Aaj Ka Mausam: मॉनसून ने फिर पकड़ी रफ्तार! कई राज्यों में IMD ने जारी किया तेज बारिश और आंधी का अलर्ट

Aaj Ka Mausam: मॉनसून ने फिर पकड़ी रफ्तार! कई राज्यों में IMD ने जारी किया तेज बारिश और आंधी का अलर्ट

देश के कई हिस्सों में मॉनसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है. IMD ने 16 से 21 अगस्त तक कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. ओडिशा, पश्चिम बंगाल और झारखंड में बारिश का असर ज्यादा रहने की संभावना है.

देशभर में फिर सक्रिय हुआ मॉनसूनदेशभर में फिर सक्रिय हुआ मॉनसून
क‍िसान तक
  • Noida,
  • Aug 16, 2026,
  • Updated Aug 16, 2026, 7:00 AM IST

देश के कई हिस्सों में मॉनसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है. इस बीच भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने 16 से 21 अगस्त तक देश के कई राज्यों में बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया है. इस दौरान ओडिशा, पश्चिम बंगाल और झारखंड में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है. 17 अगस्त को उत्तर ओडिशा और पश्चिम बंगाल में कुछ जगहों पर बेहद भारी बारिश होने की संभावना है. वहीं, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश में भी बारिश का दौर जारी रह सकता है.

IMD के मुताबिक, दक्षिण-पूर्वी झारखंड और आसपास के इलाकों में कम दबाव का एक क्षेत्र बना हुआ है. इसकी वजह से पूर्वी भारत में बारिश हो रही है. इसके असर से कई जगह तेज बारिश के साथ गरज, बिजली और तेज हवाएं चल सकती हैं. समुद्र में तेज हवाओं और ऊंची लहरों को देखते हुए मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है.

17 अगस्त को यहां होती भारी बारिश

17 अगस्त को उत्तर ओडिशा और पश्चिम बंगाल में कुछ जगहों पर बहुत तेज बारिश हो सकती है. ओडिशा और झारखंड में भी अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश का दौर बना रह सकता है. 16 से 21 अगस्त के बीच हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और उत्तराखंड में कई जगह बारिश होने का अनुमान है. छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश में भी बारिश जारी रह सकती है. उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में भी भारी बारिश हो सकती है.

यूपी-बिहार में भी बरसेंगे बादल

उत्तर प्रदेश में 16 और 17 अगस्त को कई इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है. खासकर पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है. इसके साथ ही कुछ इलाकों में गरज-चमक और बिजली गिरने का खतरा भी बना रहेगा. मौसम विभाग के अनुसार, पूर्वी उत्तर प्रदेश में 16 से 21 अगस्त तक कई स्थानों पर बारिश का दौर जारी रह सकता है. वहीं, बिहार में फिलहाल कुछ जगहों पर बारिश हो रही है, लेकिन 17 अगस्त से बारिश की गतिविधियां और बढ़ सकती हैं. 17 से 20 अगस्त के दौरान राज्य के कई हिस्सों में व्यापक बारिश होने की संभावना है. इस दौरान कुछ जगहों पर भारी बारिश भी हो सकती है.

पहाड़ी राज्यों में भी बारिश का दौर जारी

हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर समेत पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में भी बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है. 16 अगस्त को हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ इलाकों में तेज बारिश हो सकती है. वहीं, उत्तराखंड में 16 से 17 अगस्त के दौरान बहुत भारी बारिश का अनुमान है. पहाड़ी इलाकों में भारी बारिश के कारण सड़कें प्रभावित होने, भूस्खलन और नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने जैसी समस्याएं सामने आ सकती हैं.

मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में भी बारिश

मध्य भारत में भी मॉनसून सक्रिय रहेगा. छत्तीसगढ़ और पूर्वी मध्य प्रदेश में 16 से 21 अगस्त तक कई इलाकों में बारिश होने की संभावना है. 16 अगस्त को भी इन राज्यों के कुछ हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है. विदर्भ में 16 से 18 अगस्त तक व्यापक बारिश का अनुमान है. पश्चिमी मध्य प्रदेश में भी 16 से 17 अगस्त के बीच कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है.

दक्षिण-पश्चिम भारत में भी बरसेंगे बादल

महाराष्ट्र के कोंकण और गोवा में 16 से 21 अगस्त तक व्यापक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है. मध्य महाराष्ट्र में भी कई स्थानों पर बारिश हो सकती है. गुजरात क्षेत्र में 16 अगस्त को व्यापक बारिश के साथ कुछ जगहों पर भारी बारिश होने का अनुमान है. इसके अलावा दक्षिण भारत के कई राज्यों में भी अगले कुछ दिनों तक बारिश जारी रहेगी. तटीय कर्नाटक, केरल और माहे में भारी बारिश की संभावना है. वहीं तमिलनाडु, पुडुचेरी, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, कर्नाटक और रायलसीमा में भी कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है.

मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह

बारिश के साथ समुद्री इलाकों में भी मौसम खराब रहने की संभावना है. पश्चिम बंगाल, ओडिशा और बांग्लादेश के तट के आसपास 16 से 19 अगस्त तक समुद्र में तेज हवाएं और खराब मौसम रह सकता है. गुजरात तट के पास भी 16 से 18 अगस्त के दौरान समुद्री परिस्थितियां खराब रहने की संभावना है. ऐसे में मछुआरों को मौसम विभाग की चेतावनी को ध्यान में रखते हुए समुद्र में जाने से बचने की सलाह दी गई है. 

MORE NEWS

Read more!