राजस्थान के कुछ हिस्सों में बारिश की गतिविधियां फिर बढ़ सकती हैं. 4 से 7 सितंबर के बीच पूर्वी राजस्थान में बारिश बढ़ने की संभावना है. यानी अगस्त के आखिरी दिनों में राहत के बाद सितंबर की शुरुआत में कुछ इलाकों में फिर मॉनसून सक्रिय हो सकता है.

पूर्वी राजस्थान में बीते 24 घंटे में अच्छी बारिश

बारिश में कमी के पूर्वानुमान के बीच पिछले 24 घंटे में पूर्वी राजस्थान के कुछ जगहों पर मध्यम से स्थानीय स्तर पर भारी बारिश दर्ज की गई. झालावाड़ जिले के बाकानी में सबसे ज्यादा 114 मिलीमीटर बारिश हुई. वहीं, मौसम विभाग ने र्वी राजस्थान में 27 अगस्त को गरज-चमक और कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना जताई है. 

पूर्वी राजस्थान में बिजली-गरज का भी अलर्ट

27 अगस्त को पूर्वी राजस्थान में अलग-अलग स्थानों पर गरज-चमक और बिजली गिरने की गतिविधि हो सकती है. मौसम विभाग ने उत्तर-पश्चिम भारत के लिए जारी पूर्वानुमान में पूर्वी राजस्थान में इस दौरान आंधी-तूफान और बिजली की संभावना बताई है. 

श्रीगंगानगर में सबसे ज्यादा गर्मी

बारिश की गतिविधियां कमजोर होने के साथ तापमान में बढ़ोतरी भी देखने को मिल रही है. गुरुवार को श्रीगंगानगर में राज्य का सबसे अधिक अधिकतम तापमान 41.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. यह सामान्य से 3.5 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा. आने वाले दिनों में बारिश कम होने के साथ कई इलाकों में गर्मी और उमस का असर बढ़ सकता है.

किसानों के लिए क्या है सलाह

हाल में जिन इलाकों में भारी बारिश हुई है, वहां खेतों में जलभराव की स्थिति से बचने के लिए अतिरिक्त पानी की निकासी जरूरी है. मौसम विभाग की कृषि सलाह में भी भारी बारिश वाले क्षेत्रों में जलनिकासी व्यवस्था दुरुस्त रखने और खेतों से अतिरिक्त पानी निकालने की सलाह दी गई है. 

राजस्थान में अगस्त के आखिरी दिनों में मानसून की गतिविधियां कमजोर रहने का अनुमान है. कुछ इलाकों में छिटपुट बारिश होती रहेगी, लेकिन व्यापक स्तर पर बारिश का दौर कमजोर पड़ सकता है. अब नजर सितंबर के पहले हफ्ते पर रहेगी, जब पूर्वी राजस्थान में 4 से 7 सितंबर के बीच बारिश फिर बढ़ने की संभावना है. (एजेंसी इनपुट के साथ)

MORE NEWS

Read more!