Weather News: दिल्ली-NCR में बारिश के आसार, इन राज्‍यों में चलेगी लू, पढ़ें देशभर का मौसम अपडेट

Weather News: दिल्ली-NCR में बारिश के आसार, इन राज्‍यों में चलेगी लू, पढ़ें देशभर का मौसम अपडेट

देशभर में मौसम का मिजाज बदल रहा है जहां कई राज्यों में लू का असर बना हुआ है. वहीं पूर्वोत्तर और पूर्वी भारत में भारी बारिश और तेज आंधी का खतरा बढ़ गया है, दिल्ली NCR में भी बारिश और तापमान में गिरावट के संकेत हैं.

aaj ka mausam double weatheraaj ka mausam double weather
क‍िसान तक
  • Noida,
  • Apr 29, 2026,
  • Updated Apr 29, 2026, 7:00 AM IST

देश के कई हिस्सों में इन दिनों मौसम का दोहरा असर देखने को मिल रहा है. एक ओर भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अपने ताजा पूर्वानुमान में राजस्थान, पूर्वी मध्य प्रदेश, विदर्भ, ओडिशा और तेलंगाना में 28 अप्रैल को लू चलने की चेतावनी जारी की है तो वहीं, पूर्वोत्तर भारत, उप हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी है. मौसम विभाग के मुताबि‍क, पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में तेज आंधी (60-70 किमी प्रति घंटा तक की रफ्तार) चलने की आशंका है. वहीं, कई राज्यों में बिजली गिरने, ओलावृष्टि और तेज हवाओं के साथ तूफानी मौसम का खतरा बना हुआ है.

29 अप्रैल को देशभर का मौसम अपडेट

मौसम विभाग के मुताबिक, 29 अप्रैल को देश के मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा. पूर्वोत्तर भारत में व्यापक स्तर पर बारिश जारी रहेगी. यहां असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है. इसके अलावा बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल में भी गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चलेंगी. 

वहीं, उत्तर भारत के कई हिस्सों में आंधी और हल्की बारिश के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी. मध्य भारत में भी छिटपुट बारिश और तेज हवाओं का असर रहेगा. दक्षिण भारत में तमिलनाडु, केरल और कर्नाटक के कुछ हिस्सों में बारिश और बिजली गिरने की गतिविधियां जारी रहेंगी.

दिल्ली-NCR में 29 अप्रैल का मौसम

इधर, IMD ने दिल्ली NCR में 29 अप्रैल को मौसम बदलने के संकेत हैं. पूर्वानुमान के मुताबिक, दिन में बादल छाए रहेंगे और दोपहर बाद हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना है. तापमान में गिरावट आएगी और अधिकतम तापमान 37 से 39 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है. 

वहीं, न्यूनतम तापमान 26 से 28 डिग्री के बीच रह सकता है. 30 अप्रैल को भी बादल और हल्की बारिश के आसार हैं, जिससे तापमान और नीचे जा सकता है. 1 मई से मौसम साफ होने लगेगा और तापमान सामान्य स्तर पर लौटेगा.

देशभर में मौसम का पूर्वानुमान

मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर-पश्चिम भारत में अगले कुछ दिनों तक मौसम सक्रिय रहेगा. जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश, बर्फबारी और तेज हवाएं चलने का अनुमान है. 

पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में आंधी और गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. राजस्थान में धूल भरी आंधी और तेज हवाओं का असर रहेगा. तापमान में 2 से 4 डिग्री की गिरावट देखने को मिल सकती है.

पूर्वी भारत में पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड और ओडिशा में लगातार बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी रहेगा. उप हिमालयी क्षेत्रों में भारी बारिश से जलभराव और भूस्खलन का खतरा बढ़ सकता है. 

मध्य भारत में मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और विदर्भ में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होगी. पूर्वोत्तर भारत में अगले पांच दिनों तक लगातार बारिश, तेज हवाएं और कई जगहों पर बहुत भारी बारिश की संभावना बनी हुई है.

दक्षिण भारत में तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में बारिश और गरज-चमक का सिलसिला जारी रहेगा. कुछ इलाकों में भारी बारिश भी हो सकती है. साथ ही ओलावृष्टि और तेज हवाओं का खतरा बना रहेगा. तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगा, लेकिन उमस भरी गर्मी परेशान कर सकती है.

किसानों और पशुपालकों के लिए जरूरी सलाह

मौसम विभाग ने किसानों को सलाह दी है कि भारी बारिश और आंधी के दौरान फसलों को सुरक्षित स्थान पर रखें और खेतों में जल निकासी की उचित व्यवस्था करें. ओलावृष्टि वाले क्षेत्रों में फल और सब्जियों को जाल या कवर से बचाने की सलाह दी गई है.

लू प्रभावित इलाकों में हल्की सिंचाई और मल्चिंग करने की सलाह दी गई है ताकि मिट्टी की नमी बनी रहे. पशुपालकों को पशुओं को छांव में रखने, पर्याप्त पानी देने और तेज बारिश के दौरान उन्हें सुरक्षित स्थान पर रखने की सलाह दी गई है.

MORE NEWS

Read more!