
दिवाली के बाद देश के कई राज्यों में न्यूनतम तापमान में कमी आई है. दिल्ली-एनसीआर में सुबह और देर शाम हल्की ठंड का एहसास होने लगा है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के मुताबिक, आने वाले कुछ दिनों तक देशभर में तापमान ऐसा ही बना रहेगा, जबकि 15 से 20 नवंबर के बाद से कई राज्यों में सर्दी की शुरुआत देखने को मिल सकती है. आईएमडी की ओर से जारी पूर्वानुमान के मुताबिक, दिल्ली में पूरे हफ्ते कोहरा छाया रहेगा. यहां न्यूनतम तापमान 16 से 18 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 32 से 33 डिग्री सेल्सियस तक रहेगा.
प्रदूषण से दिल्ली की हवा पहले से ही दूषित है, जबकि हवा के दिशा परिवर्तन से यहां स्थानीय प्रदूषण में और बढ़ोतरी होने की आशंका है. यहां बीते कुछ दिनों से एयर क्वालिटी इंडेक्स ‘खराब’ और ‘बहुत खराब’ श्रेणी में दर्ज किया जा रहा है. दिल्ली के अक्षरधाम इलाके में AQI 'गंभीर' श्रेणी में पहुंच गया है. पूरे इलाके में स्मॉग की परत देखी गई.
बिहार में पटना समेत कई जिलों में सुबह धुंध छाई रहेगी और मौसम शुष्क रहेगा. मौसम विभाग के मुताबिक, पूर्णिया, पूर्वी पश्चिम चंपारण, सारण, दरभंगा, सुपौल, अररिया, शिवहर, वैशाली, सीतामढ़ी, किशनगंज, सिवान व लखीसराय में सुबह के समय हल्का कोहरा छाया रहेगा. बंगाल की खाड़ी से आने वाली नम पुरवा हवा के कारण पटना सहित अन्य जिलों में बादलों का आना-जाना लगा रहेगा.
ये भी पढ़ें - हरियाणा के रास्ते दिल्ली पहुंचेगा किसानों का जत्था, आमरण अनशन की दी चेतावनी
वहीं हिमाचल प्रदेश में दिन और रात के तापमान में तो कमी है, लेकिन शुष्क ठंड बनी हुई है. दिन में तेज धूप और गर्मी पड़ रही है. लोग खांसी, जुकाम और बुखार की चपेट में आ रहे है.
देहरादून समेत उत्तराखंड के कई जिलों में मौसम में बदलाव होना शुरू हो गया है. सुबह और शाम को अब गर्मी का एहसास नहीं हो रहा है. हालांकि, दोपहर में कभी-कभी थोड़ी उमस महसूस होती है, लेकिन यह दिनों की गर्मी जैसी स्थिति नहीं है.
मध्य प्रदेश में भी मौसम शुष्क बना हुआ है. फिलहाल यहां ऐसा कोई सिस्टम नहीं बन रहा है, जो मौसम को प्रभावित करे, लेकिन बीच-बीच में हवा की बदलने से हवा में ठंडक का एहसास हो रहा है. सोमवार को कई संभागों में उत्तरी हवाएं चलने से ठंडक महसूस हुई. वहीं, दिन में तेज धूप देखने को मिल रही है. मौसम विभाग के मुताबिक, जल्द ही रात का तापमान और गिरेगा.
दक्षिण भारत में तमिलनाडु, पुडुचेरी, केरल और कर्नाटक में बारिश का अनुमान है. यहां अगले कुछ दिनों तक हल्की से लेकर भारी बारिश की आशंका है. साथ ही यहां बादल छाए रहने के साथ बिजली गरज-चमक सकती है. इसके अलावा आईएमडी ने अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में भी भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है.