
भारत मौसम विज्ञान विभाग ने 10 अप्रैल से मौसम में बड़े बदलाव को लेकर अपडेट जारी किया है. मौसम विभाग के मुताबिक, पूर्वोत्तर भारत में अगले कई दिनों तक बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का दौर जारी रहेगा. वहीं अरुणाचल प्रदेश में 10 अप्रैल को भारी बारिश का अलर्ट है. दूसरी ओर 10 से 15 अप्रैल के बीच उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में तापमान में तेजी से बढ़ोतरी होगी. मैदानों में 8 से 10 डिग्री तक तापमान बढ़ सकता है. छत्तीसगढ़ में 14 और 15 अप्रैल को हीटवेव की स्थिति बनने की संभावना है, जबकि ओडिशा, पश्चिम बंगाल और तटीय इलाकों में उमस भरी गर्मी परेशान कर सकती है.
IMD के मुताबिक, 10 अप्रैल को देश के ज्यादातर हिस्सों में तापमान बढ़ने की शुरुआत हो जाएगी, हालांकि कई क्षेत्रों में अभी भी तापमान सामान्य या उससे थोड़ा नीचे रह सकता है. पूर्वोत्तर भारत में असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में हल्की से मध्यम बारिश, आंधी और बिजली गिरने की संभावना बनी रहेगी.
पूर्वी भारत के बिहार, पश्चिम बंगाल और ओडिशा में भी कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं. दक्षिण भारत में तमिलनाडु, केरल और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में बारिश और बिजली गिरने की गतिविधियां जारी रह सकती हैं. वहीं पश्चिम और मध्य भारत में मौसम अपेक्षाकृत साफ रहेगा और तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी देखने को मिलेगी.
मौसम विभाग ने कहा कि दिल्ली-एनसीआर में 10 अप्रैल को आसमान साफ रहेगा और तेज हवाएं चलने की संभावना है. अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 16 से 18 डिग्री के बीच रह सकता है. दिन के समय 20 से 30 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं.
11 अप्रैल को तापमान बढ़कर 34 से 36 डिग्री तक पहुंच सकता है और 12 अप्रैल तक यह 35 से 37 डिग्री के बीच जा सकता है. इन दिनों मौसम साफ रहेगा लेकिन तेज हवाएं चलती रहेंगी. दिल्ली में गर्मी धीरे-धीरे बढ़ने लगेगी और आने वाले दिनों में तापमान सामान्य से ऊपर जा सकता है.
उत्तर-पश्चिम भारत में 10 अप्रैल के बाद मौसम साफ रहने लगेगा और तापमान तेजी से बढ़ेगा, हालांकि 11 अप्रैल के आसपास जम्मू-कश्मीर में हल्की बारिश संभव है. पूर्वोत्तर भारत में 10 से 13 अप्रैल के बीच व्यापक स्तर पर बारिश, आंधी और बिजली गिरने की गतिविधियां जारी रहेंगी, जबकि अरुणाचल प्रदेश में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है.
पूर्वी भारत के बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और ओडिशा में 10 अप्रैल तक बारिश और तेज हवाओं की गतिविधियां बनी रहेंगी, इसके बाद तापमान बढ़ने लगेगा. दक्षिण भारत में केरल, तमिलनाडु, कर्नाटक और रायलसीमा में 10 से 13 अप्रैल के बीच हल्की से मध्यम बारिश जारी रहने की संभावना है. गुजरात, महाराष्ट्र और मध्य भारत में 10 अप्रैल के बाद तापमान में लगातार बढ़ोतरी होगी और मौसम शुष्क होता जाएगा.
किसानों को सलाह दी गई है कि जहां बारिश और तेज हवाओं की संभावना है, वहां पकी हुई फसलों की कटाई जल्द पूरी कर लें और उन्हें सुरक्षित स्थान पर रखें. फल और सब्जी उत्पादक किसान अपने बागानों में जाल या कवर का उपयोग करें ताकि ओलावृष्टि और तेज हवाओं से नुकसान कम हो सके.
भारी बारिश वाले क्षेत्रों में खेतों में जल निकासी की उचित व्यवस्था रखें, ताकि फसलों में जलभराव से नुकसान न हो. तेज हवाओं को देखते हुए सब्जियों और फलदार पौधों को सहारा देकर सुरक्षित करें और कटाई के बाद फसल को तिरपाल से ढककर रखें.
पशुपालकों को सलाह है कि बदलते मौसम में पशुओं को खुले में न छोड़ें और उन्हें सुरक्षित स्थान पर रखें. चारा और पशु आहार को सूखी जगह पर स्टोर करें. मछुआरों को 10 अप्रैल के आसपास दक्षिण अंडमान सागर क्षेत्र में समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है.